Side Effects of Giloy: कई पोषक तत्वों से भरपूर गिलोय इम्यूनिटी बढ़ाने में बहुत कारगर होता है। जिन लोगों को बहुत जल्दी सर्दी-खांसी की समस्या होती रहती है, उनके लिए गिलोय का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। वहीं, बुखार की समस्या में भी गिलोय के सेवन से काफी राहत मिलती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि गर्मियों के मौसम में गिलोय के ज्यादा सेवन से कुछ नुकसान भी हो सकते हैं। दरअसल, गिलोय का तासीर गर्म होता है, जो गर्मियों में शरीर की गर्मी बढ़ा सकता है, जिससे कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। तो चलिए जानते हैं गर्मियों में गिलोय के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में-
गिलोय के सेवन से होती हैं ये परेशानियां
पेट की समस्या
गिलोय के ज्यादा सेवन से पेट की समस्या हो सकती है। हेल्थ एक्सपर्टस के अनुसार गर्मियों में इसके सेवन से पेट में कब्ज और जलन की समस्या बढ़ सकती है। वहीं, पाचन से जुड़ी दिक्कत भी हो सकती है। इसलिए गर्मियों में इन सभी समस्याओं से बचने के लिए गिलोय का सेवन कम करें।
लो ब्लड प्रेशर की समस्या
यदि गिलोय का सेवन ज्यादा मात्रा में किया जाए, तो इससे लो ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है। दरअसल, गिलोय के सेवन से ब्लड शुगर लेवल कम होता है। ऐसे में यदि ज्यादा मात्रा में गिलोय का सेवन किया जाए, तो इससे शुगर लेवल कम होने के साथ ही ब्लड प्रेशर भी लो हो जाता है।
प्रेग्नेंसी में होता है हानिकारक
गिलोय का सेवन प्रेग्नेंसी में हानिकारक माना जाता है। दरअसल, गिलोय में कुछ ऐसे गुण होते हैं, जो घाव को जल्दी सूखने नहीं देते। इससे प्रेग्नेंसी के दौरान कराई जाने वाली सर्जरी या बाद में की जाने वाली सर्जरी के दौरान दिक्कत होती है। इसलिए गर्भावस्था में इसके सेवन से बचें।
ऑटोइम्यून डिसऑर्डर की समस्या
ज्यादा मात्रा में गिलोय के सेवन से इम्यून सिस्टम ज्यादा सक्रिय हो जाता है, जिससे ऑटोइम्यून डिसऑर्डर हो जाता है। इसके लक्षण ऑटोइम्यून डिसऑर्डर और रूमेटाइड अर्थराइटिस हो सकते हैं। इसलिए गिलोय के ज्यादा सेवन से भी बचना चाहिए।
( डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

