हेल्थ

हरियाणा में तेजी से बढ़े पीलिया और हेपेटाइटिस के मामले, जानें इसके लक्षण और बचाव के उपाय

Hepatitis Outbreak in Haryana: हरियाणा के पलवल जिले में हेपेटाइटिस संक्रमण के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। एक ही गांव में 32 मरीज सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। आइए जानते हैं हेपेटाइटिस के लक्षण और बचाव के उपाय...

Image

हरियाणा में हेपेटाइटिस के मामले

Hepatitis Outbreak in Haryana: हरियाणा के पलवल जिले से सामने आई हेपेटाइटिस संक्रमण की खबर ने एक बार फिर यह याद दिला दिया है कि स्वास्थ्य के प्रति छोटी-सी लापरवाही भी बड़े संकट में बदल सकती है। पलवल जिले के छांयसा गांव में अचानक बड़ी संख्या में पीलिया और हेपेटाइटिस के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है और व्यापक जांच-अभियान चलाया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस गांव में दर्जनों लोग बीमार हैं, और कुछ लोगों की मौत भई हो चुकी है। आइए जानते हैं हेपेटाइटिस के लक्षण और बचाव के उपाय...

क्या है हेपेटाइटिस रोग? What is Hepatitis?

हेपेटाइटिस मुख्य रूप से लीवर में होने वाली सूजन है, जो वायरस के संक्रमण के कारण होती है। हेपेटाइटिस बी और सी सबसे अधिक खतरनाक माने जाते हैं क्योंकि ये रोग लंबे समय तक शरीर में रहते हैं और धीरे-धीरे लीवर को नुकसान पहुंचाते हैं।

यह बीमारी 'साइलेंट किलर' की तरह काम करती है, क्योंकि शुरुआती चरण में इसके लक्षण बहुत हल्के होते हैं। इसके साथ ही गंभीर स्थिति में हेपेटाइटिस लिवर कैंसर का कारण बन सकता है।

हेपेटाइटिस के प्रमुख लक्षण - Symptoms of Hepatitis

हेपेटाइटिस लीवर में होने वाली सूजन है, ये ऐसा वायरल संक्रमण (हेपेटाइटिस A, B, C, D, E) के कारण होती है। आज हम आपको हेपेटाइटिस के प्रमुख लक्षण बताएंगे। जिन्हें पहचानकर आप इस रोग की गंभीरता को कम कर सकते हैं।

  • त्वचा और आंखों का पीला पड़ना (पीलिया)
  • अत्यधिक थकान और कमजोरी
  • भूख कम लगना
  • मतली और उल्टी
  • पेट में दर्द, खासकर दाईं तरफ
  • गहरे रंग का पेशाब
  • हल्के रंग का मल
  • हल्का बुखार
  • जोड़ों में दर्द

कई मामलों में हेपेटाइटिस के शुरुआती चरण में लक्षण बहुत हल्के होते हैं, इसलिए सेहत की नियमित जांच कराना जरूरी होता है।

हेपेटाइटिस से बचाव के उपाय - Hepatitis Prevention Tips

  1. हेपेटाइटिस A और B से बचाव के लिए बाजार में वैक्सीन उपलब्ध है।
  2. हेपेटाइटिस का मुख्य कारण गंदा पानी है इसलिए स्वच्छ पानी पिएं और साफ भोजन करें।
  3. इंजेक्शन या मेडिकल प्रक्रिया में हमेशा नई सुई का प्रयोग सुनिश्चित करें।
  4. व्यक्तिगत वस्तुएं जैसे - रेजर, टूथब्रश और नेल कटर आदि को किसी के साथ शेयर न करें।
  5. खून चढ़ाने से पहले उसकी जांच करना जरूरी है। क्योंकि इसके द्वारा इंफेक्शन फैल सकता है।
  6. असुरक्षित यौन संबंध भी हेपेटाइटिस के संक्रमण का कारण बन सकते हैं। इसलिए सुरक्षित संबंध बनाएं।

हरियाणा के पलवल की ये घटना सिर्फ एक जिले की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक चेतावनी है कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नियमों का पालन करना हमारी सेहत के लिए बहुत जरूरी होता है। नियमित जांच, टीकाकरण और हेल्थ प्रोसेस पर ध्यान देकर हम न केवल खुद को बल्कि अपने परिवार और समाज को भी इस गंभीर संक्रमण से सुरक्षित रख सकते हैं।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article