एलन मस्क के Starlink से ईरान ने अमेरिका के खिलाफ लड़ी जंग? ड्रोन हमलों में इस्तेमाल का दावा, जानें कैसे काम करता है सैटेलाइट इंटरनेट

अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच स्टारलिंक की चर्चा तेज हो गई है। दरअसल, अमेरिकी अखबार की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान ने अमेरिकी सेना के खिलाफ सैन्य ऑपरेशन्स में एलन मस्क की स्टारलिंक सर्विस का इस्तेमाल किया। जानिए क्या है स्टारलिंक, ईरान तक कैसे पहुंचा इसका एक्सेस और क्यों विवादों में घिर गई मस्क की कंपनी।

अमेरिका-ईरान संघर्ष में एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक का नाम जुड़ चुका है। दरअसल, अमेरिकी अखबार द वॉशिंगटन पोस्ट ने शनिवार को इस मामले से जुड़े लोगों के हवाले से बताया कि ईरान ने मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सेना के खिलाफ मिलिट्री ऑपरेशन में मदद के लिए एलन मस्क की स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस का इस्तेमाल किया था।

us iran (10)

ईरान ने अमेरिकी सेना के खिलाफ मिलिट्री ऑपरेशन में स्टारलिंक का इस्तेमाल किया: रिपोर्ट में किया गया दावा। AI IMAGE

रिपोर्ट के मुताबिक, इस सैटेलाइट सर्विस का इस्तेमाल कमांड और कंट्रोल के लिए और वन-वे अटैक ड्रोन ऑपरेशन्स पर नजर रखने के लिए किया गया था। अखबार के मुताबिक, अमेरिकी डिफेंस सेक्रेटरी पीट हेगसेथ को युद्ध पर दिए गए एक क्लासिफाइड अपडेट में ईरान के स्टारलिंक के इस्तेमाल के बारे में संक्षेप में जानकारी दी गई थी। हालांकि, पेंटागन ने कहा कि उसे अखबार में बताई गई डिफेंस सेक्रेटरी के ऑफिस को भेजी गई सेंट्रल कमांड की रिपोर्ट के बारे में जानकारी नहीं है।

ईरान में अमेरिकी सेना ने स्टारलिंक का इस्तेमाल किया: रिपोर्ट में दावा।

वहीं, इस रिपोर्ट में यह साबित नहीं किया गया कि 1 मार्च को कुवैत के पोर्ट शुएबा स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर हुए उस ड्रोन हमले में स्टारलिंक का इस्तेमाल किया गया था, जिसमें छह अमेरिकी सैनिक मारे गए थे। पेंटागन ने कहा कि उसे इस विषय पर सेंट्रल कमांड की ऐसी किसी रिपोर्ट की जानकारी नहीं है।

इस खुलासे के बाद स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क नाराज हो गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि जिस तकनीक का इस्तेमाल अमेरिका अपने सहयोगियों और ईरान के आम नागरिकों तक इंटरनेट पहुंचाने के लिए करता रहा, उसी तकनीक के सैन्य इस्तेमाल का आरोप अब ईरान पर लगा है।

आखिर स्टारलिंक क्या है? ईरान को इसका एक्सेस कैसे मिला? क्या इससे ड्रोन हमलों को कंट्रोल किया जा सकता है? और इस पूरे विवाद में अमेरिका खुद कैसे फंस गया है? आइए समझते हैं।

स्टारलिंक, एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा है। सामान्य इंटरनेट सेवाओं में डेटा पहुंचाने के लिए जमीन पर मौजूद मोबाइल टावर, फाइबर ऑप्टिक केबल और दूसरे नेटवर्क का इस्तेमाल होता है। लेकिन स्टारलिंक सीधे अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराता है।

ईरान ने अमेरिकी सेना के खिलाफ मिलिट्री ऑपरेशन में स्टारलिंक का इस्तेमाल किया: रिपोर्ट में दावा

कैसे काम करता है सैटेलाइट इंटरनेट?

