Oral Cancer Symptoms: कभी ना कभी लाइफ में आपने भी मुंह में छाला होने की समस्या का सामना जरूर किया होगा। वैसे तो यह एक सामान्य समस्या है, जो आमतौर पर एक या दो सप्ताह में ठीक हो जाती है। लेकिन, समस्या तब बढ़ती है अगर यह कुछ दिनों में ठीक नहीं होती। विशेषज्ञों के अनुसार, बार-बार होने वाले मुंह का छाला, गले और मुंह के कैंसर का एक प्रारंभिक संकेत हो सकता है। कई लोग इस लक्षण को मामूली संक्रमण या जलन समझकर अनदेखा कर देते हैं और डॉक्टर के पास जाने से बचते हैं। ऐसे में अगर आप भी उन लोगों में से हैं जो इसे मामूली समझकर इग्नोर कर रहे हैं तो ये आर्टिकल आपके बेहद काम आ सकता है।
सबसे पहले समझते हैं कि मुंह का छाला आमतौर पर गोल या अंडाकार आकार का होता है और इनके चारों ओर सफेद, पीला या लाल किनारा होता है। ये खाने या पानी पीने के दौरान अत्यधिक दर्दनाक हो सकते हैं। ध्यान देने वाली बात ये है कि अगर यह कैंसर के कारण होते हैं, तो ये समय के साथ ठीक नहीं होते हैं। मतलब अगर 14 दिन से भी ज्यादा लगातार ये समस्या बनी हुई है तो आप डेंजर जोन में हैं और अब आपको बिना किसी देरी के डॉक्टर से संपर्क करना होगा।
मुंह और गले का कैंसर स्क्वैमस सेल्स से शुरू होता है। यह कैंसर तब विकसित होता है जब इन कोशिकाओं के DNA में परिवर्तन होते हैं। बिना कारण खून का बहना, होंठों और मुंह में सुन्नपन, गले में असुविधा, निगलने में कठिनाई, वजन का अत्यधिक कम होना, और लगातार बदबू इसके कुछ लक्षणों में शामिल हैं जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
विशेषज्ञों का कहना है कि लगभग 75 प्रतिशत लोग जो मुंह के कैंसर का सामना करते हैं, वे धूम्रपान, अत्यधिक शराब का सेवन, मुंह की सफाई में कमी और अन्य कारकों की वजह से होता है। अगर आप ये सोच रहे हैं कि थोड़ी बहुत शराब तो चलती है फिर भी आप डेंजर जोन में हैं क्योंकि एक दिन में कुछ मात्रा में शराब का सेवन भी 50 प्रतिशत तक कैंसर का जोखिम बढ़ा सकता है।
ऐसे में मुंह के छाले को अनदेखा करना खतरनाक हो सकता है। यदि आपको लगातार छाले हो रहे हैं, तो तुरंत चिकित्सा सलाह लें। कैंसर के शुरुआती लक्षणों को पहचानना और सही समय पर उपचार शुरू करना बेहद जरूरी है।
