एक्सप्लेनर्स

कौन हैं लॉरेंस वोंग, जो फिर से बनेंगे सिंगापुर के प्रधानमंत्री; आम चुनाव में PAP ने दर्ज की भारी जीत

Who Is Lawrence Wong: प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की पीपुल्स एक्शन पार्टी ने सिंगापुर के आम चुनाव में 97 संसदीय सीटों में से 87 सीटें हासिल कर भारी जीत दर्ज की। बता दें, लॉरेंस वोंग श्युन त्साई सिंगापुर के एक राजनीतिज्ञ, अर्थशास्त्री और पूर्व सिविल सेवक हैं, जो 2024 से सिंगापुर के वर्तमान और चौथे प्रधानमंत्री और 2021 से वित्त मंत्री हैं।

Image

सिंगापुर आम चुनाव में प्रधानमंत्री वोंग की पीएपी की भारी जीत

Photo : Twitter

Lawrence Wong: प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की पीपुल्स एक्शन पार्टी (PAP) ने सिंगापुर के आम चुनाव में 97 संसदीय सीटों में से 87 सीटें हासिल कर भारी जीत दर्ज की। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी। अमेरिकी व्यापार शुल्कों के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था में उत्पन्न अनिश्चितताओं के बीच वोंग और पीएपी को आम चुनाव से नया जनादेश मिला है। सिंगापुर की सबसे पुरानी और सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी पीएपी ने 1965 में स्वतंत्रता के बाद से ही यहां शासन किया है। मार्सिलिंग-यू टी ग्रुप रिप्रेजेंटेशन कांस्टीट्यूएंसी (जीआरसी) के नतीजे घोषित होने के बाद वोंग ने कहा कि यह उनका पहला और विनम्र अनुभव था। उन्होंने मतदाताओं के लिए कड़ी मेहनत करने का संकल्प लिया। वोंग (52) ने कहा कि हम आपके मजबूत जनादेश के लिए आभारी हैं और आप सभी के लिए और भी अधिक मेहनत करके आपके द्वारा हमें दिए गए विश्वास का सम्मान करेंगे।

Lawrence Wong

Lawrence Wong

14वें आम चुनाव में 12 घंटे तक चला मतदान

इस चुनाव को प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की पहली अहम परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है, जिन्होंने पिछले वर्ष पदभार ग्रहण किया था। वह पीएपी का नेतृत्व कर रहे हैं, जो स्वतंत्रता के बाद से सिंगापुर पर शासन कर रही है। यहां के निर्वाचन विभाग (ईएलडी) ने बताया कि सिंगापुर के मतदाताओं ने देश की भावी राजनीतिक तस्वीर तय करने के लिए 1240 मतदान केंद्रों पर 97 संसदीय सीटों में से 92 के लिए मतदान किया। देश में 27,58,846 पंजीकृत मतदाता हैं। सिंगापुर में 1948 में हुए पहले आम चुनाव के बाद से यह 19वां आम चुनाव था। द्विपीय देश को 1965 में आजादी मिली थी और तब से यह 14वां आम चुनाव था। स्वतंत्रता के बाद से ही पीएपी देश की सत्ता पर काबिज है। वोंग (52) ने पिछले साल मई में नये प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उन्होंने यह पद ली सीन लूंग द्वारा लगभग दो दशक के बाद प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद ग्रहण किया। जानकारी के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार रात आठ बजे सिंगापुर में मतदान आधिकारिक रूप से बंद हो गया। इसी के साथ देश के 14वें आम चुनाव में 12 घंटे तक चला मतदान संपन्न हो गया।

Lawrence Wong

Lawrence Wong

कौन हैं लॉरेंस वोंग?

लॉरेंस वोंग श्युन त्साई सिंगापुर के एक राजनीतिज्ञ, अर्थशास्त्री और पूर्व सिविल सेवक हैं, जो 2024 से सिंगापुर के वर्तमान और चौथे प्रधानमंत्री और 2021 से वित्त मंत्री हैं। वोंग का जन्म 18 दिसंबर 1972 को सिंगापुर में ही हुआ था। वोंग ने मिशिगन विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है। 15 मई 2024 को 20 साल बाद सिंगापुर को नया प्रधानमंत्री मिला था। राष्ट्रपति थर्मन शनमुग रत्नम ने अर्थशास्त्री लॉरेंस वोंग को देश के चौथे प्रधानमंत्री के रूप में शपथ दिलाई थी। वोंग सिंगापुर के ऐसे पहले प्रधानमंत्री बने थे जो देश की आजादी के बाद पैदा हुए हैं। लॉरेंस वोंग के राजनीतिक करियर की बात करें तो वह 2020 में महामारी टास्क फोर्स के सह-अध्यक्ष के रूप में काम करते हुए ज्यादा चर्चा में आए थे। उस समय से ही वोंग देश में चर्चा में रहे। यही कारण है कि उनकी लोकप्रियता के कारण 2022 में उत्तराधिकारी बनाया गया था। प्रधानमंत्री बनने के बाद वोंग का यह पहला चुनाव था। जो देश के मौजूदा हालातों को देखते हुए कठिन माना जा रहा था। ऐसा इसलिए क्योंकि यहां महंगाई और प्रवासियों की बढ़ती भीड़ मुख्य मुद्दा था। हालांकि इन सभी मुद्दों से पार पाते हुए वोंग ने अपना पहला चुनाव जीत लिया और अपनी पार्टी की चली आ रही जीत को भी बरकरार रखा है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article