हेल्थ

सेहत के लिए टॉनिक का काम करती है कॉफी, टल जाएगा लिवर की गंभीर बीमारियों का खतरा, शोध में हुआ खुलासा

लिवर की सेहत को बेहतर बनाने के लिए लोग तरह-तरह के टॉनिक का सेवन करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि सिंपल कॉफी आपके लिवर को हेल्दी बनाने में मदद कर सकती है। जी हां आज हम आपको लिवर के लिए फायदेमंद कॉफी के इस्तेमाल के बारे में बताने जा रहे हैं।

Image

black coffee benefits for liver

लिवर हमारे शरीर के सबसे जरूरी अंगों में से एक है। क्योंकि ये हमारी पाचन से लेकर बॉडी को डिटॉक्स करने तक में मदद करता है। यदि आप चाहते हैं कि आपका लिवर हेल्दी रहे तो आपको अपने खानपान का ध्यान रखना चाहिए। आज हम आपको लिवर के लिए कॉफी के फायदे बताएंगे। टफ्ट्स यूनिवर्सिटी में हुए हालिया शोध में सामने आया है, कि "लिवर के स्वास्थ्य के लिए कॉफी काफी कारगर होती है। ये लिवर के कारण होने वाली मृत्यु जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। यह अध्ययन, अमेरिकन सोसायटी फॉर न्यूट्रिशन की वार्षिक बैठक में प्रस्तुत किया गया। इस शोध की मानें तो रोजाना एक से दो कप कॉफी पीने से लिवर रोगों से मृत्यु का जोखिम 14% तक कम हो सकता है। एक दशक तक चले इस शोध में 46,000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिससे यह स्पष्ट हुआ कि मध्यम कॉफी सेवन और कैंसर तथा हृदय रोगों से मृत्यु के बीच एक संबंध है।

कॉफी के स्वास्थ्य लाभ

हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि कॉफी का सेवन लिवर के स्वास्थ्य पर सुरक्षात्मक प्रभाव डाल सकता है। इसके अलावा नॉर्वे के एक महत्वपूर्ण अध्ययन में पाया गया कि जो लोग रोजाना दो या उससे अधिक कप कॉफी पीते हैं, उनको लिवर सिरोसिस से मृत्यु का जोखिम 40% तक कम होता है। कॉफी लिवर में फैट और सूजन को कम करने के लिए जानी जाती है, जो इसके संभावित लाभों में से एक है, इसके अलावा ये आपको मेटाबोलिक सिंड्रोम से लड़ने में मदद कर सकती है। मेटाबोलिक सिंड्रोम के कारण आपको हाई ब्लड प्रेशर, मोटापा और डायबिटीज का खतरा रहता है। कॉफी बायोएक्टिव यौगिकों से भरपूर होता है जो ओवरऑल हेल्थ का समर्थन करते हैं, जिनमें एंटीऑक्सीडेंट शामिल हैं जो ऊतकों को होने वाले नुकसान से लड़ते हैं और मेटाबोलिक प्रक्रियाओं को बढ़ावा देते हैं।

सावधानी से करें कॉफी का सेवन

कॉफी आपके लिए काफी फायदेमंद हो सकती है फिर भी कॉफी का मध्यम सेवन ही स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है। विशेषज्ञ कॉफी के अत्यधिक सेवन के खिलाफ चेतावनी भी देते हैं। क्योंकि इसके संभावित दुष्प्रभाव के कारण चिंता, अनिद्रा, और हृदय गति में वृद्धि हो सकती है। इसके अतिरिक्त कॉफी बनाने की तैयारी भी इसके स्वास्थ्य लाभों को प्रभावित कर सकती है। जैसे दूध और चीनी मिलाने से कॉफी के लाभकारी गुण कम हो सकते है और कैलोरी का सेवन बढ़ सकता है। यही कारण है कि अधिकतम स्वास्थ्य लाभ के लिए ब्लैक कॉफी पीने की सिफारिश की जाती है।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article