Facts About Fatty Liver Disease In Hindi: आमतौर पर लोग यह मानते हैं कि फैटी लिवर की समस्या केवल शराब पीने की वजह से होती है, लेकिन यह सच नहीं है। दिल्ली AIIMS की पूर्व डॉक्टर और हेल्थ इन्फ्लूएंस डॉ. प्रियंका सहरावत के अनुसार, फैटी लिवर के पीछे कई अन्य कारण भी होते हैं, जिनमें अनहेल्दी लाइफस्टाइल, गलत खानपान, मोटापा और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं शामिल हैं। यह एक ऐसी समस्या है, जो शुरुआती चरण में ध्यान न देने पर गंभीर रूप ले सकती है और लिवर सिरोसिस तक बढ़ सकती है। इसलिए, इस बीमारी को लेकर फैले भ्रम को दूर करना जरूरी है। आइए जानते हैं फैटी लिवर से जुड़े 5 महत्वपूर्ण तथ्य, जो हर किसी को पता होने चाहिए।
फैटी लिवर के बारे में जरूर पता होनी चाहिए ये 5 बातें
1. सिर्फ शराब नहीं, ये कारण भी हैं जिम्मेदार
लोग यह सोचते हैं कि फैटी लिवर केवल शराब पीने वालों को होता है, लेकिन यह गलत है। खराब खानपान, शुगर से भरपूर खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन, मोटापा, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर भी इस बीमारी के प्रमुख कारणों में शामिल हैं।
2. कैसे पता चलता है फैटी लिवर?
जब लिवर में अत्यधिक फैट जमा हो जाता है, तो इसके कार्य करने की क्षमता प्रभावित होती है। इस दौरान व्यक्ति के रक्त में SGOT और SGPT का स्तर बढ़ जाता है। अगर पेट के ऊपरी हिस्से में भारीपन या असहजता महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए। अल्ट्रासाउंड और फाइब्रोस्कैन जैसी जांच से इसका पता लगाया जा सकता है।
3. स्वस्थ डाइट से करें बचाव
फैटी लिवर से बचने और इसे सुधारने के लिए संतुलित आहार लेना बेहद जरूरी है। फाइबर से भरपूर भोजन, जैसे सलाद, नट्स, बीज और ताजे फल खाने चाहिए। साथ ही, दिनभर में कम से कम 3-4 लीटर पानी पीना लिवर को डिटॉक्स करने में मदद करता है।
4. इन चीजों से बनाएं दूरी
फैटी लिवर को बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों से बचना जरूरी है। रिफाइंड तेल, प्रोसेस्ड फूड, जंक फूड, मिठाइयां, अधिक चीनी और शराब से दूरी बनाकर आप लिवर को सुरक्षित रख सकते हैं। धूम्रपान भी लिवर की सेहत को नुकसान पहुंचाता है, इसलिए इसे तुरंत छोड़ देना चाहिए।
5. एक्सरसाइज है रामबाण उपाय
लिवर में जमा फैट को कम करने के लिए नियमित व्यायाम करना बेहद जरूरी है। रोजाना कम से कम 30 मिनट तक एक्सरसाइज करें। दौड़ना, तेज चलना, साइकिलिंग, योग और वेट ट्रेनिंग जैसे वर्कआउट लिवर को हेल्दी बनाए रखने में मदद करते हैं।
फैटी लिवर सिर्फ शराब पीने से ही नहीं, बल्कि कई अन्य कारणों से भी हो सकता है। इसे लेकर सतर्क रहना बेहद जरूरी है। सही खानपान, व्यायाम और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाकर इस बीमारी से बचा जा सकता है। अगर कोई लक्षण दिखे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और समय पर इलाज करवाएं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
