How To Manage Blood Sugar In Hindi: डायबिटीज एक बहुत ही खतरनाक बीमारी है, जो धीरे-धीरे हमारे शरीर को खत्म करने का कारण करती है। इस बीमारी में ब्लड शुगर कंट्रोल नहीं रहता है, जिसकी वजह से मोटापा, नर्व डैमेज और हृदय रोग आदि का खतरा बहुत अधिक बढ़ जाता है। इसे एक जीवनशैली रोग कहा जाता है, क्योंकि यह बीमारी खराब जीवनशैली के कारण ही पैदा होती है। जब व्यक्ति लगातार अनहेल्दी फूड्स और जरूरत से ज्यादा खाता है, साथ ही शारीरिक रूप से भी एक्टिव नहीं रहता है, तो इसके कारण इंसुलिन रेजिस्टेंस की स्थिति पैदा होने लगती है, हमारे द्वारा खाए जाने वाले भोजन से जो एनर्जी ग्लूकोज के रूप में प्राप्त होती है, वह शरीर में एनर्जी के लिए प्रयोग नहीं हो पाती है। यह शरीर में चर्बी के रूप में जमा होने लगती है और रक्त में भी स्तर अचानक से बढ़ जाता है। ब्लड शुगर बढ़ने की वजह से चक्कर आना, बार-बार पेशाब आना, भूख अधिक लगना, आंखों की रोशनी कमजोर होना आदि जैसी समस्याएं भी देखने को मिल सकती हैं। अच्छी बात यह है कि अगर डायबिटीज रोगी डॉक्टर के दिए उपचार के साथ जीवनशैली की कुछ आदतों में सुधार कर लें, तो ब्लड शुगर को आसानी से कंट्रोल रखा जा सकता है। ब्लड शुगर मैनेज कैसे करें, इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने सर्टिफाइड डायबिटीज एजुकेटर, क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और डायटीशियन गरिमा गोयल से बात की। इस लेख में हम आपको इसके लिए 5 टिप्स बता रहे हैं।
ब्लड शुगर कैसे कंट्रोल करें?- How To Control Blood Sugar In Hindi
वजन कंट्रोल रखें
डायबिटीज रोगियों के शरीर में चर्बी अधिक बढ़ जाती है। इसे कंट्रोल रखना बहुत जरूरी है। शरीर की चर्बी कम करने की कोशिश करें और स्वस्थ वजन बनाए रखें। इससे डायबिटीज के लक्षण गंभीर नहीं होते हैं। साथ ही, ब्लड शुगर को मैनेज करने में मदद मिलती है।
एक्सरसाइज करें
नियमित एक्सरसाइज करने से इंसुलिन सेंसिटिविटी में सुधार होता है और अतिरिक्त ब्लड शुगर शरीर में अच्छी तरह एनर्जी के लिए प्रयोग हो पाता है। इससे शुगर को कंट्रोल करने के साथ-साथ मूड को बेहतर बनाने में भी मदद मिलती है।
अच्छा खाएं
ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में आप क्या खाते हैं क्या नहीं, इसकी बहुत अहम भूमिका होती है। सिंपल कार्ब्स की बजाए कॉम्प्लेक्स कार्ब्स का सेवन करें। आपकी डाइट में प्रोटीन, फैट और कार्ब्स सभी संतुलित मात्रा में होने चाहिए। फल-सब्जियां, साबुत अनाज, डेयरी प्रोडक्ट्स और मांस आदि खाएं। ये धीरे-धीरे पचते हैं और ब्लड शुगर में स्पाइक का कारण नहीं बनते हैं। जूस की जगह साबुत फल खाएं।
अनहेल्दी खाने से बचें
कुछ समय के लिए आपको मिठाई, चीनी युक्त फूड्, बहुत तला-भुना, जंक और प्रोसेस्ड फूड्स, कोला, सॉफ्ट ड्रिंक्स, चिप्स, नमकीन, केक, पेस्ट्री, पिज्जा-बर्गर आदि से दूरी बना लें। इसनें कैलोरी भरपूर मात्रा में होती हैं और ये बहुत जल्दी पच जाते हैं, जो ब्लड शुगर में स्पाइक कारण बनते हैं। ये इंसुलिन सेंसिटिविटी को भी प्रभावित करते हैं। इन्हें खाने वजन भी बढ़ता है।
शरीर को आराम दें
शरीर की रिकवरी और बेहतर फंक्शन के लिए एक अच्छी नींद बहुत आवश्यक है। यह ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में भी बहुत अहम भूमिका निभाती है। इसलिए रात में समय पर सो जाएं और 7-8 घंटे की एक अच्छी नींद जरूर लें।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
