Why Colon Cancer Rising In Young Indians: आजकल कैंसर को सिर्फ बढ़ती उम्र की बीमारी मानना एक बड़ी भूल साबित हो रही है। खासकर कोलन यानी बड़ी आंत का कैंसर अब 30 और 40 की उम्र के लोगों में भी तेजी से सामने आ रहा है। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के डॉ. सचिन मार्डा (सीनियर कंसल्टेंट ऑन्कोलॉजिस्ट और रोबोटिक सर्जन) के मुताबिक, इसकी सबसे बड़ी वजह हमारी बदलती लाइफस्टाइल है। खानपान से लेकर सोने-जागने की आदतें तक, कई छोटी-छोटी गलतियां मिलकर बड़ा खतरा बन रही हैं।
50 से कम उम्र में कोलन कैंसर क्यों बढ़ रहा है
डॉ. सचिन बताते हैं कि पहले कोलन कैंसर को बुजुर्गों की बीमारी माना जाता था, लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है। युवाओं में लंबे समय तक बैठकर काम करना, फिजिकल एक्टिविटी की कमी और मोटापा इस बीमारी का रास्ता खोल रहे हैं। शरीर में लगातार सूजन और इंसुलिन रेजिस्टेंस जैसी समस्याएं कैंसर के खतरे को बढ़ा देती हैं, जो धीरे-धीरे कोलन कैंसर में बदल सकती हैं।
खानपान की कौन-सी आदतें बन रही हैं खतरा
आज की डाइट में फाइबर की जगह रेड मीट, प्रोसेस्ड फूड, तला-भुना खाना और मीठे ड्रिंक्स ने ले ली है। ऐसी चीजें पाचन तंत्र को कमजोर करती हैं और आंतों में सूजन बढ़ाती हैं। फाइबर की कमी से आंतें ठीक से साफ नहीं हो पातीं, जिससे कोलन में गांठ बनने का खतरा बढ़ जाता है।
लक्षणों को नजरअंदाज करना क्यों पड़ रहा भारी
आजकल कई युवा पेट से जुड़ी समस्याओं को तनाव या काम का असर मानकर टाल देते हैं। बार-बार कब्ज या दस्त, मल में खून, लगातार थकान या पेट दर्द जैसे संकेत अक्सर अनदेखे रह जाते हैं। यही वजह है कि बीमारी का पता देर से चलता है, जब इलाज मुश्किल हो जाता है।
परिवार और जेनेटिक्स की भूमिका
अगर परिवार में पहले किसी को कोलन या दूसरे कैंसर रहे हों, तो जोखिम और बढ़ जाता है। लेकिन ज्यादातर युवा अपनी फैमिली मेडिकल हिस्ट्री पर ध्यान ही नहीं देते। कुछ जेनेटिक कंडीशन्स भी कोलन कैंसर का खतरा बढ़ा सकती हैं, जिन्हें समय रहते पहचानना जरूरी है।
बचाव और समय पर जांच है सबसे बड़ा हथियार
अच्छी बात यह है कि कोलन कैंसर को शुरुआती स्टेज में पकड़ा जा सकता है। FIT टेस्ट या कोलोनोस्कोपी जैसी जांच से कैंसर बनने से पहले ही पॉलिप्स का पता चल सकता है। रोजमर्रा की जिंदगी में ज्यादा फाइबर वाला खाना, नियमित एक्सरसाइज, तंबाकू और शराब से दूरी और अपनी गट हेल्थ पर ध्यान देना इस बीमारी से बचाव का सबसे आसान तरीका है।
