What is Ceasefire: इजराइल और हमास के बीच सीजफायर के बाद गाजा में दो दिन से गोलीबारी और हमला बंद है। दोनों पक्षों की ओर से बंधक बनाए गए लोगों का आदान-प्रदान चल रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर सीजफायर क्या है और ये क्यों किया जाता है। इस दौरान क्या होता है, इसके क्या नियम होते हैं और क्या सीजफायर का मतलब युद्ध पूरी तरह बंद होना है, ऐसे ही कुछ सवालों के जवाब जानने की कोशिश करते हैं।
सशस्त्र हिंसा को रोकने का जरिया
सीजफायर या युद्धविराम एक निश्चित अवधि के लिए युद्धरत पक्षों के बीच सशस्त्र हिंसा को रोकने का एक तरीका है। अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून में इससे संबंधित कोई प्रावधान नहीं है कि युद्धविराम पर कब बातचीत की जानी चाहिए, उनमें क्या शामिल होना चाहिए या उन्हें कैसे लागू किया जाना चाहिए। यह केवल पिछले 50 वर्षों में ही हुआ है कि युद्ध के दौरान युद्धविराम शब्द का जिक्र आम हो गया है।
आक्रामक कार्रवाई नहीं करने का वादा
इसके तहत दोनों पक्ष सीमा पर किसी भी तरह की आक्रामक कार्रवाई नहीं करने का वादा करते हैं। इसे दोनों देशों को बीच कुछ समय के लिए युद्ध रोकने के लिए हुई औपचारिक संधि माना जा सकता है। हालांकि, सीजफायर के लिए औपचारिक संधि जरूरी नहीं है। अक्सर दोनों देश आपसी सहमति से भी यह फैसला ले लेते हैं। अगर इस समझौते के बाद भी कोई एक पक्ष या देश आक्रमक कार्रवाई या हमला करता है तो उसे सीजफायर का उल्लंघन कहा जाता है।
सीजफायर के उलट ओपनफायर
युद्ध के दौरान सीजफायर के उलट होता है ओपनफायर। ओपनफायर का मतलब होता है मोर्चा खोलना या हमला करना। जबकि सीजफायर का मतलब है हमला रोकना और युद्ध को विराम देना। शांति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए सीजफायर का समझौता होता है। इस दौरान दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमला नहीं करने पर सहमत होते हैं।
युद्धविराम से किसे फायदा?
युद्ध के दौरान सीजफायर का सीधा संबध दोनों पक्षों या दोनों में किसी एक पक्ष के साथ होता है। हालांकि, इजरायल- हमास युद्ध मामले में गाजा के फिलिस्तीनी नागरिक भी एक तीसरा पक्ष हैं। गाजा में व्यापक तबाही के बाद मानवीय आधार पर युद्धविराम किया गया है। यही वजह है कि दो दिन से गाजा में शांति है और हमास ने पहले दिन 24 बंधकों को रिहा किया है। वहीं, इजराइल ने 39 बंधकों को छोड़ा है।
सीजफायर की विशेष परिभाषा नहीं
संयुक्त राष्ट्र के दस्तावेजों को देखने पर पता चलता है कि सीजफायर, ट्रूस, सेसेशन जैसे शब्द स्थिति और राजनीतिक पृष्ठभूमि के मुताबिक इस्तेमाल किए जाते हैं। संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि सीजफायर की कोई विशेष परिभाषा नहीं है। हालात के मुताबिक कई प्रकार के सीजफायर हैं जिसे ह्यूमनिटेरियन पॉज भी कहा जाता है।
