भारत में गर्मी अपने चरम पर है, और इसके अभी कम होने के भी कोई आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान हीट वेव्स ने भी लोगों के छक्के छुड़ा दिए हैं। इस भीषण गर्मी से बचाव के लिए केन्द्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों के लिए हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। जिसमें लोगों से खुद को हाइड्रेट रहने और अपनी हेल्थ का ख्याल रखने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां बरतने को कहा गया है। जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है वैसे ही हमें अपनी सेहत का ख्याल रखना और भी जरूरी हो जाता है। स्वास्थ्य मंत्रालय की मानें तो इस समय हमें ठंडक और आरामदायक जगह पर रहना चाहिए। आइए जानते हैं पूरी खबर विस्तार से..
Heat Waves in NCR
ये सावधानियां बरतने की दी है सलाह
- अकेले रह रहे बुजुर्गों की दैनिक आधार पर हेल्थ की जांच की जानी चाहिए।
- रात में सोते समय अपने कमरे की खिड़की, पर्दे और गेट खोलकर सोएं।
- दिन के समय अपने घर में निचली मंजिलों पर ही रहने का प्रयास करें।
- शरीर को लगातार ठंडा रखने के लिए आप सूती कपड़े पहने और पानी पीते रहें।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अगले 4-5 दिन उत्तर भारत में और भीषण की संभावना है। 13 से 17 जून के बीच उत्तर भारत में भीषण हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। भारत के मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के इलाकों में लू चलने की संभावना है।
दिल्ली एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने इसे देखते हुए दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में 17 जून तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसका साफ मतलब है कि इन दिनों में यहां का तापमान और भी अधिक होने की प्रबल संभावना है। यही कारण है कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस दौरान गर्मी से बचाव करने के लिए लोगों को एडवाइजरी जारी की है।
भीषण गर्मी से बचाव के उपाय
- खुद को हाइड्रेट बनाए रखें।
- रोजाना ओआरएस, छाछ और नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें।
- दिन में 10 बजे से 4 बजे के बीच बिना जरूरी काम से बाहर जाने से बचें।
- हल्के रंग के और सूती कपड़े ही पहनें।
- शराब और कैफीन जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने से बचें।
- धूप में जाते समय खुद को पूरी तरह ढक कर रखें।
