हेल्थ

Self Care Day 2026: शरीर के ये 5 छोटे लक्षण बताते हैं कि अब डॉक्टर के पास जाना जरूरी है, सिर्फ घर के नुस्खे काफी नहीं

हर बीमारी का इलाज घरेलू नुस्खों से नहीं होता। अगर शरीर लगातार कुछ खास संकेत दे रहा है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। जानिए ऐसे 5 लक्षण, जिन्हें नजरअंदाज करना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

Image

शरीर के ये 5 छोटे लक्षण बताते हैं कि अब डॉक्टर के पास जाना जरूरी है

हल्का बुखार हो, सिरदर्द हो या थकान.. हम में से ज्यादातर लोग पहले घर के नुस्खे, काढ़ा या खुद से दवा लेने की कोशिश करते हैं। कई बार इससे आराम भी मिल जाता है, लेकिन हर समस्या का हल घरेलू उपाय नहीं होते। हमारा शरीर समय-समय पर छोटे-छोटे संकेत देता है कि अब उसे सिर्फ आराम नहीं, बल्कि सही जांच और इलाज की जरूरत है।

आज इंटरनेशनल सेल्फ-केयर डे पर हर किसी को ये समझना चाहिए कि, खुद की देखभाल का मतलब सिर्फ अच्छा खाना और व्यायाम करना नहीं, बल्कि समय पर डॉक्टर से सलाह लेना भी है। अगर कुछ लक्षण लगातार बने रहें, तो उन्हें नजरअंदाज करना भविष्य में बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है। आइए जानते हैं ऐसे 5 संकेत, जिन पर ध्यान देना आपकी सेहत के लिए बेहद जरूरी है।

1. कई दिनों तक बनी रहने वाली थकान

अगर पर्याप्त नींद लेने और आराम करने के बाद भी हर समय थकान महसूस होती है, तो इसे सामान्य कमजोरी समझकर नजरअंदाज न करें। यह एनीमिया, थायरॉयड, विटामिन की कमी, संक्रमण या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है। लगातार थकान होने पर जांच कराना बेहतर होता है।

Signs that you should see doctor

Signs that you should see doctor

2. बुखार जो बार-बार लौट आए

मौसमी बुखार एक-दो दिन में ठीक हो सकता है, लेकिन अगर बुखार बार-बार आ रहा है या कई दिनों तक बना रहता है, तो सिर्फ काढ़ा पीते रहना सही तरीका नहीं है। यह शरीर में किसी संक्रमण या दूसरी बीमारी का संकेत हो सकता है। ऐसे में डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

3. बिना वजह वजन कम होना

अगर आपकी डाइट और एक्सरसाइज पहले जैसी ही है, लेकिन वजन लगातार कम हो रहा है, तो इसे अच्छी बात समझकर खुश न हों। कई बार यह शरीर के अंदर चल रही किसी बीमारी का शुरुआती संकेत हो सकता है। समय रहते जांच करवाना समझदारी है।

Weight loss without reason

Weight loss without reason

4. सांस फूलना या सीने में बार-बार भारीपन

सीढ़ियां चढ़ते समय हल्की सांस फूलना अलग बात है, लेकिन अगर सामान्य काम करते हुए भी सांस लेने में तकलीफ हो या सीने में बार-बार दबाव महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज न करें। यह दिल, फेफड़ों या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकता है और डॉक्टर की सलाह जरूरी है।

5. कोई घाव या दर्द जो लंबे समय तक ठीक न हो

अगर शरीर पर कोई घाव, सूजन या दर्द कई दिनों या हफ्तों तक ठीक नहीं हो रहा, तो सिर्फ घरेलू लेप या नुस्खों पर भरोसा न करें। लंबे समय तक बने रहने वाले ऐसे लक्षणों की मेडिकल जांच जरूरी होती है ताकि सही कारण का पता चल सके।

Self Care kyu zaruri hai

Self Care kyu zaruri hai

सेल्फ-केयर का असली मतलब क्या है?

आजकल सेल्फ-केयर को अक्सर सिर्फ योग, हेल्दी खाना या स्किनकेयर तक सीमित समझ लिया जाता है। जबकि असली सेल्फ-केयर यह भी है कि आप अपने शरीर की बात सुनें। जब शरीर बार-बार कोई संकेत दे रहा हो, तो उसे अनदेखा करने के बजाय सही समय पर डॉक्टर से मिलना भी खुद से प्यार करने का एक महत्वपूर्ण तरीका है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक जीवनशैली से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें युवा और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article