Tahawwur Rana extradition: 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा को एक विशेष विमान की मदद से अमेरिका से दिल्ली लाया गया जिसके तत्काल बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकी राणा को गिरफ्तार कर लिया है।
अब होगी मेडिकल जांच
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहव्वुर राणा को एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच एनआईए मुख्यालय लेकर जाया जाएगा, जहां कानूनी प्रक्रिया के तहत एनआईए की टीम उसका मेडिकल कराएगी। तहव्वुर राणा को एनआईए मुख्यालय लाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने तीन रूट तैयार किए हैं।
एक रूट जिससे आतंकी तहव्वुर राणा को लाया जा रहा है। ऐसे में अगर कोई समस्या आती है तो वैकल्पिक रूटों से लाया जा सकेगा। तहव्वुर राणा को लाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर तो नहीं बनाया गया है, लेकिन रूट के सभी सिग्नलों को ग्रीन किया जाएगा। पालम एयरपोर्ट से एनआईए हेडक्वार्टर तक का सफर 17 किमी का है।
तिहाड़ जेल में रहेगा तहव्वुर राणा
तहव्वुर राणा को तिहाड़ जेल में रखा जाएगा। सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि 64 वर्षीय तहव्वुर राणा दिल्ली की तिहाड़ जेल में एक हाई सुरक्षा वार्ड में रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि आतंकवादी को रखने के लिए जेल में सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही कर ली गई हैं।
विशेष विमान से लाया गया दिल्ली
मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा को लेकर एक विशेष चार्टर्ड विमान के जरिए अमेरिका से भारत के लाया गया। विमान ने 9 अप्रैल को अमेरिका से उड़ान भरी थी, जो 10 अप्रैल दिन गुरुवार को दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। बता दें कि 2008 के मुंबई आतंकी हमले में 166 लोग मारे गए थे।
कौन है तहव्वुर राणा?
राणा (64) पाकिस्तान में जन्मा कनाडाई नागरिक है और 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी का करीबी सहयोगी है। उसका जन्म पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के साहीवाल जिले के चिचावतनी शहर में हुआ था। पाकिस्तान में चिकित्सा की पढ़ाई करने के बाद उसने पाकिस्तानी सेना की मेडिकल कोर में काम किया।
राणा 1990 के दशक के अंत में पाकिस्तानी सेना छोड़कर कनाडा चला गया और बाद में उसे कनाडा की नागरिकता मिल गई। उसने अपने ‘फर्स्ट वर्ल्ड इमिग्रेशन सर्विसेज’ उद्यम के माध्यम से आव्रजन सेवा प्रदाता का अपना व्यवसाय शुरू किया। इसके बाद राणा अमेरिका चला गया और शिकागो में अपना कार्यालय स्थापित किया।
