Murabba for Winters: सर्दियों में आंवले का मुरब्बा आपने कई बार खाया होगा, लेकिन आपने कभी अन्य तरह के फलों का मुरब्बा खाया है। अगर नहीं, तो इस सर्दी जरूर ट्राई करें। सर्दियों में तरह-तरह के पराठों के साथ इन मुरब्बों का सेवन करना बहुत ही अच्छा लगता है। साथ ही यह आपके स्वास्थ्य के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। दरअसल, मुरब्बे की तासीर गर्म होती है, जो सर्दियों में आपके शरीर को गर्म रख सकता है। इसके साथ ही यह कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होती है। आइए जानते हैं सर्दियों में आंवले के अलावा किन चीजों का खा सकते हैं मुरब्बा?
सर्दियों में खाएं ये 3 तरह के मुरब्बे
गाजर का मुरब्बा
सर्दियों में आपने गाजर का हलवा और अचार काफी बार खाया होगा, लेकिन इस सर्दी अपने शरीर को दुरुस्त रखने के लिए गाजर के मुरब्बे का सेवन करें। गाजर का मुरब्बा कई तरह के पोषक तत्वों जैसे- विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन के, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं, जो आपके शरीर को कई तरह की बीमारियों से सुरक्षित रख सकते हैं। नियमित रूप से गाजर के मुरब्बे का सेवन करने से आपके आंखों की रोशनी अच्छी होती है। साथ ही शरीर में आयरन की कमी को भी दूर किया जा सकता है।
अदरक का मुरब्बा
सर्दियों में इम्यून पावर को बूस्ट करने के लिए अदरक के मुरब्बे का सेवन करें। अदरक कई तरह के औषधीय गुणों से भरपूर होती है, जो आपको सर्दियों में होने वाली समस्याओं जैसे- गले में खराश, खांसी, जुकाम इत्यादि को दूर कर सकती है। अगर आप सर्दियों में संक्रमण से जुड़ी बीमारियों से बचना चाहते हैं तो अदरक का मुरब्बा जरूर ट्राई करें।
सेब का मुरब्बा
सर्दियों में होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए सेब का मुरब्बा खाएं। सेब फाइबर के साथ-साथ कई तरह के विटामिन्स और पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें मुख्य रूप से विटामिन ए, जिंक और कैल्शियम की अधिकता होती है, जो आपके समग्र स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। अगर आप सर्दियों में खुद को चुस्त और दुरुस्त रखना चाह रहे हैं तो सेब का मुरब्बा तैयार करके खाएं।
सर्दियों में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए इन मुरब्बों का सेवन किया जा सकता है। हालांकि, अगर आपको किसी भी चीज से एलर्जी की शिकायत है तो एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)
