देश

ईडी अधिकारियों पर हमले में 12 गिरफ्तार, 300 लोगों पर केस; विजयन के आवास पर छापे के बाद भड़की थी हिंसा

केरल के पूर्व सीएम पिनराई विजयन के आवास पर छापा मारने गई प्रवर्तन निदेशालय की टीम पर हमले के मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। ईडी की एफआईआर के बाद अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Image

प्रवर्तन निदेशालय की जांच टीम पर हमला।

केरल में पूर्व सीएम पिनराई विजयन के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED)अधिकारियों पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह हमला उस समय हुआ था जब ED की टीम पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के किराये के आवास पर तलाशी अभियान चलाकर लौट रही थी।

पुलिस के मुताबिक, मामले में पुलिस ने कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है,जिनमें स्थानीय सीपीआईएम नेता आई पी बीनू भी शामिल हैं। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। राज्य पुलिस प्रमुख रवाडा ए चंद्रशेखर ने गृह मंत्री रमेश चेथिल्ला से मुलाकात कर मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और हिंसा में शामिल कई अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है।

300 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

इस मामले में करीब 300 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराएं लगाई गई हैं,जिनमें गैरकानूनी जमावड़ा,दंगा,सरकारी कर्मचारियों पर हमला,रास्ता रोकना और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

ईडी अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों पर लाठी,पत्थर और ईंटों से हमला

ये हिंसा तब भड़की जब बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी छापेमारी की कार्रवाई पूरी कर परिसर से बाहर निकल रहे थे। कथित तौर पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ता विजयन के किराए के आवास के बाहर एकत्र हुए और छापेमारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने ईडी के अधिकारियों को ले जा रहे वाहन का रास्ता रोक दिया और उस पर पथराव किया। मामले को लेकर दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि भीड़ ने ईडी अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों पर लाठी,पत्थर और ईंटों से हमला किया। इस दौरान एक अधिकारी के हाथ में चोट आई,जबकि एक वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हुआ। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना के दौरान जिस वाहन को निशाना बनाया गया उसमें महिला अधिकारी भी सवार थीं।

ड्राइवर ने बयां की भयावह दास्तां

ईडी अधिकारियों की गाड़ी चला रहे चालक लालू ने घटना की भयावहता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की घटना की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि अगर पहले अंदेशा होता तो वह वाहन को वहां से हटा सकते थे। लालू ने बताया कि गाड़ी को करीब तीन से पांच लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है।

क्यों छापा मारने पहुंची थी ईडी की टीम

ED की यह कार्रवाई विजयन की बेटी वीना टी की कंपनी और एक रेत खनन कंपनी के बीच कथित वित्तीय लेनदेन से जुड़े CMRL मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई थी। बुधवार को ED ने केरल में कुल 10 स्थानों पर छापेमारी की थी, जिनमें तिरुवनंतपुरम स्थित विजयन का किराये का आवास और कन्नूर स्थित उनका स्थायी घर भी शामिल था।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article