देश

'धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए एक सनातन बोर्ड बनाया जाए' बोले कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर

हिन्दू राष्ट्र की मांग पर जोर देते हुए ठाकुर ने कहा कि अगर हमें इस देश को सुरक्षित रखना है तो हिन्दू राष्ट्र घोषित होना चाहिए। हमें अपनी अगली पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए अब यह कदम उठाना होगा। अगर अब हम यह कदम नहीं उठाते हैं, तो भविष्य में यह संभव नहीं होगा।

Image

कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर

कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने रविवार को आईएएनएस से बातचीत करते हुए सनातन की रक्षा के लिए एक सनातन बोर्ड के गठन की मांग की। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड के माध्यम से मुस्लिम समुदाय के धार्मिक मामलों का संचालन होता है, वैसे ही सनातन धर्म के लिए भी एक बोर्ड की स्थापना जरूरी है, ताकि हिन्दू धर्म और संस्कृति की रक्षा की जा सके।

देवकीनंदन ठाकुर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि वक्फ बोर्ड की तर्ज पर सनातन बोर्ड का गठन किया जाए। धर्माचार्यों का मुख्य कार्य अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा करना है। आज हमारे मंदिरों पर आक्रमण हो रहा है और मंदिरों के पैसों का दुरुपयोग किया जा रहा है। इन पैसों का इस्तेमाल सरकार ने किस काम में किया, यह भी हमें नहीं बताया जाता। हमारे भगवानों को अपमानित किया जा रहा है और हमें इसका विरोध करना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि हिन्दू धर्म के प्रतीकों और पूजा पद्धतियों को सरकार के संरक्षण में कमजोर किया जा रहा है। उनका कहना था कि हमारे धर्म को भ्रष्ट किया जा रहा है और प्रसाद के नाम पर उसे अपवित्र किया जा रहा है। इस स्थिति के समाधान के लिए सनातन बोर्ड का गठन बेहद आवश्यक है। जब तक सनातन बोर्ड का गठन नहीं होता, हम शांत नहीं बैठेंगे।

वक्फ बोर्ड के गठन पर सवाल उठाते हुए देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि वह कौन लोग हैं जिन्होंने भारत में वक्फ बोर्ड बनाया, जबकि पाकिस्तान में सनातन बोर्ड क्यों नहीं बनाया गया? वक्फ बोर्ड का उद्देश्य था भारत में मुस्लिम समुदाय के धार्मिक मामलों का संचालन करना लेकिन हिन्दू समुदाय को साजिश के तहत दबाया गया। उन्होंने आगे कहा कि देश में हिंदुओं के अधिकारों का लगातार उल्लंघन हो रहा है। जब से देश स्वतंत्र हुआ है, हिंदुओं का दमन हो रहा है, क्या हम चुप रहेंगे? जब हमारी बहन-बेटियों की इज्जत लूटी जा रही हो या हमारे मंदिरों को नष्ट किया जा रहा हो?

देवकीनंदन ठाकुर ने आगे कहा कि प्रयागराज में 27 जनवरी को महाकुंभ के दौरान धर्म संसद आयोजित की जाएगी, जिसमें हिन्दू धर्म के मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भगवान के चिन्ह मिलेंगे, उन सभी स्थानों को वापस लिया जाएगा। हम कोर्ट से न्याय की मांग कर रहे हैं, अगर मुस्लिम समुदाय भाईचारा चाहता है तो वह हमें वह जगह दे दे जहां भगवान के चिन्ह मिले हैं।

जनसंख्या नियंत्रण कानून की आवश्यकता पर बल देते हुए ठाकुर ने कहा कि चीन में जनसंख्या नियंत्रण की नीति लागू की गई है और भारत में भी इसे लागू किया जाना चाहिए। हम मानते हैं कि हम दो, हमारे दो और जब तक यह नियम सभी लोग नहीं मानते, तब तक हिन्दुओं को तीन-तीन, चार-चार बच्चे करने चाहिए, ताकि देश सुरक्षित रहें।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article