World Tuberculosis Day, विश्व टी बी दिवस, क्षय रोग दिवस क्यों मनाते हैं: हर साल 24 मार्च को विश्व क्षय रोग दिवस (World Tuberculosis Day) मनाया जाता है। यह दिन लोगों को टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करने, और इस बीमारी को खत्म करने के प्रयासों पर जांच करने के लिए समर्पित है। इसी दिन 1882 में वैज्ञानिक रॉबर्ट कोच ने टीबी के जीवाणु माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस की खोज की थी। इस खोज ने टीबी के इलाज और रोकथाम के रास्ते खोले, इसलिए यह दिन खास महत्व रखता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की 2024–25 रिपोर्ट के अनुसार, साल 2024 में दुनिया भर में करीब 1.07 करोड़ लोग टीबी से बीमार हुए। यह अभी भी एक बहुत खतरनाक संक्रामक बीमारी है। हर साल लगभग 12 से 13 लाख लोगों की इससे मौत होती है, जिनमें सबसे ज्यादा मरीज भारत में पाए जाते हैं। ऐसे में वैश्विक स्तर पर टीबी दिवस मनाना और जनता को इससे प्रति जागरुक करना बेहद अनिवार्य बन जाता है। आज विश्व क्षय रोग दिवस के दिन पढ़ें टीबी दिवस क्यों मनाते हैं, टीबी के लक्षण और बचाव के तरीके क्या हैं।
टीबी क्या है और कैसे फैलती है?
टीबी एक संक्रामक रोग है, जो मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करता है। यह हवा के जरिए फैलता है। जब कोई संक्रमित व्यक्ति खांसता, छींकता या बोलता है, तो उसके मुंह से निकलने वाले कणों के साथ यह बैक्टीरिया दूसरे व्यक्ति तक पहुंच सकता है। कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों में इसका खतरा अधिक होता है। कई लोगों को लगता है कि, टीबी की बीमारी छूने से भी फैलती है, हालांकि ऐसा नहीं है।
टीबी के प्रमुख लक्षण क्या है, Symptoms of TB
टीबी के लक्षण धीरे-धीरे दिखाई देते हैं, इसलिए इसे पहचानना जरूरी है। अगर आपको या आपके आस पास किसी को यह लक्षण दिखते हैं, तो ये टीबी का खतरा पैदा कर सकते हैं। इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें -
- लगातार 2 हफ्ते से अधिक खांसी
- बलगम या खून के साथ खांसी
- सीने में दर्द
- वजन कम होना
- बुखार और रात में पसीना आना
- कमजोरी और थकान
टीबी से बचाव के उपाय
टीबी का इलाज और इससे बचाव दोनों ही संभव है, बस थोड़ी सावधानी जरूरी है -
- खांसते या छींकते समय मुंह ढकें
- साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखें
- पौष्टिक आहार लें ताकि रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रहे
- टीबी के मरीज से दूरी बनाए रखें या मास्क का उपयोग करें
- समय पर जांच और पूरा इलाज कराना बहुत जरूरी है
टीबी का इलाज क्या है, Treatment of TB
टीबी का इलाज संभव है, लेकिन इसके लिए नियमित दवा लेना जरूरी होता है। बीच में दवा छोड़ने से बीमारी और खतरनाक हो सकती है। सरकार द्वारा मुफ्त इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। विश्व क्षय रोग दिवस हमें यह याद दिलाता है कि जागरूकता, सही जानकारी और समय पर इलाज से टीबी जैसी बीमारी को हराया जा सकता है। यदि हम सावधानी रखें और दूसरों को भी जागरूक करें, तो एक स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
