हेल्थ

सर्दी के मौसम में हड्डियों का दर्द क्यों बढ़ जाता है, ठंड और बोन हेल्थ का क्या है कनेक्शन

  • Authored by: Vineet
  • Updated Dec 15, 2025, 05:05 PM IST

How Winter Affects Bone And Joints: ठंड के मौसम में आपने अक्सर देखा होगा कि इस दौरान हड्डियों व जोड़ों से जुड़ी समस्याएं लोगों में काफी देखने को मिलती हैं। लेकिन क्या आपने कभी यह सोचा है कि आखिर सर्दियों में हड्डियों और जोड़ों का दर्द क्यों बढ़ जाता है, इसके पीछे की वजह क्या हो सकती है? आज हम आपको बताएंगे आखिर ठंड के मौसम और हड्डियों के स्वास्थ्य के बीच क्या कनेक्शन है।

ठंड और बोन हेल्थ का क्या है कनेक्शन

ठंड और बोन हेल्थ का क्या है कनेक्शन

How Winter Affects Bone And Joints: जैसे ही सर्दियों का मौसम आता है, बहुत से लोगों को घुटनों, कमर, कंधों या जोड़ों में दर्द बढ़ता हुआ महसूस होने लगता है। कई बार यह दर्द इतना परेशान करता है कि रोजमर्रा के काम भी भारी लगने लगते हैं। अक्सर लोग इसे सिर्फ ठंड का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन इसके पीछे हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी कई अहम वजहें होती हैं। ठंड के मौसम में हमारी लाइफस्टाइल, धूप में बैठने की आदत और शारीरिक गतिविधि सब बदल जाती है, जिसका सीधा असर बोन हेल्थ पर पड़ता है। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के डॉ. कृष्ण सुभ्रमण्यम (Dr. Krishna Subramanyam) - सीनियर कंसल्टेंट ऑर्थोपेडिक सर्जन, के मुताबिक सर्दियों में धूप की कमी, कम शारीरिक गतिविधि और विटामिन D का गिरता स्तर हड्डियों को कमजोर बना सकता है। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो यह समस्या आगे चलकर गंभीर रूप ले सकती है।

सर्दियों में विटामिन D की कमी

ठंड के मौसम में धूप कम निकलती है और हम भी ठंड की वजह से बाहर कम निकलते हैं। इसका सीधा असर शरीर में बनने वाले विटामिन D पर पड़ता है। विटामिन D कैल्शियम को शरीर में सही तरह से अवशोषित करने के लिए बेहद जरूरी होता है। जब इसकी कमी हो जाती है, तो हड्डियां धीरे-धीरे कमजोर होने लगती हैं और दर्द, अकड़न या फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है।

ठंड का असर बोन मेटाबॉलिज्म पर

डॉ. कृष्ण सुभ्रमण्यम की मानें तो बहुत कम लोग जानते हैं कि मौसम बदलने से बोन मेटाबॉलिज्म भी प्रभावित होता है। सर्दियों में हड्डियों का नेचुरल रीमॉडलिंग प्रोसेस थोड़ा धीमा हो जाता है। इस दौरान हल्का-फुल्का बोन लॉस होना आम बात है, जो आगे चलकर ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है, खासकर बुजुर्गों और महिलाओं में।

कम एक्टिविटी से क्यों बढ़ता है हड्डियों का दर्द

सर्दियों में लोग एक्सरसाइज कम कर देते हैं, सुबह की वॉक छूट जाती है और ज्यादातर समय बैठे रहने में चला जाता है। जब वेट-बेयरिंग एक्टिविटी कम होती है, तो हड्डियों और मांसपेशियों को जरूरी स्टिमुलेशन नहीं मिल पाता। इसका असर स्ट्रेंथ, बैलेंस और जॉइंट सपोर्ट पर पड़ता है, जिससे दर्द और गिरने का खतरा बढ़ जाता है।

जोड़ों में अकड़न और दर्द का कनेक्शन

डॉ. कृष्ण सुभ्रमण्यम बताते हैं कि ठंड के मौसम में जोड़ों के आसपास की मांसपेशियां सख्त महसूस होने लगती हैं। ब्लड सर्कुलेशन थोड़ा स्लो हो जाता है, जिससे जॉइंट्स में अकड़न और सुबह उठते ही दर्द ज्यादा महसूस होता है। यही वजह है कि आर्थराइटिस या पुरानी जोड़ों की समस्या वाले लोगों को सर्दियों में ज्यादा दिक्कत होती है।

सर्दियों में हड्डियों को मजबूत कैसे रखें

अगर रोज 15-20 मिनट सुरक्षित धूप में बैठा जाए, तो विटामिन D का लेवल बेहतर रह सकता है। दूध, दही, पनीर, हरी पत्तेदार सब्जियां और फोर्टिफाइड फूड्स को डाइट में शामिल करना हड्डियों के लिए फायदेमंद है। जिन लोगों में कमी ज्यादा हो, उन्हें डॉक्टर की सलाह से विटामिन D सप्लीमेंट लेना चाहिए। साथ ही घर के अंदर हल्की एक्सरसाइज, योग या तेज चाल से चलना हड्डियों और जोड़ों को एक्टिव बनाए रखता है।

Vineet
Vineet author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article