Sleep Is Importance For Body Detox In Hindi: आजकल सोशल मीडिया पर डिटॉक्स डाइट, जूस क्लेंज़ और तरह-तरह के हेल्थ ड्रिंक्स का खूब ट्रेंड है। लोग सोचते हैं कि शरीर की सफाई सिर्फ खास डाइट से ही हो सकती है। लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स साफ कहते हैं कि असली और सबसे ताकतवर डिटॉक्स रात में होता है - जब हम गहरी नींद लेते हैं। जी हां, 7-8 घंटे की अच्छी नींद शरीर के लिए किसी भी महंगी डिटॉक्स डाइट से ज्यादा असरदार हो सकती है। सवाल है कैसे? आखिर सोते समय ऐसा क्या होता है कि बॉडी खुद को अंदर से साफ करने लगती है? आइए आसान भाषा में समझते हैं कि अच्छी नींद किस तरह हमारे शरीर और दिमाग की सफाई करती है और क्यों इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
रात में एक्टिव होता है बॉडी का नेचुरल डिटॉक्स सिस्टम
डॉक्टर के मुताबिक, जब हम गहरी नींद में होते हैं तो शरीर का रिपेयर और क्लीनिंग सिस्टम तेज़ी से काम करता है। लिवर टॉक्सिन्स को तोड़ने और बाहर निकालने की प्रक्रिया को मजबूत करता है। यही वजह है कि जो लोग ठीक से नहीं सोते, उनमें थकान, स्किन प्रॉब्लम और सुस्ती ज्यादा देखने को मिलती है।
दिमाग की सफाई भी नींद में होती है
नींद सिर्फ शरीर को आराम नहीं देती, बल्कि दिमाग की भी सफाई करती है। सोते समय ब्रेन में जमा वेस्ट प्रोडक्ट्स को बाहर निकालने की प्रक्रिया तेज हो जाती है। अगर नींद पूरी न हो तो ये गंदगी जमा होने लगती है, जिससे फोकस कम होना, चिड़चिड़ापन और याददाश्त कमजोर होना जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
हार्मोन बैलेंस और मेटाबॉलिज्म में मदद
अच्छी नींद शरीर के हार्मोन को संतुलित रखने में अहम भूमिका निभाती है। जब आप 7-8 घंटे की नींद लेते हैं तो स्ट्रेस हार्मोन कंट्रोल में रहता है और मेटाबॉलिज्म सही तरीके से काम करता है। कम नींद लेने से वजन बढ़ना, शुगर लेवल गड़बड़ होना और थकावट जैसी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
इम्युनिटी होती है मजबूत
डॉक्टर बताते हैं कि नींद के दौरान शरीर इम्यून सेल्स को मजबूत करता है। यही सेल्स हमें इंफेक्शन और बीमारियों से बचाते हैं। अगर नींद पूरी नहीं होगी तो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर पड़ सकती है। इसलिए बार-बार बीमार पड़ने वालों को सबसे पहले अपनी नींद पर ध्यान देना चाहिए।
स्किन और एनर्जी पर दिखता है असर
कई लोग ग्लोइंग स्किन के लिए महंगे प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करते हैं, लेकिन असली ग्लो अच्छी नींद से आता है। जब शरीर अंदर से साफ होता है और सेल्स रिपेयर होते हैं, तो चेहरा भी ताजगी से भरा दिखता है। साथ ही सुबह उठने पर एनर्जी लेवल भी बेहतर रहता है।
डिटॉक्स डाइट से पहले नींद सुधारें
साफ है कि 7-8 घंटे की गहरी नींद शरीर का सबसे प्राकृतिक और असरदार डिटॉक्स है। बिना पर्याप्त नींद के कोई भी डिटॉक्स डाइट पूरी तरह काम नहीं कर सकती। इसलिए अगर आप सच में फिट और हेल्दी रहना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपनी नींद की आदत सुधारें। समय पर सोएं, स्क्रीन टाइम कम करें और रोज एक जैसा स्लीप शेड्यूल फॉलो करें।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
