एक्सप्लेनर्स

कौन बनेगा अगला लोकसभा स्पीकर? देखें पूरी सूची, कब कौन रहा संसद के निचले सदन का अध्यक्ष

Lok Sabha Speakers List: इस बार बीजेपी के पास बहुमत से 32 सीटें कम हैं, जिसके चलते कयास लगाए जा रहे हैं कि एनडीए में भाजपा की सहयोगी पार्टियों में से किसी को स्पीकर पद मिल सकता है। हालांकि अभी इसके लिए कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। इस रिपोर्ट में देखिए, अब तक के सभी स्पीकर्स की सूची।

Image

किस पार्टी को मिलेगी स्पीकर की कुर्सी?

Photo : Times Now Digital

Full List of Lok Sabha Speaker: लोकसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं, नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री की कुर्सी संभाल ली है, हालांकि अगला लोकसभा अध्यक्ष कौन होगा इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है। अगले लोकसभा स्पीकर का चुनाव 26 जून को होना है, जिसके लिए 25 जून की दोपहर तक उम्मीदवारों के नाम का प्रस्ताव स्वीकार किया जाएगा।

एनडीए की किस पार्टी को मिलेगी स्पीकर की कुर्सी?

पिछले दो लोकसभा चुनाव 2014 और 2019 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पूर्ण बहुमत हासिल हुई थी, जिसके चलते स्पीकर की कुर्सी के लिए भाजपा के ही सदस्य चुने गए थे। हालांकि इस बार बीजेपी के पास बहुमत से 32 सीटें कम हैं, जिसके चलते कयास लगाए जा रहे हैं कि एनडीए में भाजपा की सहयोगी पार्टियों में से किसी को स्पीकर पद मिल सकता है। हालांकि अभी इसके लिए कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। आपको बताते हैं कि स्वतंत्रता के बाद अब तक के इतिहास में भारत के कितने लोकसभा स्पीकर रहे हैं, और किसका कार्यकाल कब से कब तक रहा है।

लोकसभा अध्यक्ष और उनके कार्यकाल, देखें सूची

क्रमांकनामकार्यकाल
1गणेश वासुदेव मावलंकर15 मई 1952 - 27 फरवरी 1956
2अनंत शयनम् अयंगार8 मार्च 1956 - 16 अप्रैल 1962
3सरदार हुकम सिंह17 अप्रैल 1962 - 16 मार्च 1967
4नीलम संजीव रेड्डी17 मार्च 1967 - 19 जुलाई 1969
5जी. एस. ढिल्‍लों8 अगस्त 1969 - 1 दिसंबर 1975
6बलि राम भगत15 जनवरी 1976 - 25 मार्च 1977
7नीलम संजीव रेड्डी26 मार्च 1977 - 13 जुलाई 1977
8के एस हेगड़े21 जुलाई 1977 - 21 जनवरी 1980
9बलराम जाखड़22 जनवरी 1980 - 18 दिसंबर 1989
10रवि राय19 दिसंबर 1989 - 9 जुलाई 1991
11शिवराज पाटिल10 जुलाई 1991 - 22 मई 1996
12पी. ए. संगमा25 मई 1996 - 23 मार्च 1998
13जी एम सी बालयोगी24 मार्च 1998 - 3 मार्च 2002
14मनोहर जोशी10 मई 2002 - 2 जून 2004
15सोमनाथ चटर्जी4 जून 2004 - 30 मई 2009
16मीरा कुमार4 जून 2009 – 4 जून 2014
17सुमित्रा महाजन6 जून 2014 – 17 जून 2019
18ओम बिरला19 जून 2019 - पदस्थ

26 जून को होगा लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव

लोकसभा 26 जून को अपने नये अध्यक्ष का चुनाव करेगी। सदन के सदस्य उम्मीदवारों के समर्थन में प्रस्ताव के लिए एक दिन पहले दोपहर 12 बजे तक नोटिस दे सकते हैं। लोकसभा सचिवालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अठारहवीं लोकसभा की पहली बैठक 24 जून को होगी और सत्र तीन जुलाई को समाप्त होगा।

हाल ही में लोकसभा की ओर से जारी एक बुलेटिन में कहा गया है कि अध्यक्ष के चुनाव के लिए तय तिथि से एक दिन पहले दोपहर 12 बजे से पहले कोई भी सदस्य अध्यक्ष पद के लिए किसी अन्य सदस्य के समर्थन में प्रस्ताव के लिए महासचिव को लिखित रूप से नोटिस दे सकता है। इसमें बताया गया कि "मौजूदा मामले में अध्यक्ष के चुनाव के लिए प्रस्ताव के वास्ते नोटिस मंगलवार, 25 जून दोपहर 12 बजे से पहले दिए जा सकते हैं।"

कब होंगे नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण?

सत्र के पहले दो दिन नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण के लिए समर्पित होंगे, वहीं अध्यक्ष के चुनाव के लिए 26 जून की तिथि तय की गई है, जबकि 27 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। प्रस्ताव के लिए नोटिस का समर्थन किसी तीसरे सदस्य द्वारा किया जाना चाहिए। साथ ही, चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार द्वारा यह बयान भी दिया जाना चाहिए कि वह निर्वाचित होने पर अध्यक्ष के रूप में काम करने के लिए तैयार है।

लोकसभा सचिवालय ने नियमों का हवाला देते हुए बताया कि कोई सदस्य अपना नाम प्रस्तावित नहीं कर सकता है या अपने नाम वाले किसी प्रस्ताव का समर्थन नहीं कर सकता है। यदि कोई प्रस्ताव पारित (अपनाया) होता है, तो कार्यवाही की अध्यक्षता करने वाला व्यक्ति (प्रोटेम स्पीकर) यह घोषणा करेगा कि पारित किए गए प्रस्ताव में प्रस्तावित सदस्य को सदन का अध्यक्ष चुना गया है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हा author

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रक... और देखें

End of Article