Health Tips For Weather Change : दिल्ली-एनसीआर के इलाके में एक बार फिर बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। कई दिन से रुकी बारिश ने कल फिर एक बार अपना रूप दिखाया। इससे दिल्ली और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक पर भी हल्का असर देखने को मिला। दिन में गर्मी और उमस के बाद अचानक आई बारिश जहां मौसम के हिसाब से थोड़ी राहत लेकर आती है, वहीं यह अपने साथ सेहत के लिए कई तरह के खतरे भी बढ़ा देती है। मौसम का ये अचानक बदलाव सर्दी-जुकाम, बुखार, वायरल इन्फेक्शन और सांस लेने में दिक्कत जैसी कई बीमारियों को न्योता देता है। ऐसे में आपको इस मौसम के बदलाव से खुद के सुरक्षित रखने के जरूरी उपाय जान लेने चाहिए।
बारिश का सेहत पर असर
तेज गर्मी और फिर अचानक आई बारिश के कारण हवा में नमी काफी बढ़ जाती है। वहीं नमी और आसपास जमा हुए बारिश के पानी के कारण मच्छरों और वायरस-बैक्टीरिया का खतरा भी बढ़ जाता है। वहीं बारिश के कारण अचानक कम हुए तापमान में लोग तेजी से बीमार होने लगते हैं। इस मौसम का सबसे ज्यादा असर छोटे-बच्चे और बुजुर्गों पर देखने को मिलता है। आइए जानते हैं इस मौसम का सेहत पर होने वाला असर...
मौसम की मार से बचाव के उपाय
- बारिश के मौसम में खुद को भीगने से बचाएं और किसी कारणवश यदि आप भीग गए हैं, तो आपको तुरंत कपड़े चेंज कर लेने चाहिए। जिससे सर्दी-जुकाम और बुखार के खतरे को कम किया जा सके।
- दिन में आपको गर्म या गुनगुने पानी का इस्तेमाल पीने में करना चाहिए। ठंडा पानी या किसी भी तरह की कोल्ड ड्रिंक्स आदि का सेवन करने से बचें। इस तरह आप गले के इन्फेक्शन और खराश आदि से बच सकते हैं।
- इस मौसम में इम्यूनिटी बूस्ट करने के लिए आपको रोजाना विटामिन-सी और प्रोटीन आदि से भरपूर डाइट लेनी चाहिए। जिसमें आप नींबू, संतरा, आंवला, आदि का सेवन कर सकते हैं।
- सांस की बीमारी के मरीजों को अपना ध्यान अधिक रखना चाहिए, क्योंकि इस मौसम में आपकी समस्या बढ़ सकती है। इसलिए इनहेलर और दवाएं हमेशा अपने पास रखें।
- बारिश के मौसम में अक्सर लोग एक्सरसाइज करने के लिए बाहर नहीं निकलते हैं। यदि बाहर न हो तो फिट रहने के लिए आपको घर में 20-30 मिनट एक्सरसाइज जरूर करनी चाहिए
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें
