देश

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में गुजरात की बड़ी सफलता; 70 फीसद नागरिकों का हुआ पंजीकरण

गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत गुजरात ने 70 फीसदी नागरिकों यानी 4.77+ करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट के तहत पंजीकरण करा कर महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल किया है। एबीडीएम के तहत अब तक 2.26 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सफलतापूर्वक डिजिटल रूप से लिंक किया जा चुका है।

Image

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन

Photo : Times Now Digital

गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत गुजरात ने 70 फीसदी नागरिकों यानी 4.77+ करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) के तहत पंजीकरण करा कर महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल किया है। आयुष्मान भारत दिवस के मौके पर राज्य सरकार द्वारा यह उपलब्धि साझा की गई है। प्रधानमंत्री मोदी के डिजिटल भारत दृष्टिकोण को साकार करते हुए मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में हेल्थ रिकॉर्ड्स के डिजिटलाइजेशन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट

बता दें कि आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) एक डिजिटल स्वास्थ्य पहचान है, जिसे नागरिकों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड्स को एकीकृत और सुरक्षित रूप से स्टोर करने के लिए विकसित किया गया है। इसके तहत नागरिकों को एक डिजिटल हेल्थ आईडी दी जाती है, जिससे उनका स्वास्थ्य रिकॉर्ड ऑनलाइन सुरक्षित रहता है। यह प्रणाली डेटा सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करती है और जानकारी केवल नागरिक की अनुमति से साझा की जा सकती है।

42,000 पेशेवर भी पंजीकृत

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत अब तक 2.26 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सफलतापूर्वक डिजिटल रूप से लिंक किया जा चुका है। साथ ही, इस मिशन के अंतर्गत 17,800 से ज्यादा स्वास्थ्य सुविधाओं का भी पंजीकरण पूरा हो चुका है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता में सुधार हो रहा है। इसके अलावा, 42,000 से अधिक स्वास्थ्य पेशेवरों ने भी अपने पंजीकरण को पूरा कर डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से जुड़ने की प्रक्रिया को सुनिश्चित किया है।

भावनगर ABDM माइक्रोसाइट का देश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

देश के 100 ABDM माइक्रोसाइट प्रोजेक्ट्स के क्रियान्वयन में गुजरात के भावनगर माइक्रोसाइट ने देशभर में सर्वोत्तम प्रदर्शन किया है। भारत सरकार द्वारा निर्धारित 9 महीने की समय-सीमा से भी पहले ही भावनगर माइक्रोसाइट ने अपने सभी माइलस्टोन्स को पूरा कर लिया। इतना ही नहीं, भावनगर माइक्रोसाइट 2 लाख से ज्यादा स्वास्थ्य रिकॉर्ड लिंक करने वाला देश का पहला माइक्रोसाइट भी बन गया है। साथ ही, गुजरात के अन्य तीन प्रमुख माइक्रोसाइट्स अहमदाबाद और सूरत ने भी हाल ही में अपने सभी माइलस्टोन्स को पूरा कर लिया है, और राजकोट माइक्रोसाइट भी अपने सभी लक्ष्यों को पूरा करने के काफी समीप है।

गौरतलब है कि 27 सितंबर 2021 को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत निजी स्वास्थ्य पेशेवरों और संस्थानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के लिए ABDM माइक्रोसाइट पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत अहमदाबाद, सूरत और मुंबई में हुई थी। इस परियोजना के उत्साहजनक परिणामों के बाद अब देशभर में 100 ABDM माइक्रोसाइट्स लागू की जा चुकी हैं।

OPD अनुभव हुआ सरल और सहज

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत, 'स्कैन और शेयर' सुविधा से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और प्रक्रिया में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है। यह सुविधा पंजीकृत नागरिकों को राज्य के 19 मेडिकल कॉलेज संलग्न अस्पतालों में उपलब्ध कराई गई है। मरीज अब सिर्फ एक QR कोड स्कैन करके आसानी से अपनी ओपीडी का टोकन नंबर प्राप्त कर सकते हैं।

साथ ही, डॉक्टरों को मरीज की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) से जुड़ी सभी डिजिटल स्वास्थ्य जानकारी तुरंत उपलब्ध हो जाती है। QR कोड 'स्कैन और शेयर' सुविधा ने न केवल मरीजों के अनुभव को बेहतर किया है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की प्रक्रिया को भी अधिक कुशल और प्रभावी बना दिया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article