नोबेल शांति पुरस्कार 2025। तस्वीर-AP
Nobel Peace Prize 2025: नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में 10 अक्टूबर को नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा होनी है। इस पुरस्कार पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बार-बार के दावे ने इस अवॉर्ड को दिलचस्प बना दिया है। दुनिया भर के लोग यह जानना चाहते हैं कि नोबेल का शांति पुरस्कार ट्रंप को मिलता है कि नहीं। ट्रंप ने तो यहां तक कह दिया है कि अगर यह पुरस्कार बराक ओबामा को मिल सकता है तो उन्हें क्यों नहीं। उन्होंने दुनिया भर में सात से आठ युद्ध रुकवाए हैं। इसमें भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर भी शामिल है। हालांकि, भारत ने सीजफायर में ट्रंप की भूमिका को खारिज किया है। शांति के नोबेल पर ट्रंप के बार-बार के दावे के बाद दुनिया भर में यह बहस भी छिड़ गई है कि क्या अमेरिकी राष्ट्रपति को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलना चाहिए या नहीं। अमेरिकी राष्ट्रपतियों की अगर बात करें तो नोबेल का शांति पुरस्कार अब तक चार राष्ट्रपतियों और एक उप राष्ट्रपति को मिल चुका है। यहां हम नोबेल पुरस्कार पाए इन चार राष्ट्रपतियों के बारे में जानेंगे-
शांति का नोबेल पुरस्कार पाने वाले थियोडोर रूजवेल्ट अमेरिका के पहले राष्ट्रपति थे। रूजवेल्ट को यह पुरस्कार 1906 में मिला। रूजवेल्ट को यह पुरस्कार रूस और जापान के बीच हुए युद्ध को खत्म कराने में मध्यस्थता के लिए दिया गया। रूजवेल्ट ने ‘ट्रीटी ऑफ पोर्ट्समाउथ’ पर दोनों देशों को हस्ताक्षर करने के लिए प्रेरित किया। वह 1901 से 1909 तक अमेरिका के राष्ट्रपति रहे। रूजवेल्ट ने हॉवर्ड यूनिवर्सिटी और कोलंबिया लॉ स्कूल से पढ़ाई की।
नोबेल का शांति पुरस्कार पाने वाले जिमी कार्टर अमेरिका के तीसरे राष्ट्रपति हैं। साल 2002 में उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला। उन्हें यह पुरस्कार मानवाधिकार और लोकतंत्र के प्रसार, मध्य-पूर्व में शांति प्रयासों के लिए दिया गया। उनके कार्टर सेंटर ने दुनिया में चुनाव निगरानी और गरीबी उन्मूलन की दिशा में कार्य किए। कार्टर 1977 से 1981 तक अमेरिका के राष्ट्रपति रहे। उन्होंने यूनाइटेड स्टेट नेवल अकेडमी से पढ़ाई की।
बराक ओबामा को 2009 में उनके अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और परमाणु निरस्त्रीकरण के प्रयासों के लिए नोबेल शांति पुरस्कार मिला। हालांकि, उन्हें यह पुरस्कार देने पर विवाद भी है। ओबामा को यह पुरस्कार साल 2009 में मिला। ओबामा 2009 से 2017 तक अमेरिका के राष्ट्रपति रहे। ओबामा ने ऑक्सीडेंटल कॉलेज, कोलंबिया यूनिवर्सिटी और हॉरवर्ड लॉ स्कूल से पढ़ाई की।
अमेरिका के पूर्व उप राष्ट्रपति अल्बर्ट गोर भी नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं। गोर को यह पुरस्कार 2007 में जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता के लिए दिया गया। इसके अलावा, अमेरिकी विदेश मंत्री हेनरी किसिंज और संगठन अमेरिकन रेड क्रॉस को भी शांति के लिए नोबेल पुरस्कार मिल चुका है।
इस बार नोबेल पुरस्कार की रेस में 338 उम्मीदवार हैं, जिनमें 244 लोग और 94 संगठन शामिल हैं। नोबेल शांति पुरस्कार के लिए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनिर ने ट्रंप को नॉमिनेट किया है। हालांकि एक्सपर्ट्स मानते हैं कि ट्रंप की जीत की संभावना कम है। अन्य नामों में पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान, टेस्ला के सीईओ एलन मस्क, मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम और पोप फ्रांसिस (अप्रैल में निधन हो गया) शामिल हैं। अन्य प्रमुख दावेदारों में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और संयुक्त राष्ट्र फिलिस्तीन सहायता एजेंसी के प्रमुख फिलिप लज्जारिनी शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। एक्सप्लेनर्स (Explainer News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।