बार-बार भूख लगने का कारण (Feeling Hungry Soon After Eating): कई लोगों के साथ ऐसा होता है कि पेट भरकर खाना खाने के बावजूद थोड़ी देर बाद फिर कुछ खाने का मन करने लगता है। लंच करने के एक-दो घंटे बाद ही भूख लग जाती है। कभी कुछ मीठा खाने की इच्छा होती है तो कभी चाय के साथ बिस्किट या नमकीन चाहिए होता है। अक्सर लोग इसे अपनी ज्यादा भूख या खाने की आदत समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन कई बार इसकी वजह आपकी खाने की प्लेट में ही छिपी होती है। आप कितना खा रहे हैं, इसके साथ यह भी जरूरी है कि क्या खा रहे हैं।
खाने के बाद बार-बार क्यों लगती है भूख, डाइट एक्सपर्ट से जानें कैसे करें डील (AI Image)
न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह (Nutritionist Shweta Shah) ने अपने एक वीडियो में ऐसे ही एक क्लाइंट का अनुभव शेयर किया है। उनकी क्लाइंट खाना खाने के कुछ देर बाद ही दोबारा भूख लगने की शिकायत करती थीं। जब उनकी फूड डायरी देखी गई तो पता चला कि उनकी डाइट में कार्बोहाइड्रेट वाली चीजें ज्यादा थीं। ऐसे में श्वेता शाह ने खाना कम करने या रोटी-चावल छोड़ने की जगह भोजन में प्रोटीन बढ़ाने पर ध्यान देने की सलाह दी।
खाना खाने के बाद भी बार-बार भूख क्यों लगती है
हमारे रोज के खाने में रोटी, चावल, पोहा, ब्रेड और आलू जैसी चीजें शामिल होती हैं। ये सभी शरीर को ऊर्जा देने वाले कार्बोहाइड्रेट के स्रोत हैं। लेकिन जब भोजन में मुख्य रूप से कार्बोहाइड्रेट हों और प्रोटीन, फाइबर या हेल्दी फैट कम हों, तो कुछ लोगों को जल्दी भूख लग सकती है।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कार्बोहाइड्रेट खाने से हमेशा जल्दी भूख लगती है। साबुत अनाज, दालों और सब्जियों से मिलने वाले कार्बोहाइड्रेट भी संतुलित डाइट का जरूरी हिस्सा हैं। भोजन की मात्रा, नींद, शारीरिक गतिविधि और तनाव भी भूख को प्रभावित कर सकते हैं।
न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह ने बताया भूख कंट्रोल करने का आसान तरीका
श्वेता शाह के अनुसार, उनकी क्लाइंट की परेशानी को समझने के लिए सबसे पहले उनकी फूड डायरी पर ध्यान दिया गया। इसमें सामने आया कि भोजन में कार्बोहाइड्रेट का हिस्सा ज्यादा था। ऐसे में खाने की मात्रा अचानक घटाने या कार्बोहाइड्रेट पूरी तरह बंद करने के बजाय प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल करने पर जोर दिया गया।
दरअसल, प्रोटीन पचने में समय लेता है और शरीर में पेट भरा होने का एहसास बनाए रखने में मदद कर सकता है। जब भोजन में प्रोटीन के साथ फाइबर और हेल्दी फैट भी होते हैं, तो खाने के बाद संतुष्टि महसूस करने में मदद मिल सकती है।
बार-बार भूख लगती है तो खाने में शामिल करें ये चीजें
1. स्प्राउट्स से बढ़ाएं प्रोटीन
अंकुरित मूंग या दूसरे स्प्राउट्स प्रोटीन और फाइबर के अच्छे स्रोत हो सकते हैं। इन्हें हल्का पकाकर सलाद या चाट के रूप में खाया जा सकता है। इसमें खीरा, टमाटर और नींबू डालकर स्वाद भी बढ़ा सकते हैं। स्प्राउट्स को अच्छी तरह पकाकर खाना ज्यादा सुरक्षित विकल्प है, क्योंकि कच्चे स्प्राउट्स में हानिकारक बैक्टीरिया होने का जोखिम रहता है।
2. काले चने को बनाएं डाइट का हिस्सा
श्वेता शाह ने अच्छी तरह पके हुए काले चने को भी भोजन में शामिल करने का सुझाव दिया है। काले चने में प्लांट प्रोटीन और फाइबर दोनों होते हैं। इन्हें उबालकर चाट, सब्जी या सलाद के रूप में खा सकते हैं। चने खाने से पहले इन्हें अच्छी तरह भिगोना और पकाना जरूरी है।
3. दाल, दही और पनीर भी हैं अच्छे विकल्प
हर बार प्रोटीन के लिए अलग से कोई खास डिश बनाने की जरूरत नहीं है। घर में बनने वाली दाल, दही, पनीर, टोफू और सोया जैसी चीजों से भी प्रोटीन मिल सकता है। उदाहरण के लिए, अगर आप लंच में सिर्फ सब्जी और रोटी खाती हैं तो साथ में एक कटोरी दाल या दही जोड़ सकती हैं।
रोटी और चावल छोड़ने की जरूरत नहीं
वजन कम करने या बार-बार भूख लगने की परेशानी में लोग सबसे पहले रोटी और चावल कम करना शुरू कर देते हैं। लेकिन हर किसी के लिए यह जरूरी नहीं है।
अगर आप लंच में चावल खा रहे हैं तो उसके साथ राजमा, छोले, दाल या दही ले सकते हैं। इसी तरह नाश्ते में पोहा के साथ मूंगफली और दही या ब्रेड के साथ पनीर शामिल किया जा सकता है। इससे भोजन में अलग-अलग पोषक तत्वों का संतुलन बेहतर होता है।
बार-बार भूख लगने पर किन बातों का ध्यान रखें
सबसे पहले अपनी खाने की आदतों को समझें। क्या आप सुबह का नाश्ता छोड़ देते हैं? क्या लंच में सिर्फ रोटी और सब्जी खाते हैं? क्या आपकी डाइट में दाल, दही या दूसरे प्रोटीन स्रोत कम हैं? कुछ दिनों तक फूड डायरी बनाकर यह समझा जा सकता है कि आप क्या खाते हैं और कितनी देर बाद दोबारा भूख महसूस होती है।
ध्यान रखें: बार-बार भूख लगना हमेशा प्रोटीन की कमी का संकेत नहीं है। अगर अचानक बहुत ज्यादा भूख लगने के साथ प्यास बढ़ना, बार-बार पेशाब आना या बिना कोशिश वजन घटना जैसे लक्षण भी हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
