Disease Caused By High Blood Pressure In Old Age: शरीर में ब्लड प्रेशर बढ़ने की बीमारी जानलेवा हो सकती है। यह आजकल लोगों में काफी आम हो गई है। युवा और यहां तक कि बच्चों में भी यह ब्लड प्रेशर कंट्रोल न रहने की समस्या देखने को मिल रही है, जो लंबे समय में उनके स्वास्थ्य के लिए काफी नुकसानदेह हो सकती है। जब धमनियों में ब्लड प्रेशर बहुत अधिक बढ़ जाता है, तो इससे गंभीर मामलों में यह धमनियों को डैमेज कर सकता है। यह हार्ट अटैक, फेलियर और स्ट्रोक आदि का कारण भी बन सकता है, जिससे व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु भी हो सकती है। बुजुर्गों में हाई ब्लड प्रेशर के कारण व्यक्ति की जान जाने के खतरा अधिक बढ़ जाता है। बुजुर्गों के लिए यह स्थिति बहुत गंभीर हो सकती है। इसके कारण बुढ़ापे में कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना भी करना पड़ता है। बुढ़ापे में लोगों की धमनियां व मांसपेशियां पहले ही कमजोर होती है, इसलिए बुढ़ापे में इसे कंट्रोल रखना बहुत ज्यादा जरूरी है। हाई बीपी के कारण बुढ़ापे में या बुजुर्ग लोगों को क्या-क्या समस्याएं हो सकती हैं, यह जानने के लिए आगे पढ़ते रहें..
हाई बीपी के कारण बुजुर्गों को हो सकती हैं ये बीमारियां- Disease Caused By High Blood Pressure In Old Age In Hindi
1. आंखों से जुड़ी बीमारी
अगर बुढ़ापे में ब्लड प्रेशर कंट्रोल नहीं रहता है, तो इससे व्यक्ति की आंखों पर दबाव अधिक बढ़ सकता है, जिससे आंखों से जुड़ी कई समस्याएं हो सकती हैं। यह धुंधली दृष्टि, अंधापन, रेटिनोपैथी और मोतियाबिंद आदि का कारण भी बन सकता है।
2. किडनी से जुड़ी बीमारी
बढ़ती उम्र के साथ किडनी फंक्शन पहले ही प्रभावित होने लगती है। ऐसे में हाई ब्लड प्रेशर के कारण जब किडनियों पर अधिक दबाव पड़ता है, तो इससे किडनी को गंभीर नुकसान पहुंचता है। यह डायबिटिक नेफ्रोपैथी का कारण भी बन सकता है। हाई बीपी की वजह से किडनी अपना काम ठीक से नहीं कर पाती है।
3. मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है
हाई बीपी की वजह से मस्तिष्क की धमनियों में अधिक दबाव की वजह से ये डैमेज हो सकती हैं, जो एक गंभीर स्थिति है। इससे मस्तिष्क में रक्त का रिसाव हो सकता है। इसके अलावा, हाई बीपी की स्थिति में मस्तिष्क की कोशिकाओं तक पर्याप्त ऑक्सीजन सप्लाई नहीं हो पाती है, इसकी वजह से एंग्जायटी, तनाव और अवसाद जैसी स्थितियां भी देखने को मिल सकती हैं। यह याददाश्त से जुड़ी परेशानियां भी पैदा कर सकता है।
4. नसें डैमेज हो सकती हैं
हाई ब्लड प्रेशर का अधिक स्तर डायबिटीज रोगियों में नसों के डैमेज होने का कारण बन सकता है, इस स्थिति को डायबिटिक न्यूरोपैथी कहते हैं। ऐसा होने पर त्वचा पर नीली-उभरी नसें दिखाई दे सकते हैं। इससे व्यक्ति को चलने-फिरने से लेकर बोलने तक में परेशानी हो सकती है।
5. हृदय स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं
हाई ब्लड प्रेशर को हृदय रोगों के लिए जिम्मेदार प्रमुख जोखिम कारकों में से एक माना जाता है। यह बुढ़ापे में हृदय रोग जैसे हार्ट अटैक, स्ट्रोक और हार्ट फेलियर आदि के खतरे को अधिक बढ़ा सकता है। यह धमनियों में ब्लॉकेज और डैमेज का कारण भी बन सकता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
