हेल्थ

साइनस क्या होता है? नाक बंद, सांस की दिक्कत से परेशान हैं तो ये आसान उपाय आएंगे काम, जानें इलाज

बार-बार नाक बंद रहना, सिर भारी लगना, चेहरे के आसपास दबाव महसूस होना साइनस की परेशानी से जुड़ा हो सकता है। जानिए साइनस आखिर क्या है, घर पर राहत के लिए क्या कर सकते हैं, इसका परमानेंट इलाज क्या है।

Image

साइनस क्या होता है, Sinus Kya Hota hai

Sinus Kya Hota hai in Hindi: सुबह उठते ही नाक बंद मिलना, सांस लेने में दिक्कत होना या माथे, कान और गालों के पास भारीपन महसूस होना काफी परेशान करने वाला हो सकता है। कई बार हम इसे मौसम बदलने या सामान्य जुकाम का असर समझकर छोड़ देते हैं। लेकिन अगर यही परेशानी बार-बार होने लगे तो इसकी वजह साइनस भी हो सकती है।

साइनस हमारे चेहरे के अंदर मौजूद हवा से भरी छोटी जगहें होती हैं। ये नाक और आसपास के हिस्से से जुड़ी रहती हैं। जब इन जगहों की अंदरूनी परत में सूजन आ जाती है या बलगम जमा होने लगता है, तो नाक बंद होने और चेहरे में दबाव जैसी दिक्कत महसूस हो सकती है। कई लोगों में ये समस्या कुछ दिनों में सही हो जाती है, लेकिन कुछ को यह बार-बार परेशान कर सकती है। इसलिए सिर्फ घरेलू नुस्खे आजमाने के बजाय यह समझना भी जरूरी है कि समस्या कितनी पुरानी है।

साइनस में क्या-क्या परेशानी हो सकती है?

इसमें नाक बंद या बहना, सिर में भारीपन, माथे या गालों में दबाव, सूंघने की क्षमता कम होना और गले में बलगम उतरना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कुछ लोगों को खांसी या बुखार भी हो सकता है। अगर ये लक्षण लंबे समय तक बने रहें या बार-बार वापस आएं तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।

राहत के लिए गर्म पानी का सहारा

  • नाक बंद होने पर गर्म पानी से नहाना या कुछ देर गर्म और नम वातावरण में रहना आराम दे सकता है। इससे नाक की जकड़न कुछ कम महसूस हो सकती है।
  • अगर माथे या गालों के आसपास दबाव महसूस हो रहा है तो हल्की गर्म सिकाई की जा सकती है। गर्म कपड़े से कुछ मिनट चेहरे के उस हिस्से को सेंकने से कई लोगों को आराम महसूस होता है।
  • सलाइन यानी नमक मिले सुरक्षित पानी वाले नेजल स्प्रे का इस्तेमाल नाक को साफ रखने में मदद कर सकता है। अगर नाक की सफाई के लिए पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं तो साधारण नल का पानी सीधे न लें। स्टेराइल या उबालकर ठंडा किए गए पानी का इस्तेमाल करना जरूरी है।

साइनस का परमानेंट इलाज क्या है

बता दें कि, साइनस के लिए कोई एक ऐसा इलाज नहीं है जो हर व्यक्ति पर हमेशा के लिए काम करे। वजह पता चलने के बाद ही सही इलाज चुना जाता है। अगर एलर्जी वजह है तो उसका इलाज किया जा सकता है। कुछ लोगों में नाक के अंदर सूजन जैसी समस्या होती है। ऐसे मामलों में डॉक्टर दवाएं या नेजल स्प्रे दे सकते हैं। जिन लोगों को लंबे समय से परेशानी है और दवाओं से फायदा नहीं मिल रहा, उनके लिए ईएनटी विशेषज्ञ आगे की जांच और जरूरत पड़ने पर सर्जरी की सलाह दे सकते हैं।
Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article