Aaj ka Mausam 31 December 2024: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक मौसम अपने रंग दिखा रहा है। खासकर, नॉर्थ इंडिया में सर्दी के सितम से हाल बेहाल है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा-पंजाब, मध्यप्रदेश और राजस्थान में शीतलहर का प्रकोप जारी है। इनमें से दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश में बारिश ने मौसम को खतरनाक बना दिया है। उधर, पहाड़ी राज्यों कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड़ और शिलॉग में भारी बर्फबारी से जनजीवन आसामान्य हो गया है। सड़क यातायात के साथ रेलवे ट्रैक बाधित हैं, जिससे यात्रियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इधर, उत्तर के राज्यों में बारिश के बाद शीतलहर और तेज हवाओं में कहर बरपा रखा है। आसमाम में कोहरे की धुंध छाई है, जिससे रेल संचालन में भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मध्य प्रदेश, दिल्ली और यूपी के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि से तापमान में भारी गिरावट देखी जा रही है। आईएमडी के मुताबिक, बादलों के छटने से न्यूनतम तापमान तेजी के साथ लुढकेगा। नए साल तक कई राज्यों में पाले की दस्तक होने वाली है। आइये जानते हैं किस राज्य में कितनी सर्दी है?
कश्मीर में भारी बर्फबारी
कश्मीर में भारी बर्फबारी का दौर जारी है। हालांकि, रविवार से जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। उड़ानों का संचालन फिर से शुरू हो गया है और यातायात के लिए कई सड़कें साफ की जा चुकी हैं। हालांकि, यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर बनिहाल और काजीगुंड के बीच, जहां सड़कें फिसलन भरी हैं। भारी बर्फ जमा होने के कारण मुगल रोड और सिंथन दर्रे समेत कई प्रमुख मार्ग अभी भी बंद हैं। शनिवार को हुई बर्फबारी से हवाई, रेल और सड़क यातायात पर काफी असर पड़ा। मौसम कार्यालय के अनुसार, पड़ोसी राज्य पंजाब और हरियाणा में, कई स्थानों पर सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई। हरियाणा में अधिकांश स्थानों पर दिन में कड़ाके की ठंड रही।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी
इधर, पंजाब-हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है। उधर, हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। कल्पा व कुफरी में सबसे अधिक बर्फ गिरी। नारकंडा, केलांग और राज्य के ऊंचाई वाले अन्य स्थानों में कई दिनों में बर्फ की चादर दिखाई दे रही है, जिसका सैलानी आनंद ले रहे हैं।
राजस्थान में मौसम का ताजा अपडेट
राजस्थान के कुछ स्थानों पर रविवार को हल्की बारिश हुई। कई स्थानों पर घना कोहरा छाया हुआ है। जयपुर, जोधपुर समेत अन्य जिलों में तापमान तेजी के साथ लुढ़क रहा है। आने वाले सप्ताह में सर्दी अपने चरम पर होगी। । राज्य के पश्चिमी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। राज्य में सबसे अधिक तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सिरोही में 4.1 डिग्री, सीकर में 5.7 डिग्री, फतेहपुर में 6.2 डिग्री, चूरू और श्रीगंगानगर में 6.4 डिग्री, अजमेर में 6.9 डिग्री, पिलानी में सात डिग्री तथा संगरिया एवं जालौर में 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी दिनों में कड़ाके की सर्दी पड़ने और न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट होने की संभावना जताई है।
हरियाणा में मौसम का हाल
हरियाणा के अंबाला में रविवार को अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 13.6 डिग्री, करनाल में 13 डिग्री, रोहतक में 12.2 डिग्री, सिरसा में 13.4 डिग्री और गुरुग्राम में 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब में अमृतसर में दिन का तापमान 16.7 डिग्री और लुधियाना में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है।
दिल्ली में आज का मौसम
दिल्ली में सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 और 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सोमवार को घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 और 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिल्ली में रविवार को शाम चार बजे 24 घंटे का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 225 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है, जबकि राजधानी में शनिवार को एक्यूआई ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज किया गया था। दिल्ली के 28 निगरानी स्टेशन में से आनंद विहार, सिरीफोर्ट और विवेक विहार में एक्यूआई 300 से अधिक दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
उत्तराखंड में हिमस्खलन का ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड के चमोली जिले में 3,000 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर हिमस्खलन के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया। यह अलर्ट रविवार शाम पांच बजे से सोमवार शाम पांच बजे तक 24 घंटे की अवधि के लिए है। डीएम चमोली को एहतियात बरतने के निर्देश हैं।
यूपी में कोहरे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के 60 जिलों में सुबह से कोहरा छाया हुआ है। 100 से 200 मीटर तक दृश्यता वाला घना कोहरा वाहनों की स्पीड पर ब्रेक लगा रहा है। बारिश के बाद रविवार दिनभर तेज हवाएं जारी रहीं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबित, नए साल से प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट देखी जाएगी। 30 दिसंबर को पश्चिमी यूपी के ज्यादातर जिले, बुंदेलखंड, अवध समेत पूर्वांचल के कुछ जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिण भारत का मौसम
हालांकि, दक्षिण के राज्यों में तापमान सामन्य है। तमिलनाडु में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। कमोबेश यही अन्य दक्षिणी राज्यों का है। उधर, मुंबई में दिन में लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है।
