हेल्थ

Yoga For Back Pain: कमर दर्द ने कर रखा है परेशान, तो ये योगासन जल्द दिलाएंगे आराम

Yoga For Back Pain: गलत पोश्चर में बैठकर घंटों काम करने से इन दिनों ज्यादातर लोग कमर दर्द से परेशान हैं। ऐसे में इनसे छुटकारा पाने के लिए आप इन योगासन की मदद ले सकते हैं।

Image

Yoga For Back Pain

Yoga For Back Pain: कमर दर्द इन दिनों एक आम समस्या बन चुकी है। इससे ज्यादातर लोग परेशान रहते हैं। कमर दर्द की सबसे बड़ी वजह है घंटों एक जगह बैठे रहना या गलत बॉडी पॉश्चर में बैठकर काम करना। कमर दर्द की समस्या से छुटकारा पाने के लिए लोग कई तरह की दवाओं का सेवन करते हैं लेकिन फिर भी इस बीमारी का खात्मा नहीं होता है। ऐसे में आप योग की मदद से कमर दर्द की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। योग ना केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाता है। योग शारीरिक दर्द को धीरे-धीरे कम और फिर खत्म करने का काम करता है। इसी कड़ी में आज हम आपको कुछ ऐसे योगासन के बारे में बताने जा रहे हैं जिसकी मदद से आप कमर दर्द की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।

भुजंगासन

कमर दर्द से छुटकारा दिलाने में भुजंगासन बेहद कारगर योग है। इस आसन को कोबरा मुद्रा या कोबरा पोज भी कहते हैं। इस आसन को करने के लिए जमीन पर पेट के बल लेट जाएं। अब पैरों को आपस में मिलाएं और हथेलियों को सीने के पास कंधों की सीध में रखें। अब गहरी सांस लेते हुए शरीर के आगे के हिस्से को ऊपर की तरफ उठाएं। अपने दोनों हाथों को सीधा खड़ा रखें। करीब 15-20 सेकेंड के लिए इसी मुद्रा में रहें। नियमित रूप से ऐसा करने से आपको कमर दर्द से आराम मिल सकता है।

शलभासन

शलभासन योग की मदद से भी आप कमर दर्द से छुटकारा पा सकते हैं। इसके लिए पेट के बल लेट जाएं, फिर दोनों हथेलियों को जांघों के नीचे रखें। इसके बाद दोनों पैर की एड़ियों को आपस में जोड़कर अपने पैर के पंजे को सीधे रखें। अब धीरे-धीरे अपने पैरों को ऊपर उठाने की कोशिश करें। पैरों को ऊपर ले जाते वक्त गहरी सांस लें।

उष्ट्रासन

उष्ट्रासन करने के लिए सबसे पहले घुटनों के बल बैठ जाएं। रीढ़ की हड्डी को पीछे की तरफ झुकाते हुए दोनों हाथों से एड़ियों को छूने का प्रयास करें। इस योगासन को करने से भी कमर दर्द की समस्या से छुटकारा मिल सकता है।

( डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

TNN Health Desk
TNN हेल्थ डेस्क author

हेल्थ की फ़िक्र हर किसी को होती है। दुनियाभर में कई ऐसी बीमारियां हैं जिनके बारे में हम सभी नहीं जानते हैं, तो कुछ ऐसी बीमारियां हैं जिनसे हम अपने रोजमर्रा के जीवन में दो-चार होते रहते हैं। ऐसे में अगर आपको हेल्थ में रूचि है और बीमारियों के लक्षण और इलाज के बारे में जानना चाहते हैं तो आपको इस प्लेटफॉर्म पर ये सबकुछ एक साथ मिल जाएगा। यहाँ सिर्फ आपको जानकारी ही नहीं बल्कि हेल्थ को देखने-समझने का एक नया नजरिया भी मिलेगा। तो आप भी टाइम्स नाउ नवभारत के हेल्थ सेक्शन से जुड़ें और सेहत से जुड़ी तमाम ख़बरों के साथ खुद को फिट रखें।

और पढ़ें
End of Article