हेल्थ

सर्दियों की पहली ठंड में बढ़ जाता है वायरल फीवर का रिस्क, जकड़ लेता है खांसी-जुकाम, बचाव के लिए अपनाएं ये घरेलू नुस्खे

Home Remedies For Viral Fever, Cold And Cough: सर्दियों की पहली ठंड में वायरल फीवर, खांसी और जुकाम का खतरा तेजी से बढ़ जाता है। लेकिन सर्दियों की पहली ठंड में अगर आप इन घरेलू नुस्खों को अपनाएंगे तो वायरल फीवर, खांसी-जुकाम और अन्य मौसमी बीमारियों से आसानी से बच सकते हैं और मौसम का आनंद बिना चिंता किए उठा पाएंगे। जानें कैसे घरेलू नुस्खों की मदद से आप इस मौसम में सेहतमंद रह सकते हैं और इम्यूनिटी को मजबूत बना सकते हैं।

Image

Home Remedies For Viral Fever, Cold And Cough

Home Remedies For Viral Fever, Cold And Cough: सर्दियां शुरू होते ही ठंडी हवाओं और तापमान में अचानक गिरावट से शरीर को सबसे पहले झटका लगता है। यही वजह है कि पहली ठंड में अक्सर लोग वायरल फीवर, खांसी-जुकाम और थकान जैसी दिक्कतों से जूझने लगते हैं। मौसम में बदलाव के साथ शरीर को नए तापमान के हिसाब से ढलने में समय लगता है, और इसी बीच बैक्टीरिया और वायरस तेजी से सक्रिय हो जाते हैं। खासकर बच्चे और बुजुर्ग इस समय जल्दी बीमार पड़ जाते हैं क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। लेकिन चिंता की बात नहीं है, क्योंकि कुछ आसान घरेलू नुस्खे अपनाकर आप इस मौसम में अपने शरीर को इन मौसमी बीमारियों से बचा सकते हैं और खुद को स्वस्थ रख सकते हैं।

अदरक-शहद का करें सेवन

ठंड लगने पर शरीर में बलगम जमने लगता है और खांसी-जुकाम जल्दी पकड़ लेता है। ऐसे में अदरक और शहद का मिश्रण बहुत असरदार माना जाता है। अदरक शरीर को गर्म रखता है और शहद गले की खराश को शांत करता है। सुबह-शाम एक चम्मच अदरक का रस और शहद मिलाकर लेने से गले की जलन कम होती है और सर्दी-जुकाम से राहत मिलती है।

हल्दी वाला दूध है सबसे फायदेमंद

सर्दियों में हल्दी दूध का सेवन रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए बेहतरीन माना जाता है। हल्दी में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-वायरल गुण होते हैं जो शरीर को संक्रमण से बचाते हैं। रात को सोने से पहले गर्म दूध में एक चुटकी हल्दी डालकर पीने से नींद भी अच्छी आती है और वायरल फीवर का खतरा कम हो जाता है।

भाप लेना है जरूरी

नाक बंद होना, गले में खराश और सिरदर्द जैसी समस्या ठंड लगते ही आम हो जाती है। इससे छुटकारा पाने के लिए भाप लेना बहुत मददगार है। एक बर्तन में गर्म पानी लें और उसमें अजवाइन या पुदीना की कुछ बूंदें डालें। तौलिए से सिर ढककर 5-10 मिनट भाप लेने से जकड़न खुल जाती है और सर्दी-जुकाम जल्दी ठीक हो जाता है।

हर्बल चाय का करें सेवन

सर्दियों में गर्म पेय पदार्थ शरीर को राहत देते हैं। तुलसी, अदरक और दालचीनी से बनी हर्बल चाय पीना वायरल फीवर और खांसी-जुकाम से बचने का आसान उपाय है। इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं और गले की खराश को भी कम करते हैं। दिन में कम से कम दो बार हर्बल चाय का सेवन करना चाहिए।

गर्म पानी और सूप से रखें शरीर गर्म

सर्दियों में ठंडा पानी पीना गले को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए गुनगुना पानी पीने की आदत डालें। इसके अलावा सब्जियों का गर्म सूप शरीर को अंदर से गर्म रखता है और पोषण भी देता है। खासकर टमाटर, गाजर और लहसुन का सूप इम्यूनिटी को मजबूत करता है और ठंड से बचाव करता है।

सही खानपान और आराम का रखें ध्यान

सर्दियों में इम्यूनिटी मजबूत रखने के लिए विटामिन-C से भरपूर चीजें जैसे संतरा, आंवला और नींबू जरूर खाएं। ये शरीर को संक्रमण से बचाते हैं। साथ ही पर्याप्त नींद लेना और शरीर को ठंड से बचाना बेहद जरूरी है। यदि शरीर को पूरा आराम मिलेगा तो बीमारी जल्दी नहीं पकड़ पाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article