हेल्थ

नवरात्रि में हेल्दी और एनर्जेटिक रहने के लिए अपनाएं ये मील प्लान, डायटीशियन ने शेयर किए सीक्रेट टिप्स

Navratri Fast 9 Days Diet Plan To Stay Healthy: अगर आप भी नवारात्रि के 9 दिन उपवास रख रहे हैं तो ऐसे में आपको सेहतमंद रहने के लिए कुछ खास बातों का ध्यान रखने की जरूरत है। आज हम आपके लिए एक्सपर्ट से नवरात्रि में फिट और एनर्जेटिक रहने के लिए 9 दिन का हेल्दी डाइट प्लान लेकर आए हैं। चलिए जानते हैं क्या है ब्रेकफास्ट, लंच, स्नैक्स और डिनर के लिए आसान विकल्प...

Image

Navratri Fast 9 Days Diet Plan

Navratri Fast 9 Days Diet Plan To Stay Healthy: नवरात्रि सिर्फ आध्यात्मिक महत्व वाला पर्व नहीं है, बल्कि यह आपके शरीर को डिटॉक्स करने और खुद को फिट रखने का भी मौका है। अक्सर लोग सोचते हैं कि उपवास के दौरान ऊर्जा कम हो जाएगी या थकान महसूस होगी। लेकिन सही डाइट प्लान और पोषणयुक्त मील्स के साथ आप पूरे नौ दिन एनर्जेटिक और एक्टिव रह सकते हैं।

डायटीशियन प्रियंका अग्रवाल (Clinical Nutritionist, Max Hospital, Noida) के अनुसार, नवरात्रि में भोजन की गुणवत्ता और सही समय पर खाने से आपका शरीर कमजोर नहीं बल्कि स्वस्थ और एक्टिव रहेगा। यहां हम लेकर आए हैं नवरात्रि के लिए आसान, हेल्दी और एनर्जेटिक मील प्लान जो हर रोज़ फॉलो किया जा सकता है।

सुबह की शुरुआत

सुबह की शुरुआत हमेशा हल्के पेय जैसे गुनगुना नींबू पानी या नारियल पानी से करें। इसके बाद मखाने, भुनी हुई मूंगफली या कुछ ड्राई फ्रूट्स लें। यह आपके शरीर को तुरंत एनर्जी देगा और दिन की शुरुआत फ्रेश रखेगा। प्रियंका अग्रवाल कहती हैं कि सुबह सही पोषण लेने से दिनभर भूख और थकान कम रहती है।

ब्रेकफास्ट के विकल्प

ब्रेकफास्ट के लिए साबूदाना खिचड़ी, समा के चावल का उपमा या सिंघाड़े के आटे का पराठा एकदम सही विकल्प हैं। चाहें तो इसे दही या फ्रूट्स के साथ भी खाया जा सकता है। यह हल्का होने के साथ-साथ पेट को भी लंबे समय तक भरा रखता है और दिनभर के लिए एनर्जी प्रदान करता है।

लंच में शामिल करें पौष्टिक और संतुलित आहार

लंच के दौरान सिंघाड़े की रोटी, आलू-टमाटर की हल्की सब्जी, समा के चावल और ककड़ी या खीरे का रायता शामिल करें। साथ ही एक कटोरी मौसमी फल भी जरूर लें। यह कॉम्बिनेशन आपके शरीर को जरूरी पोषण देगा और पाचन को भी हल्का रखेगा। डॉ. प्रियंका अग्रवाल के अनुसार, उपवास के दौरान संतुलित लंच रखना बेहद जरूरी है ताकि शरीर थका हुआ महसूस न करे।

इवनिंग स्नैक्स

शाम के समय भुने हुए मखाने, नारियल पानी या फ्रूट स्मूदी पी सकते हैं। अगर चाहें तो नींबू के साथ ग्रीन टी भी ली जा सकती है। इससे न सिर्फ भूख संतुलित रहती है बल्कि शरीर को जरूरी मिनरल्स और विटामिन भी मिलते हैं। यह स्नैक्स आपको दिन के आखिरी हिस्से तक एनर्जेटिक बनाए रखेगा।

डिनर रखें हल्का और जल्दी करें

डिनर हमेशा हल्का और जल्दी करना चाहिए। लौकी का सूप, आलू की सब्ज़ी या समा खिचड़ी के साथ सिंघाड़े की रोटी एक बढ़िया विकल्प है। हल्का डिनर पाचन को आसान रखता है और नींद में भी सुधार लाता है। प्रियंका अग्रवाल बताती हैं कि उपवास में भारी खाना पेट पर दबाव डालता है और शरीर थका हुआ महसूस करता है।

9 दिन के लिए जरूरी टिप्स

नवरात्रि के दौरान खूब पानी पिएं और फल, ड्राई फ्रूट्स, लो-फैट दूध को अपनी डाइट में शामिल करें। तला-भुना और बहुत मीठा खाने से बचें। इस तरह का डाइट प्लान शरीर को डिटॉक्स करता है और आपको पूरे नौ दिन एनर्जेटिक बनाए रखता है। सही मील्स और पोषण के साथ आप नवरात्रि का उपवास आराम से रख सकते हैं और मां दुर्गा की आराधना में पूरी ऊर्जा से भाग ले सकते हैं।

नवरात्रि में सही डाइट प्लान अपनाने से शरीर मजबूत, पाचन स्वस्थ और ऊर्जा से भरपूर रहता है। डायटीशियन प्रियंका अग्रवाल की सलाह के अनुसार, उपवास के दौरान संतुलित और पौष्टिक भोजन ही आपको फिट और एनर्जेटिक बनाए रख सकता है। आप भी इस मील प्लान को फॉलो करें और नवरात्रि के नौ दिन को स्वस्थ और ऊर्जा से भरा बनाएं।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article