हेल्थ

हीट और डायरिया का क्या है कनेक्शनस, गर्मी में क्यों बढ़ जाती है पेट की गड़बड़ और दस्त की समस्या

Why Diarrhoea Increases in Summer: क्या आपने कभी सोचा है गर्मियों में बार-बार पेट खराब, दस्त और उल्टी की समस्या क्यों बढ़ जाती है? बता दें इसका कारण सिर्फ खाना नहीं बल्कि बढ़ती गर्मी भी हो सकती है।

Image

गर्मी में क्यों बढ़ जाती है पेट की गड़बड़ और दस्त की समस्या

Why Diarrhoea Increases in Summer: गर्मी शुरू होते ही शरीर में कई तरह के बदलाव महसूस होने लगते हैं। प्यास ज्यादा लगती है, थकान जल्दी होती है और सबसे ज्यादा असर पड़ता है हमारे पेट पर। कई लोग इस मौसम में बार-बार पेट खराब, दस्त या गैस जैसी समस्याओं से परेशान रहते हैं। अक्सर हम इसे सिर्फ खाने-पीने की गलती मान लेते हैं, लेकिन असल में बढ़ती गर्मी का भी इसमें बड़ा रोल होता है। डॉक्टरों के मुताबिक, ज्यादा तापमान हमारे पाचन तंत्र को कमजोर कर देता है और इंफेक्शन का खतरा बढ़ा देता है। यही वजह है कि गर्मियों में डायरिया के मामले ज्यादा देखने को मिलते हैं। आइए समझते हैं इसका पूरा कनेक्शन।

ज्यादा गर्मी से पाचन क्यों हो जाता है कमजोर

जब मौसम बहुत गर्म होता है, तो शरीर का फोकस खुद को ठंडा रखने पर चला जाता है। ऐसे में पाचन प्रक्रिया थोड़ी धीमी पड़ जाती है। खाना ठीक से नहीं पचता और पेट भारी-भारी सा लगने लगता है। यही धीरे-धीरे पेट खराब होने की वजह बनता है।

गर्मी में बैक्टीरिया तेजी से क्यों फैलते हैं

आपने देखा होगा कि गर्मियों में खाना जल्दी खराब हो जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि गर्म तापमान बैक्टीरिया के बढ़ने के लिए परफेक्ट माहौल बनाता है। अगर ऐसा दूषित खाना खा लिया जाए, तो पेट में इंफेक्शन हो सकता है और फिर दस्त, उल्टी जैसी दिक्कतें शुरू हो जाती हैं।

पानी की कमी कैसे बढ़ा देती है परेशानी

गर्मी में शरीर से पसीने के जरिए काफी पानी निकल जाता है। अगर समय-समय पर पानी या तरल चीजें नहीं ली जाएं, तो शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है। इससे आंतों की काम करने की क्षमता पर असर पड़ता है और डायरिया की समस्या ज्यादा बढ़ सकती है।

गलत खानपान भी बनता है बड़ा कारण

इस मौसम में ठंडी चीजें, बर्फ वाले ड्रिंक्स और बाहर का खाना खाने का मन ज्यादा करता है। लेकिन यही आदतें पेट के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। खासकर सड़क किनारे मिलने वाला खाना साफ-सफाई के लिहाज से ठीक नहीं होता, जिससे इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।

गर्मी में पेट को ठीक रखने के आसान तरीके

अगर आप चाहते हैं कि गर्मी में पेट सही रहे, तो कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है। हमेशा ताजा और हल्का खाना खाएं, खूब पानी पिएं और हाथों की सफाई का ध्यान रखें। जितना हो सके बाहर का खाना कम करें और घर का बना सादा भोजन ही लें।

गर्मी का असर सिर्फ त्वचा या शरीर की थकान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे पेट पर भी सीधा असर डालती है। इसलिए समय रहते सावधानी रखना ही सबसे अच्छा तरीका है, ताकि आप इस मौसम में भी स्वस्थ और आरामदायक महसूस कर सकें।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article