Superfoods To Make Bones Strong In Hindi: हमारे शरीर की पूरी संरचना हड्डियों पर टिकी होती है। अगर हड्डियां कमजोर होंगी, तो शरीर भी कमजोर महसूस करेगा। खासतौर पर उम्र बढ़ने के साथ, हड्डियों की देखभाल करना और भी जरूरी हो जाता है। अगर आप सोच रहे हैं कि सिर्फ दूध और कैल्शियम की गोलियां ही हड्डियों को मजबूत बनाएंगे, तो आपको फिर से सोचने की जरूर है। हेल्थ इन्फ्लूएंसर और आयुर्वेदिक डॉक्टर चैताली राठौर ने बताया है कि कुछ खास सुपरफूड्स आपकी हड्डियों को प्राकृतिक रूप से ताकतवर बना सकते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर ऐसे 5 सुपरफूड्स शेयर किए हैं, जो हड्डियों को लोहे की तरह मजबूत बनाने में मदद करते हैं। तो चलिए जानते हैं इनके बारे में...
हड्डियों के लिए सुपरफूड्स - Superfoods For Bones In Hindi
1. पका हुआ केला
यह हड्डियों के लिए प्राकृतिक टॉनिक है। केला न सिर्फ एनर्जी देता है, बल्कि यह हड्डियों के लिए भी बेहतरीन सुपरफूड है। इसमें भरपूर कैल्शियम होता है, जो आपकी हड्डियों को मजबूत बनाता है। आयुर्वेद में इसे 'भृहनम' कहा गया है, जिसका अर्थ है शरीर को पोषण देना। अगर आप रोज एक पका हुआ केला खाते हैं, तो आपकी हड्डियां खुद ही मजबूत होने लगेंगी।
2. पुराना गुड़
यह शरीर के संतुलन के लिए वरदान है। गुड़ न सिर्फ मीठे का हेल्दी विकल्प है, बल्कि यह शरीर के तीनों दोष – वात, पित्त और कफ को भी संतुलित करता है। इसमें भरपूर कैल्शियम पाया जाता है, जिससे हड्डियों को मजबूती मिलती है। हालांकि, अगर आपको डायबिटीज है, तो इसे सीमित मात्रा में ही खाएं।
3. रागी
यह कैल्शियम, आयरन और प्रोटीन का भंडार है। अगर आपको लगता है कि हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए सिर्फ दूध जरूरी है, तो एक बार रागी को आजमा कर देखें। यह कैल्शियम, प्रोटीन और आयरन से भरपूर होता है। हमारी दादी-नानी के जमाने से ही रागी की राब (पोर्रिज) पारंपरिक तौर पर खाई जाती रही है।
- रागी राब बनाने की आसान विधि
- एक लोहे के बर्तन में 1 चम्मच देसी घी डालें।
- इसमें 1 बड़ा चम्मच रागी का आटा डालकर हल्का भूरा होने तक भूनें।
- थोड़ा सा दालचीनी पाउडर और गाय का दूध या पानी मिलाएं।
- इसे अच्छे से उबालें और गर्मागर्म पिएं।
4. मूंग दाल
यह सबसे हेल्दी और पोषण देने वाली दाल है। अगर आप कोई ऐसी दाल ढूंढ रहे हैं जो पचने में हल्की हो और साथ ही हड्डियों को भी मजबूत बनाए, तो मूंग दाल आपके लिए बेस्ट है। इसमें 48% प्रोटीन और 13% कैल्शियम पाया जाता है, जो इसे हड्डियों के लिए सुपरफूड बनाता है। इसे नियमित रूप से खाने से शरीर को जरूरी पोषण मिलता है।
5. सहजन (मोरिंगा)
दूध से भी ज्यादा ताकतवर अगर किसी चीज को माना जाता है तो वह है सहजन या मोरिंगा। इसे अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है, लेकिन यह पोषण का खजाना है। इसमें दूध से चार गुना ज्यादा कैल्शियम होता है। साथ ही, यह हड्डियों के अलावा संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भी बहुत फायदेमंद है। अगर आप अभी तक इसे अपनी डाइट में शामिल नहीं कर रहे हैं, तो अब जरूर करना चाहिए।
सिर्फ खाने से नहीं चलेगा काम
आपको बता दें कि अच्छे फूड्स खाने के साथ-साथ यह भी जरूरी है कि आप रोज 10-15 मिनट सूरज की रोशनी में समय बिताएं। हल्की धूप में बैठें। हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए केवल सही आहार ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक धूप भी बहुत जरूरी है। धूप से हमें विटामिन डी मिलता है, जो कैल्शियम को शरीर में अवशोषित करने में मदद करता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
