Monsoon Health Tips In Hindi: आजकल मौसम में रोज करवट ले रहा है। कभी अचानक से गर्मी बढ़ जाती है, तो कभी बारिश का मौसम हो जाता है। वहीं, जिन इलाकों में रिमछिम बरसात देखने को मिल रही है, वहां इसकी वजह से उमस भी देखने को मिल रही है। मौसम में लगातार इस तरह के बदलाव सेहत के लिए बहुत नुकसानदेह हो सकता है। क्योंकि इस दौरान हमारा शरीर लगातार मौसम में ढलने की कोशिश करता है। इस तरह के लगातार बदलाव के दौरान हमारे शरीर की इम्यूनिटी काफी प्रभावित होती है। इस दौरान लोग काफी अधिक बीमार पड़ते हैं। ऐसे में अपनी सेहत का बहुत खास ख्याल रखने की जरूरत होती है। लेकिन अक्सर हम देखते हैं कि लोग गर्मी और मानसून के बीच इस बदलते मौसम में कुछ ऐसी गलतियां करते हैं, जो उनके स्वास्थ्य के लिए काफी नुकसानदेह हो सकती हैं। ऐसे में अगर आप बीमार नहीं पड़ना चाहते हैं, तो आपको इन गलतियों से बचने की जरूरत है। बदलते मौसम के बीच आपको किन गलतियों से बचना चाहिए, इस लेख में हम आपको इनके बारे में विस्तार से बता रहे हैं..
बदलते मौसम के दौरान इन गलतियों से बचकर चलें - Mistakes To Avoid During Weather Change In Hindi
स्ट्रीट फूड खाने से बचें
सड़क किनारे मिलने वाली चीजों इस दौरान आपको बहुत जल्दी बीमार बना सकती हैं। इस दौरान वातावरण में हानिकारक बैक्टीरिया और वायरस के कण होते हैं। सड़क किनारे मिलने वाला दूषित भोजन करने से आप संक्रमित हो सकते हैं। यह पेट में इन्फेक्शन, फूड पॉइजनिंग और कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं। यह टाइफाइड और पीलिया जैसी गंभीर स्थितियों को भी जन्म दे सकता है। सड़क के किनारे मसालेदार गोलगप्पे और गर्म पकौड़े आदि खाने से बचें।
भीगने से बचें
बारिश के मौसम में भीगना और झूमना आपको बहुत लुभा सकता है, लेकिन यह आपको बीमार बनाने में भी योगदान दे सकता है। इस दौरान पानी में प्रदूषक, कीटाणु और गंदगी काफी अधिक होती है। यह आपको संक्रमण के खतरे में डाल सकते हैं। इससे सर्दी-जुकाम भी बहुत जल्दी लग सकते हैं। अगर गलती से भीग भी गए हैं, तो तुरंत शरीर को सुखाएं और कपड़े बदलें। इसके बाद चाय-कॉफी जरूर पिएं। नहाने के लिए गुनगुने पानी का प्रयोग करें।
खराब खानपान
मानसून में हमारी इम्यूनिटी पहले ही कमजोर होती है, ऐसे में अपनी डाइट का ध्यान न रखना इसे अधिक कमजोर बना सकता है। हमेशा कोशिश करें कि आप बारिश के मौसम में स्वस्थ और पोषक तत्वों से भरपूर आहार लें। भारी भोजन के बजाए हल्के फूड्स का सेवन करें। फल-सब्जियों का सेवन बढ़ा दें। हर्बल चाय, काढ़ा और अदरक आदि की चाय का सेवन करें। ये इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं।
पर्याप्त पानी न पीना
बारिश के मौसम में आपको प्यास कम लग सकती है। लेकिन आपको पर्याप्त पानी जरूर पीना चाहिए। यह शरीर को हाइट्रेड रखने के साथ-साथ इम्यूनिटी को बनाए रखने के लिए भी बहुत आवश्यक है। पानी के अलावा, इस दौरान अन्य तरल पदार्थ जैसे नारियल पानी, नींबू पानी, फलों का रस, शेक और स्मूदी का सेवन भी बढ़ा देना चाहिए। ये इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में दर्द करते हैं। साथ ही, जल जनित बीमारियों के खतरे को कम करते हैं।
गट हेल्थ का ध्यान न रखना
इम्यूनिटी को मजबूत बनाने के लिए आंतों का स्वस्थ होना बहुत महत्वपूर्ण है। इस दौरान प्रोबायोटिक्स जैसे दही, फर्मेंटेड फूड, इडली-डोसा आदि का सेवन बढ़ा देना चाहिए। ये आपकी पाचन क्रिया को दुरुस्त रखने के साथ इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करेंगे। ये आपको बीमार पड़ने से भी बचाएंगे।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
