Shefali Jariwala Death Reason: टीवी और म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-माना चेहरा शेफाली जरीवाला को भला कौन भूल सकता है? ‘कांटा लगा’ से फेमस हुईं शेफाली जरीवाला की अचानक मौत ने हर किसी को चौंका दिया है। हमेशा फिट और ग्लैमरस दिखने वाली शेफाली का ऐसे जाना किसी को भी झटका दे सकता है। बीते 27 जून की रात को उन्हें अचानक बेचैनी महसूस हुई, शरीर कांपने लगा और थोड़ी देर में ही वो बेहोश होकर गिर गईं। उनकी अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
पहले तो मामला एक आम हार्ट अटैक का लग रहा था, लेकिन अब पुलिस और फॉरेंसिक जांच में जो खुलासे हो रहे हैं, जो चिंता बढ़ाने वाले हैं। खबरों के मुताबिक शेफाली पिछले कई सालों से खूबसूरती बनाए रखने के लिए एंटी-एजिंग दवाओं और इंजेक्शनों का इस्तेमाल कर रही थीं। अब सवाल उठ रहा है क्या यही दवाएं उनकी जान की दुश्मन बन गईं? आइए जानते हैं इससे जुड़ी जरूरी जानकारी...
व्रत में भी लिया एंटी-एजिंग इंजेक्शन
शेफाली के घर में 27 जून को पूजा रखी गई थी और इसी वजह से उन्होंने उपवास रखा हुआ था। मगर इसके बावजूद दोपहर के वक्त उन्होंने अपनी नियमित एंटी-एजिंग दवा का इंजेक्शन लिया। रात होते ही उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई, हाथ-पैर कांपने लगे और वो गिर पड़ीं। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनकी जान जा चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह बात अब पुलिस रिकॉर्ड का हिस्सा बन चुकी है।
घर से मिलीं कई तरह की दवाएं
पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने जब उनके घर की तलाशी ली, तो वहां से एंटी-एजिंग से जुड़ी वायल्स, विटामिन की सप्लीमेंट्स और गैस्ट्रिक दवाएं बरामद हुईं। इन सभी को जांच के लिए लैब भेजा गया है। इस पूरे केस में किसी झगड़े या आत्महत्या के कोई संकेत नहीं मिले हैं, जिससे साफ है कि मामला दवाओं से जुड़ा हो सकता है।

क्या खूबसूरती बढ़ाने की दवा ने ली शेफाली की जान?
सालों से ले रही थीं एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट
रिपोर्ट्स के मुताबिक शेफाली पिछले 7 से 8 सालों से एंटी-एजिंग थैरेपी ले रही थीं। यह दवाएं उन्हें एक डॉक्टर ने शुरू में सुझाई थीं, लेकिन बाद में यह सिलसिला मेडिकल सुपरविजन के बिना चलता रहा। हर महीने नियमित रूप से ये दवाएं ली जाती थीं। ऐसा लग रहा है कि समय के साथ इन दवाओं का असर शरीर पर गहराता गया और आखिरकार यह जानलेवा साबित हो गया।
अब डॉक्टर से जानिए एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट का सच
डॉक्टर की राय में बिना निगरानी के ये ट्रीटमेंट जानलेवा बन सकते हैं। अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद के डॉ. मोहित शर्मा (इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ) का कहना है कि एंटी-एजिंग दवाएं या हार्मोनल इंजेक्शन्स कभी भी बिना डॉक्टरी निगरानी के नहीं लेने चाहिए। उन्होंने आगे कहा,
"ऐसे इंजेक्शनों को लंबे समय तक लेना, खासकर जब व्यक्ति उपवास में हो या शरीर में पोषक तत्वों की कमी हो, तो यह बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। ये दवाएं दिल, मेटाबोलिज्म और हार्मोनल सिस्टम को बिगाड़ सकती हैं। शेफाली का केस इस बात की चेतावनी है कि खूबसूरती के नाम पर किसी भी दवा को हल्के में नहीं लेना चाहिए।"

एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट कितने सुरक्षित?
सुंदरता की होड़ में जान जोखिम में डालना कितना सही?
आजकल सुंदर दिखने की चाह में बहुत से लोग ऐसे ट्रीटमेंट ले रहे हैं जिनका असर शरीर के अंदरूनी हिस्सों पर पड़ता है। खासकर सेलिब्रिटीज और सोशल मीडिया पर एक्टिव लोग जल्दी बूढ़ा दिखने से डरते हैं और एंटी-एजिंग प्रोडक्ट्स की ओर दौड़ पड़ते हैं। लेकिन यह भूल जाते हैं कि शरीर की आंतरिक सेहत ज्यादा जरूरी है। बिना जांच और निगरानी के लिया गया कोई भी इंजेक्शन या दवा जानलेवा हो सकता है।
मौत की असली वजह अभी तय नहीं
हालांकि, अब तक मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वह एंटी-एजिंग दवाओं के कारण हुआ या किसी और वजह से। पोस्टमॉर्टम और लैब रिपोर्ट के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी। लेकिन जो सवाल इस केस ने उठाया है, वह हर किसी को सोचने पर मजबूर करता है कि क्या खूबसूरती के चक्कर में हम अपनी सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं?
निष्कर्ष
शेफाली जरीवाला की मौत ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि स्वास्थ्य से बड़ी कोई चीज नहीं होती। सुंदरता की दौड़ में भागते समय यह न भूलें कि दवाएं तभी असरदार और सुरक्षित होती हैं जब उन्हें सही सलाह और देखरेख में लिया जाए। वरना, उनका असर उल्टा भी पड़ सकता है, कभी-कभी यह जानलेवा भी हो सकता है।
With Inputs: IANS / Doctor Mohit Sharma - Internal Medicine Expert, Amrita Hospital, Faridabad
