Ways To Check Fatty Liver At Home: आजकल बदलती लाइफस्टाइल और गलत खान-पान की वजह से फैटी लिवर की समस्या बहुत आम हो गई है। दिक्कत यह है कि शुरुआत में इसके लक्षण ज्यादा साफ नहीं दिखते और लोग इसे हल्के में ले लेते हैं। अक्सर जब टेस्ट कराए जाते हैं, तभी पता चलता है कि लिवर पर फैट जम चुका है।
हार्वर्ड-ट्रेंड गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी बताते हैं कि कुछ संकेत ऐसे होते हैं, जिन्हें अगर आप समय रहते नोटिस कर लें तो बिना टेस्ट भी अंदाजा लगा सकते हैं कि लिवर पर बोझ बढ़ रहा है। अच्छी बात यह है कि ये संकेत रोजमर्रा की जिंदगी में आसानी से देखे जा सकते हैं।
पेट और कमर पर बढ़ती चर्बी
अगर आपको लगता है कि आपका वजन खासकर पेट और कमर के आसपास तेजी से बढ़ रहा है, तो यह फैटी लिवर का इशारा हो सकता है। कई बार कुल वजन ज्यादा नहीं बढ़ता, लेकिन पेट बाहर निकलने लगता है। डॉ. सेठी कहते हैं कि यह लिवर में फैट जमा होने का सबसे आम लक्षण है।
हमेशा थका-थका महसूस होना
पूरा दिन काम करने के बाद थकान होना सामान्य है, लेकिन अगर आराम करने या अच्छी नींद लेने के बाद भी आपको हमेशा सुस्ती और थकान महसूस होती है, तो यह सामान्य नहीं है। लिवर जब सही से काम नहीं करता तो शरीर को पर्याप्त एनर्जी नहीं मिल पाती, और यही थकान फैटी लिवर का एक बड़ा संकेत हो सकती है।
दाहिनी तरफ हल्का दर्द या भारीपन
लिवर हमारे शरीर के दाहिनी तरफ पसलियों के नीचे होता है। अगर वहां पर आपको बार-बार हल्का दर्द, दबाव या भारीपन महसूस हो रहा है, तो इसे नजरअंदाज न करें। डॉ. सेठी बताते हैं कि यह भी लिवर पर फैट जमा होने का एक संकेत है।
त्वचा और आंखों में बदलाव
लिवर की दिक्कत का असर त्वचा और आंखों पर भी दिख सकता है। अगर आपकी त्वचा पर बार-बार खुजली होती है, बहुत ज्यादा सूखापन है या आंखों का सफेद हिस्सा पीला होने लगे, तो यह लिवर की खराब सेहत की निशानी हो सकती है। ऐसे संकेत मिलें तो तुरंत जांच कराना जरूरी है।
भूख कम होना और पाचन बिगड़ना
अगर अचानक से आपको भूख कम लगने लगी है, खाना खाने के बाद भारीपन रहता है या बार-बार पेट फूलने की शिकायत होती है, तो यह भी फैटी लिवर का इशारा हो सकता है। डॉ. सेठी कहते हैं कि पाचन तंत्र पर असर होना लिवर की परेशानी का एक सीधा संकेत है।
शुगर और ब्लड प्रेशर पर असर
फैटी लिवर का असर शरीर के बाकी हिस्सों पर भी दिखता है। अगर आपको ब्लड प्रेशर हाई रहने लगा है या शुगर लेवल बार-बार बढ़ रहा है, तो यह भी लिवर की समस्या से जुड़ा हो सकता है। ऐसे में डॉक्टर से मिलकर सही जांच कराना जरूरी है।
फैटी लिवर शुरू में खामोशी से बढ़ता है और जब तक पता चलता है, तब तक नुकसान हो चुका होता है। लेकिन अगर आप पेट की चर्बी, लगातार थकान, दाहिनी तरफ भारीपन या त्वचा और आंखों में बदलाव जैसे संकेतों को समय रहते पहचान लें, तो बड़ी समस्या से बचा जा सकता है। डॉ. सेठी के मुताबिक, घर बैठे इन लक्षणों को समझना ही पहला कदम है। इसके बाद डॉक्टर की सलाह और टेस्ट से स्थिति की पुष्टि करनी चाहिए।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
