देश

दिल्ली में 8 जून को होगी इंडिया ब्लॉक की बैठक, सरकार को घेरने की रणनीति बनाएंगे 15 विपक्षी दल

रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि राजधानी स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में विपक्षी दलों की कम से कम 15 पार्टियां बैठक में शामिल होंगी। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, 'गठबंधन के भविष्य और देश में मौजूदा हालात से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

Image

आठ जून को दिल्ली में विपक्षी दलों की बैठक।

Photo : PTI

INDIA bloc meeting in Delhi : विपक्षी ’इंडिया’ गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक यहां आठ जून को होने की संभावना है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार को घेरने और विपक्षी एकजुटता को फिर से प्रदर्शित करने की संयुक्त रणनीति पर चर्चा की जाएगी। सूत्रों ने यह जानकारी दी। बैठक में करीब 15 विपक्षी दलों के प्रतिनिधि भाग ले सकते हैं।

राहुल, ममता, उद्धव, अखिलेश यादव ले सकते हैं हिस्सा

यह बैठक हाल में संपन्न राज्य विधानसभा चुनावों में 'इंडिया’ गठबंधन के दो प्रमुख घटक दलों तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की क्रमश: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में हार की पृष्ठभूमि में आई है। सूत्रों ने बताया कि बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, शिवसेना (उबाठा) नेता उद्धव ठाकरे और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आदि के भाग लेने की उम्मीद है।

इन मुद्दों पर चर्चा करेंगे विपक्षी दल

रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि राजधानी स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में विपक्षी दलों की कम से कम 15 पार्टियां बैठक में शामिल होंगी। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, 'गठबंधन के भविष्य और देश में मौजूदा हालात से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा पेपर लीक, महंगाई, ईंधन की बढ़ती कीमतें और आर्थिक चुनौतियों जैसे वर्तमान मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है।'

इंडिया गठबंधन के भविष्य को लेकर उठ रहे सवाल

हालिया विधानसभा चुनावों के बाद, जिनमें पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को पराजित किया, तमिलनाडु में कांग्रेस ने अपने लंबे समय के सहयोगी डीएमके का साथ छोड़कर टीवीके के साथ हाथ मिला लिया और केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ ने एलडीएफ को हरा दिया, ऐसे में इंडिया गठबंधन के भविष्य को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। इस पृष्ठभूमि में होने वाली बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। नीट पेपर लीक को लेकर विपक्ष सरकार पर काफी हमलावर है। विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र का इस्तीफा मांग रहा है। पेपर लीक के लिए राहुल गांधी सीधे पीएम मोदी जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article