एक्सप्लेनर्स

कौन हैं जनरल आसिम मलिक? भारत से तनाव के बीच बने पाकिस्तान के NSA, अब शुरू हुआ सेना-ISI का असली खेल

यह नया फैसला ऐसे समय में आया है जब इस्लामाबाद को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा सैन्य कार्रवाई की आशंका सता रही है। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी।

Image

ले. जनरल आसिम मलिक को पाकिस्तान एनएसए की कमान

Who is Lt Gen Muhammad Asim Malik: पहलगाम आतंकी हमले (Pahalgam Attack) के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच चरम पर है। भारत जवाबी कार्रवाई की रणनीति बना रहा है और पाकिस्तान को हमले का डर सता रहा है। आतंकी देश आए दिन भारत को युद्ध की गीदड़भभकी भी दे रहा है। इसी बीच खबर है कि पाकिस्तानी सेना युद्धाभ्यास में भी जुटी हुई है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने बुधवार को इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल मुहम्मद असीम मलिक (Lt. Gen Asim Malik) को देश का नया राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) नियुक्त किया है। पाकिस्तान का ये पैंतरा बताता है कि देश की असली कमान शहबाज शरीफ नहीं बल्कि पाकिस्तान सेना और आईएसआई के हाथों में है।

लेफ्टिनेंट जनरल असीम मलिक बने NSA

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि लेफ्टिनेंट जनरल आसिम मलिक को NSA का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सितंबर 2024 में उन्हें ISI प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया था। यह नया फैसला ऐसे समय में आया है जब इस्लामाबाद को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा सैन्य कार्रवाई की आशंका सता रही है। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े फैसले लिए हैं।

असली सत्ता सेना और आईएसआई के हाथों में

लेफ्टिनेंट जनरल आसिम मलिक को NSA की जिम्मेदारी दिया जाना बताता है कि पाकिस्तान में असल में सेना ही देश को चला रही है। तनाव भरे माहौल में फैसला शहबाज शरीफ की सरकार नहीं बल्कि सेना और आईएसआई ले रही है। आईएसआई पर पूरा नियंत्रण सेना का ही रहता है। अब एनएसए जैसा अहम पद भी आईएसआई के पास चला गया है। इसका मतलब साफ है कि पाकिस्तान की असली सत्ता सेना के हाथों में है। शहबाज शरीफ तो सिर्फ कठपुतली हैं। इमरान खान का अंजाम सब देख ही रहे हैं। उन्होंने सेना के खिलाफ मोर्चा खोला तो सरकार तो गई ही, खुद भी जेल जाना पड़ा।

आसिम मुनीर का खेल शुरू

आसिम मुनीर का खेल शुरू

आसिम मुनीर-आसिम मलिक की क्या मंशा

आर्मी चीफ आसिम मुनीर ने इमरान और पूरी दुनिया को बता दिया कि पाकिस्तान की सत्ता पर सिर्फ सेना का ही राज है और सियासी नेता तो सिर्फ मोहरा भर हैं। आसिम मुनीर पूर्व आईएसआई चीफ रह चुके हैं और इसके बाद सेना प्रमुख का भी पद हथिया लिया, इससे पता चलता है कि पाकिस्तान में सेना किस कदर मजबूत है। असीम मलिक का नया एनएसए बनना इसी की एक और कड़ी है। उधर, पहलगाम जैसे जघन्य हमले को अंजाम देने के बावजूद पाकिस्तान मानने को तैयार नहीं है कि इसमें उसके देश के आतंकियों का हाथ है। वह सिर्फ जांच की बात कह रहा है, दोषियों की सजा दिलाने की बात उसने एक बार भी नहीं कही है। शरीफ चाहकर भी कुछ नहीं कह सकते, उन्हें वही कहना होगा, जो सेना के मुताबिक हो। अगर अलग राह पकड़ी तो अंजाम इमरान जैसा ही होना है। इन दोनों की जुगलबंदी भारत-पाक तनाव को चरम पर पहुंचा सकती है। आसिम मुनीर के हालिया भाषण से साफ हो गया कि भारत और हिंदुओं के प्रति उनकी क्या सोच है। दोनों मिलकर पाकिस्तान को ऐसी गहरी खाई में धकेलने में जुट गए हैं जिससे इस देश का निकलना आसान नहीं होगा। कश्मीर और इस्लाम के नाम पर जंग और बर्बाद ही इन दोनों का मकसद लगता है।

पाकिस्तान को सता रहा डर

पाकिस्तान के मंत्रियों को भारत की कार्रवाई का इस कदर डर सता रहा है कि हर मंच पर राग अलाप रहे हैं। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि भारत द्वारा सैन्य आक्रमण नजदीक है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हाई अलर्ट पर है, लेकिन अपने परमाणु हथियारों का इस्तेमाल केवल तभी करेगा जब हमारे अस्तित्व को सीधा खतरा होगा। हमने अपनी सेना को मजबूत किया है।

पहलगाम हमले के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई

पहलगाम हमले के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई

वहीं, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह ततार ने भी अपना डर जाहिर किया। तरार ने बुधवार सुबह दावा किया कि देश को विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली है, जिससे पता चलता है कि भारत अगले 24 से 36 घंटों के भीतर सैन्य हमला कर सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब देने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों को पूरी आजादी दिए जाने के एक दिन बाद मंत्री तरार का बयान आया है जिसमें उनका डर साफ झलक रहा है।

पीएम मोदी ने सेना को दी पूरी आजादी

पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भारत का रुख बेहद सख्त है। भारत जवाबी कार्रवाई पर विचार कर रहा है और इसी सिलसिले में कल हुई एक अहम बैठक में पीएम मोदी ने सेना को पूरी आजादी दी है। भारत के तेवर देख पाकिस्तान भी घबरा उठा है और कभी परमाणु बम की धमकी दे रहा है तो कभी निष्पक्ष जांच का राग अलाप रहा है। लेकिन उसने आतंकियों पर कार्रवाई की बात एक बार भी नहीं की है।

मोदी सरकार के बड़े फैसले

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं जिनमें अटारी में बॉर्डर बंद करना, पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सार्क वीजा छूट योजना को निलंबित करना, उन्हें अपने देश लौटने के लिए 40 घंटे का समय देना और दोनों पक्षों के उच्चायोगों में अधिकारियों की संख्या कम करना शामिल है। भारत ने पहलगाम हमले के मद्देनजर 1960 में हस्ताक्षरित सिंधु जल संधि को भी स्थगति कर दिया है। इसे लेकर पाकिस्तान ने युद्ध की धमकी भी दी है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article