देश

जर्मनी से भारत आ रहा था लुफ्थांसा का विमान, बीच रास्ते से दिया गया लौटा; हैदराबाद में नहीं मिली उतरने की इजाजत

लुफ्थांसा एयरलाइंस का एक विमान जो हैदराबाद के लिए जर्मनी से उड़ान भरा था, उसे वापस जर्मनी ही भेज दिया गया है। लुफ्थांसा एयरलाइंस के इस विमान को हैदराबाद में उतरने की अनुमति नहीं मिली।

Image

लुफ्थांसा के प्लेन को हैदराबाद में नहीं मिली लैंडिंग की इजाजत (फाइल फोटो-Lufthansa)

जर्मनी से भारत आ रहे लुफ्थांसा के एक विमान को भारत में उतरने की इजाजत नहीं मिली, जिसके बाद वो फ्लाइट वापस जर्मनी लौट गई। उड़ान संख्या एलएच752 रविवार को स्थानीय समयानुसार अपराह्न दो बजकर 14 मिनट पर जर्मनी से रवाना हुई थी और इसे सोमवार तड़के हैदराबाद के राजीव गांधी अंतररार्ष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरना था, लेकिन उड़ान की ट्रैकिंग जानकारी से पता चला कि उड़ान के कुछ घंटे बाद ही इसका मार्ग परिवर्तित हो गया।

नहीं मिली अनुमति

विमान में सवार एक यात्री ने फ्रैंकफर्ट हवाई अड्डे से पीटीआई को बताया कि उन्हें रातभर ठहरने की व्यवस्था दी गई है क्योंकि उनकी उड़ान सोमवार सुबह के लिए पुनर्निर्धारित की गई है। अमेरिका से हैदराबाद अपनी मां से मिलने जा रही एक महिला यात्री ने कहा- "हम लगभग 15 मिनट पहले ही फ्रैंकफर्ट वापस उतरे हैं और हमें केवल यही बताया गया है कि हैदराबाद में इस उड़ान को उतरने की अनुमति नहीं दी है।"

वापस फ्रैंकफर्ट में हुई लैंडिंग

लुफ्थांसा की ओर से इस उड़ान के रद्द होने के कारण और आगे की जानकारी के लिए संपर्क किया गया है, जबकि फ्रैंकफर्ट हवाई अड्डे के एक प्रवक्ता ने पुष्टि की कि उड़ान संख्या एलएच752 जर्मनी वापस आ चुकी है। प्रवक्ता ने कहा, "हम पुष्टि कर सकते हैं कि यह उड़ान फ्रैंकफर्ट हवाई अड्डे पर लौट आई है।"

लुफ्थांसा एयरलाइंस ने क्या कहा

लुफ्थांसा एयरलाइंस ने एएनआई को बताया कि हमें हैदराबाद में उतरने की अनुमति नहीं मिली थी और इसीलिए विमान ने यू-टर्न लिया और वापस लौट आया।

बम की मिली थी धमकी

हैदराबाद हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि विमान अपने मूल स्थान (जर्मनी) पर वापस लौट गया है, उन्होंने बताया कि जब विमान भारतीय हवाई क्षेत्र के बाहर था, तब बम की धमकी मिली थी। जिसके कारण उसे लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article