एक्सप्लेनर्स

कौन हैं BSP में कलेश की वजह बने अशोक सिद्धार्थ? मायावती को किया नाराज तो आकाश आनंद पर गिरी गाज

Who is Ashok Siddharth : रिपोर्टों के मुताबिक उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद के कायमगंज में अशोक का जन्म 5 फरवरी 1965 को हुआ। इनके पिता बसपा के संस्थापक काशीराम से जुड़े थे और इनके काफी करीबी थे। बाद में अशोक भी बसपा के संपर्क में आ गए। अशोक की दोस्ती मायावती के छोटे भाई आनंद कुमार से हो गई।

Image

मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से निकाला।

Who is Ashok Siddharth : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीम मायावती अपने भतीजे आकाश आनंद से इतनी नाराज हुईं कि पहले उन्हें पार्टी के सभी पदों से मुक्त किया और फिर बाद में पार्टी से ही निलंबित कर दिया। अपने उत्तराधिकारी के पर कतरने की घटना सियासी गलियारों से लेकर आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि इस विवाद के पीछे कोई और नहीं बल्कि आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ हैं। मायावती, अशोक पर काफी हमलावर हैं। बसपा सुप्रीमो ने अशोक पर बसपा में गुटबाजी कराने और पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगाया है।

मायावती ने ये भी कहा है कि अशोक ने उनके भतीजे आकाश का राजनीतिक करियर बर्बाद कर दिया है। कभी अशोक सिद्धार्थ की गिनती बसपा के के कद्दावर नेताओं और मायावती के करीबियों में होती थी। मायावती ने आकाश की शादी अशोक सिद्धार्थ की बेटी प्रज्ञा से करवाई थी। अशोक बहुजन समाज पार्टी के राज्यसभा सांसद भी रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने बसपा में कई अहम और बड़ी जिम्मेदारियां निभाई हैं।

5 फरवरी 1965 को हुआ जन्म

रिपोर्टों के मुताबिक उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद के कायमगंज में अशोक का जन्म 5 फरवरी 1965 को हुआ। इनके पिता बसपा के संस्थापक काशीराम से जुड़े थे और इनके काफी करीबी थे। बाद में अशोक भी बसपा के संपर्क में आ गए। अशोक की दोस्ती मायावती के छोटे भाई आनंद कुमार से हो गई। अशोक आंख के डॉक्टर हैं। उन्होंने बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी और महारानी लक्ष्मीबाई कॉलेज से पढ़ाई की है। अशोक को बसपा एमएलसी भी बना चुकी है। अशोक बसपा में साल 2008 में शामिल हुए। पार्टी के लिए उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी। पार्टी के प्रति इनकी वाफादारी और काम को देखते हुए मायावती ने पहले अशोक को एमएलसी बनाया और फिर राज्यसभा भेजा। अशोक 2016 से 2022 तक उच्च सदन के सदस्य रहे।

बेटे की शादी की पार्टी से नाराज हुईं मायावती?

बताया जा रहा है कि अशोक सिद्धार्थ ने बीते दिनों अपने बेटे की शादी की पार्टी आगर में आयोजित की। इस पार्टी में उन्होंने बसपा के गिने चुने नेताओं को बुलाया और पार्टी में उन राज्यों के कुछ खास नेता शामिल हुए जिनके अशोक सिद्धार्थ प्रभारी थे। पार्टी में यूपी से कुछ खास नेता पहुंचे थे। पार्टी में आकाश आनंद भी शामिल हुए थे लेकिन मायावती इस पार्टी में शामिल नहीं हुईं। इससे उस समय ही साफ हो गया था कि मायावती अशोक सिद्धार्थ से नाराज हैं। मायावती ने अशोक पर गुटबाजी करने और पार्टी को कमजरो करने का आरोप लगाया। बसपा ने कहा कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद अशोक पार्टी के खिलाफ काम कर रहे थे।

आकाश में राजनीतिक परिपक्वता नहीं-मायावती

मायावती ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा,'बसपा की अखिल भारतीय स्तर की बैठक में कल श्री आकाश आनंद को पार्टी हित से अधिक पार्टी से निष्कासित अपने ससुर श्री अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में लगातार बने रहने के कारण नेशनल कोआर्डिनेटर सहित सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया था, जिसका उसे पश्चताप करके अपनी परिपक्वता दिखानी थी।' उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, 'लेकिन, इसके विपरीत श्री आकाश ने जो अपनी लम्बी-चौड़ी प्रतिक्रिया दी है। वह उसके पछतावे व राजनीतिक परिपक्वता का नहीं बल्कि उसके ससुर के ही प्रभाव वाला ज्यादातर स्वार्थी, अहंकारी व गैर-जिम्मेदाराना बयान है, जिससे बचने की सलाह मैं पार्टी के ऐसे सभी लोगों को देने के साथ उन्हें दण्डित भी करती रही हूं।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article