Soaked Vs Roasted Chana Which Is healthier: सेहत के लिहाज से चने बहुत ही फायदेमंद होते हैं। इनका सेवन करने से शरीर स्वस्थ और मजबूत बनता है। ये पोषण से भरपूर होते हैं। इनमें प्रोटीन, फाइबर कैल्शियम, विटामिन बी, मैग्नीशियम आदि बहुत अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। आपने अक्सर देखा होगा जो लोग बॉडी बनाने या वजन घटाने की कोशिश कर रहे होते हैं, वे चने अपनी डाइट में जरूरी शामिल करते हैं। कुछ लोग सुबह के समय रातभर पानी में भिगोए हुए चने खाते हैं, तो कुछ अंकुरित चना में कुछ सब्जियां मिलाकर इसे सलाद के रूप में खाते हैं। वहीं कुछ लोग स्नैक्स के तौर पर मुट्ठी भर चने खाना पसंद करते हैं। आप किसी भी रूप में इनका सेवन क्यों न करें, ये सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद होते हैं। लेकिन अक्सर लोगों के मन में यह सवाल आता है कि सेहत के लिए पानी में भिगोए हुए़ चने खाना ज्यादा फायदेमंद होता है या भुने हुए चने? इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और डायटीशियन गरिमा गोयल से बात की। इस लेख में हम आपको इसके बारे में विस्तार से बता रहे हैं।
भुने हुए चने कैसे फायदेमंद हैं- Roasted Chana Health Benefits In Hindi
भुने हुए चने खाने में बहुत हल्के और स्वादिष्ट होते हैं। वैसे तो इनका सेवन कोई भी कर सकता है, लेकिन इनका सेवन कुछ स्थतियों में सेहत के लिए अधिक लाभकारी माना जाता है जैसे सर्दी-जुकाम या अन्य कोई कफ दोष के असंतुलन से संबंधित रोग। जिन लोगों को लाइफस्टाइल रोग जैसे डायबिटीज या थायराइड की समस्या रहते है, उन्हें भुने चने खाने की सलाह दी जाती है। जिन लोगों का वजन अधिक है, उन्हें भी भुने चने खाने की सलाह दी जाती है।
भिगोए हुए चने कैसे फायदेमंद है- Soaked Chana Health Benefits In Hindi
जब आप चने को भिगोकर खाते हैं, तो यह पचने में बहुत आसान हो जाते हैं। हालांकि, इन्हें खाने से पहले 5-7 मिनट उबाल भी लेना चाहिए, क्योंकि कुछ लोगों के लिए इन्हें पचाना मुश्किल हो सकता है। इससे पोषक तत्वों का अवशोषण भी बेहतर तरीके से होता है। आमतौर पर इनका सेवन लोग नाश्ते में या सुबह के समय करते हैं। इन्हें खाने से लंबे समय तक पेट भरा और शरीर एनर्जेटिक रहता है। आप भीगे चने में सब्जियां मिलाकर इन्हें सलाद के रूप में भी खा सकते हैं। यह भी आपकी वजन घटाने और शरीर को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं।
सेहत के लिए भीगे चने ज्यादा फायदेमंद होते हैं या भुने हुए चने- Soaked Chana Or Roasted Chana Which Is Better In Hindi
डायटीशियन गरिमा की मानें, तो पोषण के लिहाज से भीगे और भुने हुए चने में कोई खास अंतर नहीं होता है। पानी में भिगोए हुए चने में पानी की मात्रा अधिक होती है। दोनों में क्या ज्यादा फायदेमंद होता है, इसका कोई सटीक जवाब नहीं हैं। क्योंकि दोनों ही सेहत के लिए लाभकारी होते हैं। जिन लोगों के लिए चने को रात में भिगोकर सुबह उबालकर खाना मेहनत का काम लगता है, वे भुने हुए चने खा सकते हैं। या जिन्हें पाचन संबंधी समस्याएं हैं वे भुने हुए चने खा सकते हैं। हालांकि, दोनों को ही एक स्वस्थ डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है। इनका नियमित सेवन करने से सेहत को जबरदस्त फायदे मिल सकते हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
