हेल्थ

World AIDS Day 2025: 1 दिसंबर को ही क्यों मनाया जाता है एड्स दिवस, जानें क्या है 2025 की थीम

HIV/AIDS व्यक्ति के इम्यून सिस्टम को बेहद कमजोर कर देता है जिसके चलते शरीर मामूली से इन्फेक्शन से भी लड़ने में असमर्थ हो जाता है। 1 दिसंबर को विश्व एड्स दिवस मनाया जाता है इसके पीछे का कारण और क्या है इस साल की थीम इसके बारे में यहां डिटेल में बताया गया है।

Image

विश्व एड्स दिवस

World AIDS Day 2025: एड्स बेहद खतरनाक बीमारी है, जिसका अभी तक कोई इलाज नहीं है। विश्व एड्स दिवस हर साल 1 दिसंबर को मनाया जाता है। यह दिन HIV/AIDS के बारे में जागरूकता फैलाने और इससे प्रभावित लोगों का साथ देने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस मौके पर लोगों को यह समझाने का प्रयास किया जाता है कि HIV/AIDS का असर क्या है और नियमित जांच तथा इलाज कितनी जरूरी है।

क्यों चुना गया 1 दिसंबर का ही दिन

विश्व एड्स दिवस की शुरुआत 1988 में हुई थी। उस वक्त तय किया गया कि हर साल 1 दिसंबर को यह दिन मनाया जाएगा जिसके पीछे बड़ी वजह यह भी थी कि उस समय ना तो चुनाव होते थे और ना ही क्रिसमस की छुट्टियां होती थीं। यह तारीख बिल्कुल न्यूट्रल मानी गई, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों का ध्यान आसानी से इस मुद्दे की तरफ खींचा जा सके और जागरूकता बढ़ाई जा सके।

विश्व एड्स दिवस 2025 की थीम

हर साल की तरह इस बार भी विश्व एड्स दिवस के लिए एक खास थीम तय की गई है। इस साल की थीम है- 'Overcoming disruption, transforming the AIDS response' मतलब- 'रुकावटों को पार करके, एड्स के खिलाफ लड़ाई को और बेहतर बनाना।' यह थीम इसलिए चुनी गई है क्योंकि दुनिया ने 2030 तक एड्स को खत्म करने का बड़ा लक्ष्य रखा है। यह थीम हमें याद दिलाती है कि अब भी डर, गलतफहमियां और अधूरी जानकारी HIV से जुड़े कामों में बड़ी रुकावट बनी हुई है। जब तक हर इंसान को बराबर स्वास्थ्य सेवाएं, सही जानकारी और बेहतर अवसर नहीं मिलेंगे, तब तक HIV/AIDS को फैलने से रोकना मुश्किल रहेगा।

शुरुआत का सफर

एक समय था जब लोगों में एड्स से जुड़े गलतफहमियां और मिथक इतनी तेजी से फैल गए थे कि लोग सही बात समझ ही नहीं पाते थे। ऐसे माहौल में जरूरत थी कि दुनिया भर में लोगों को इस बीमारी के बारे में जागरूक किया जाए। इसी जरूरत को महसूस करते हुए जेम्स डब्ल्यू बुन और थॉमस नेटर ने सोचा कि क्यों ना एक ऐसा दिन मनाया जाए जो पूरी दुनिया में एड्स के बारे में सही जानकारी फैलाने के लिए समर्पित हो। उनका उद्देश्य था कि लोग इस खतरनाक बीमारी को समझें, इससे जुड़े डर को छोड़ें और जागरूक होकर अपनी वा दूसरों की सुरक्षा कर सकें।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article