हेल्थ

पीरियड्स में चेहरे पर दाने क्यों निकलते हैं, हार्मोन्स में बदलाव और स्किन हेल्थ का क्या है कनेक्शन

Periods Mein Pimples Kyon Hote Hain: पीरियड्स के समय चेहरे पर दाने निकलना महिलाओं की एक आम समस्या है। इसका कारण बाहरी नहीं, बल्कि शरीर के अंदर बदलते हार्मोन होते हैं। स्किन एक्सपर्ट बताती हैं कि मासिक धर्म चक्र के अलग-अलग चरणों में हार्मोन्स भी बदलते हैं और इसका त्वचा पर सीधी असर पड़ता है। जानिए दानों की असली वजह और त्वचा को स्वस्थ रखने के आसान उपाय।

Image

हार्मोन्स और स्किन हेल्थ का कनेक्शन (PC - AI)

Periods Mein Pimples Kyon Hote Hain: पीरियड्स के आसपास अचानक चेहरे पर दाने निकल आना, त्वचा का तैलीय हो जाना या फिर बेजान दिखना बहुत सी महिलाओं के लिए आम बात है। कई बार लगता है कि हमने कुछ गलत खा लिया या त्वचा की सही देखभाल नहीं की, लेकिन असल वजह शरीर के अंदर चल रहे हार्मोनल बदलाव होते हैं। स्वास्तम स्किन, दिल्ली की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. नीहारिका गोयल, कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट, अनुसार, मासिक धर्म चक्र के दौरान हार्मोन में होने वाले बदलावों का सीधा असर त्वचा पर पड़ता है।

हार्मोन क्या होते हैं और त्वचा से इनका रिश्ता

डॉ. नीहारिका बताती हैं कि हार्मोन हमारे शरीर में बनने वाले ऐसे रसायन होते हैं, जो शरीर के कई जरूरी काम संभालते हैं। महिलाओं में एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन नाम के हार्मोन त्वचा की सेहत से सीधे जुड़े होते हैं। मासिक धर्म चक्र के दौरान इन हार्मोनों का स्तर घटता-बढ़ता रहता है और उसी के अनुसार त्वचा का व्यवहार भी बदलता है।

पहला चरण

पीरियड्स के समय एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन दोनों का स्तर कम हो जाता है। इस कारण त्वचा रूखी, थकी हुई और बेजान नजर आ सकती है। कई महिलाओं को इस दौरान त्वचा में जलन, खुजली या ज्यादा संवेदनशीलता भी महसूस होती है। यही वजह है कि इन दिनों त्वचा को ज्यादा आराम और नमी की जरूरत होती है।

दूसरा चरण

पीरियड्स खत्म होने के बाद शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन बढ़ने लगता है। यह हार्मोन त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। इस समय त्वचा ज्यादा साफ, मुलायम और चमकदार दिखने लगती है। दाग-धब्बे हल्के नजर आते हैं और चेहरा अपने आप खिला-खिला लगता है।

तीसरा चरण

मासिक धर्म चक्र के बीच के समय में हार्मोन संतुलन में रहते हैं। यह वह दौर होता है जब त्वचा सबसे अच्छी स्थिति में होती है। चेहरे पर प्राकृतिक निखार आता है, रंगत सुधरती है और दानों की समस्या सबसे कम रहती है। इस समय त्वचा की देखभाल का असर भी जल्दी दिखता है।

चौथा चरण

पीरियड्स से पहले प्रोजेस्टेरोन हार्मोन बढ़ने लगता है और एस्ट्रोजन कम हो जाता है। इसका असर यह होता है कि त्वचा ज्यादा तैलीय हो जाती है। तैलीय त्वचा के कारण रोमछिद्र बंद होने लगते हैं और उसी वजह से चेहरे पर दाने, काले बिंदु और सूजन दिखाई देने लगती है।

सही दिनचर्या से हार्मोनल असर कैसे घटाएं

हार्मोन और मासिक धर्म चक्र का त्वचा पर गहरा प्रभाव पड़ता है, लेकिन सही खान-पान और दिनचर्या से इसे काफी हद तक कम किया जा सकता है। संतुलित भोजन, पर्याप्त पानी, पूरी नींद और सरल त्वचा देखभाल से हार्मोनल बदलावों का असर कम होता है। अपने शरीर के चक्र को समझकर सही समय पर देखभाल करना ही स्वस्थ और साफ त्वचा का सबसे आसान तरीका है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article