SDRF Boats Capsize in Telangana: तेलंगाना के खम्मम जिले में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा सामने आया। यहां बेथुपल्ली झील में फंसे हुए कुछ मछुआरों को बचाने के लिए गए स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) के दो नावें अचानक पलट गईं। इस दुर्घटना में SDRF के करीब 10 कर्मियों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया। युद्धस्तर पर बचाव और तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
तेलंगाना में डूबी एसडीआरएफ की नावें (AI Image)
घटना कहां और कैसे हुई?
यह हादसा खम्मम जिले के साथुपल्ली मंडल में स्थित बेथुपल्ली झील में हुआ। झील में कुछ मछुआरे पानी के तेज बहाव के बीच फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए SDRF की टीमें दो नावों से उतरी थीं। इसी दौरान तेज धाराओं के बीच नावें पलट गईं।
चक्रवात और भारी बारिश का असर
आंध्र प्रदेश की सीमा से लगे खम्मम जिले में ‘मुरुसु’ चक्रवात और भारी बारिश के चलते जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है, जिससे बचाव कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खम्मम जिला कलेक्टर दिवारा टी.एस. और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। गोताखोरों और अतिरिक्त टीमों को लापता जवानों की तलाश में लगाया गया है।
रेवंत रेड्डी ने दिए बचाव अभियान के निर्देश
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना का संज्ञान लेते हुए जिला कलेक्टर को लापता कर्मियों को सुरक्षित ढूंढने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्य सचिव संजय जाजू को स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा है। राज्य के राजस्व मंत्री पोंगुलिटी श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि बचाव दलों ने लापता SDRF कर्मियों के संभावित स्थान की पहचान कर ली है और उन्हें जल्द सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने एक्स (X) पर पोस्ट कर बताया कि स्थिति पर केंद्र सरकार की भी नजर है और भारतीय राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमों को भी राहत कार्यों के लिए तैनात कर दिया गया है।
अब तक का अपडेट
ये मामला साथुपल्ली मंडल के बेथुपल्ली झील का है, जहां मुरुसु चक्रवात और भारी बारिश के कारण पानी का तेज बहाव बना हुआ है। झील के बीचों-बीच फंसे मछुआरों को निकालने उतरी SDRF की टीमें उस वक्त हादसे का शिकार हो गईं जब उनकी दोनों नावें अचानक पलट गईं। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत सक्रिय कर दिया है। जिला कलेक्टर और NDRF की टीमें मौके पर मौजूद हैं और लापता जवानों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। राज्य के मंत्री लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
