Benefits Of Ragi For Strong Bones: बढ़ती उम्र के साथ शरीर की पोषण की जरूरत भी बढ़ने लगती है। जैसे-जैसे व्यक्ति की उम्र बढ़ने लगती है उसकी हड्डियां व मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं। इनकी वजह से धीरे-धीरे उनका शरीर ढलने लगता है। इस दौरान शरीर में सबसे अधिक हड्डियां कमजोर होने लगती हैं और हड्डियों में मौजूद कैल्शियम धीरे-धीरे कम होने लगता है। इसलिए 30 की उम्र के बाद हमारे शरीर को कैल्शियम की आवश्यकता अधिक होती है। आमतौर पर लोग कैल्शियम की कमी को पूरा करने और हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए दूध का सेवन करते हैं। क्योंकि ऐसा माना जाता है कि दूध में कैल्शियम भरपूर मात्रा में होता है। लेकिन आपको बता दें कि बढ़ती उम्र के साथ कैल्शियम की दैनिक आवश्यकता 1000-1200 मिलीग्राम तक हो जाती है, जिसे आप सिर्फ एक गिलास दूध पीकर पूरा नहीं कर सकते हैं। ऐसे में आपको डाइट में कुछ अन्य चीजें भी शामिल करने की जरूरत है। अब सवाल यह उठता है कि डाइट में कैल्शियम बढ़ाने के लिए दूध के अलावा और क्या खाएं? क्या आप जानते हैं एक ऐसा अनाज है जिसके आटे की रोटियां बनाकर खाने से आपको भरपूर कैल्शियम मिल सकता है। इस लेख में हम आपको इसके बारे में विस्तार से बता रहे हैं...
Benefits Of Ragi For Strong Bones
कैल्शियम बढ़ाने और हड्डियां मजबूत बनाने के लिए कौन सा अनाज खाएं?
आपको बता दें कि हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए रागी का सेवन बहुत लाभकारी साबित हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस अनाज में कैल्शियम भरपूर मात्रा में पाया जाता है। आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि रागी में दूध और इससे बनी चीजों से भी अधिक कैल्शियम होता है। जितने भी मोटे अनाज होते है, उनमें सबसे अधिक कैल्शियम इस अनाज में ही पाया जाता है। रागी के हर 100 ग्राम में लगभग 345 ग्राम तक कैल्शियम होता है। सिर्फ इतना ही नहीं, यह प्रोटीन, फाइबर, फोलिक एसिड, आयरन, कैल्शियम, फास्फोरस और मैग्नीशियम आदि जैसे जरूरी पोषक तत्व भी भरपूर मात्रा में होते हैं, जो हमारे शरीर को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। बढ़ती उम्र के साथ नियमित इसका सेवन आपकी हेल्थ को बनाए रखने में मदद करेगा।
डाइट में रागी कैसे शामिल करें?
रागी की मदद से कई तरह के पकवान बनाए जा सकते हैं। इसे डाइट में शामिल करने का सबसे आसान तरीका है इसके आटे से बनी रोटी खाना। लोग इसका चीला बनाकर खाना भी पसंद करते हैं। इसके अलावा, रागी के लड्डू, उपमा, सूप आदि के रूप में इसका सेवन किया जा सकता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
