Causes of Legs Pain in Female In Hindi : महिलाओं को अपनी सेहत का ख्याल रखने के लिए कुछ बातों का ख्याल ज्यादा रखना चाहिए। महिलाओं को अक्सर अपने शरीर में दर्द का अनुभव ज्यादा होता है। कमर में दर्द, पैरों में दर्द की समस्या ज्यादातर महिलाओं के साथ देखने को मिलती है। ऐसे तो ये सारी समस्याएं पुरुषों को भी हो सकती हैं, लेकिन महिलाओं में इसका प्रतिशत थोड़ा ज्यादा होता है। वहीं उम्र बढ़ने के साथ महिलाओं को इस तरह की समस्याओं का सामना और ज्यादा करना पड़ता है। महिलाओं की इस समस्या को लेकर हमने बात की शारदा हॉस्पिटल की सीनियर कंसल्टेंट - इंटरनल मेडिसिन डॉ. श्रेया श्रीवास्तव से...
महिलाओं के पैरों में क्यों होता है दर्द? - Leg Pain in Female In Hindi
डॉ. श्रेया श्रीवास्तव की मानें तो महिला या पुरुष किसी के भी पैरों में दर्द होना एक सामान्य बात है, लेकिन जब ये लगातार और तेज होने लगे तो सावधान होने की जरूरत है। डॉ. श्रेया की मानें तो वजन बढ़ना, हार्मोनल चेंजेस, विटामिन-डी जैसे पोषक तत्वों की कमी ये ऐसे कुछ बड़े कारण हैं, जो महिलाओं के पैरों में दर्द की वजह बन सकते हैं। आइए विस्तार से जानते हैं महिलाओं के पैरों में दर्द के 5 कारण...
महिलाओं के पैरों में दर्द के 5 कारण - 5 Reasons For Leg Pain In Women
1. गठिया
गठिया एक ऐसा रोग है, जो महिला और पुरुष दोनों को प्रभावित करता है। शरीर में बढ़ा हुआ यूरिक एसिड जोड़ों में जमा होकर गठिया जैसी दर्दनाक समस्या की वजह बन जाता है। गठिया होने पर जोड़ों में काफी दर्द होने लगता है। यदि आपको पैरों में दर्द है, तो अपना यूरिक एसिड लेवल जरूर चेक करा लें।
2. विटामिन-डी की कमी होना
शरीर में पोषक तत्वों की कमी होने पर आपके पैरों में दर्द महसूस होता है। महिलाओं के शरीर में सबसे ज्यादा विटामिन-डी की कमी देखने को मिलती है। जो पैरों में दर्द का एक बड़ा कारण हो सकती है। यदि आप काफी समय से पैरों में दर्द की समस्या झेल रही हैं, तो आपको विटामिन-डी से भरपूर डाइट लेनी चाहिए।
3. वजन बढ़ना
मोटापा हमारे लिए कई तरह की समस्याओं की वजह बनता है। मोटापा के कारण हमारे पैरों में भी दर्द महसूस हो सकता है। क्योंकि शरीर का वजन हमारे पैरों की ओर आता है। जिससे घुटनों और पैरों में दर्द की समस्या हो सकती है। यदि आपके पैरों में दर्द है और वजन बढ़ा हुआ है, तो आपको वेट लॉस की तरफ ध्यान देना चाहिए।
4. हार्मोनल बदलाव
महिलाओं के शरीर में हार्मोनल परिवर्तन काफी ज्यादा होता है। जो कई तरह की समस्याओं की वजह बनता है। एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन जैसे हार्मोन के उतार-चढ़ाव के कारण आपको पैरों में दर्द और ऐंठन की समस्या हो सकती है। महिलाओं में पीरियड्स के दौरान हार्मोन का ये परिवर्तन ज्यादा देखने को मिलता है। यही कारण है कि इस दौरान पैरों में दर्द की समस्या भी बढ़ जाती है।
5. प्रेग्नेंसी और मेनोपॉज
गर्भावस्था के दौरान अक्सर महिलाओं को अपने पैरों में दर्द की समस्या होने लगती है। क्योंकि इस दौरान महिलाओं का वजन बढ़ना, हार्मोनल परिवर्तन, ब्लड के फ्लो में बदलाव होता है। जिससे पैरों में दर्द और सूजन की समस्या हो सकती है। वहीं मेनोपॉज के दौरान शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन के स्तर में तेजी से गिरावट देखने को मिलता है। इससे भी पैरों में दर्द और ऐंठन की समस्या पैदा हो जाती है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