बता दें कि धरती की निचली कक्षा यानी लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) में हजारों छोटे सैटेलाइट मौजूद हैं। यूजर अपने घर, गाड़ी या किसी अन्य जगह पर स्टारलिंक की डिश लगाता है, जो सैटेलाइट से सिग्नल प्राप्त करती है। सैटेलाइट और ग्राउंड स्टेशन के नेटवर्क के जरिए यूजर को इंटरनेट मिलता है। इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि जहां मोबाइल नेटवर्क या फाइबर इंटरनेट उपलब्ध नहीं है, वहां भी कनेक्टिविटी दी जा सकती है। युद्ध के दौरान जब पारंपरिक संचार व्यवस्था नष्ट हो जाती है या बंद कर दी जाती है, तब यह तकनीक बेहद अहम हो सकती है।

ईरान को स्टारलिंक का एक्सेस कैसे मिला?

ईरान में स्टारलिंक को आधिकारिक तौर पर संचालन की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद वहां इसके टर्मिनल यानी इंटरनेट से जुड़ने वाली डिश मौजूद हैं। ईरान की सरकार ने कई बार विरोध प्रदर्शनों और सुरक्षा संकट के दौरान इंटरनेट सेवाओं पर पाबंदी लगाई है। जनवरी 2026 में भी देशव्यापी इंटरनेट ब्लैकआउट की खबरें आई थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने हजारों स्टारलिंक टर्मिनल ईरान में पहुंचाए थे, ताकि वहां के लोग सरकारी इंटरनेट प्रतिबंधों को दरकिनार कर सकें।

एलन मस्क पहले भी कह चुके हैं कि ईरान में स्टारलिंक सक्रिय है। लेकिन समस्या यह है कि जिन टर्मिनलों का इस्तेमाल आम नागरिक और सरकार विरोधी प्रदर्शनकारी मदद के लिए कर सकते हैं, वे गलत हाथों में भी पहुंच सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी अधिकारी ऐसे टर्मिनल जब्त कर सकते हैं या तस्करी के जरिए उन्हें सैन्य इस्तेमाल के लिए हासिल कर सकते हैं।

अमेरिका ने ईरानी नागरिकों की मदद के लिए ईरान पहुंचाए हजारों स्टारलिंक टर्मिनल: रिपोर्ट में दावा

क्यों नाराज हैं एलन मस्क?

रिपोर्ट के मुताबिक, मस्क को जानकारी मिली कि उनकी कंपनी के सैटेलाइट इंटरनेट नेटवर्क का इस्तेमाल ईरान की सैन्य गतिविधियों में किया जा रहा है। इससे वह नाराज हो गए, क्योंकि कंपनी ने इस तरह के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी थी।

अमेरिकी सेना भी स्पेसएक्स की सैन्य संचार सेवा स्टारशील्ड (Starshield) का इस्तेमाल कर रही थी। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने LUCAS नाम के एकतरफा हमलावर ड्रोन के लिए स्टारशील्ड का इस्तेमाल किया, लेकिन इसके लिए वह उस सस्ते सब्सक्रिप्शन प्लान पर काम कर रही थी, जो जमीन पर इस्तेमाल के लिए था। जबकि ड्रोन ऑपरेशन्स के लिए अलग और महंगा प्लान निर्धारित था।

यानी एक तरफ मस्क को ईरान की ओर से कथित अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर नाराजगी थी, तो दूसरी तरफ अमेरिकी सेना भी उनकी कंपनी की सेवा का इस्तेमाल तय शर्तों से अलग तरीके से कर रही थी।

स्टारलिंक और स्टारशील्ड में क्या है अंतर?

स्टारलिंक स्टारशील्ड
आम लोगों और व्यवसायों के लिए इंटरनेट सेवा सरकारी और सैन्य जरूरतों के लिए
सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट कनेक्टिविटी सैन्य संचार और अंतरिक्ष आधारित
घरों, गाड़ियों और दूरदराज के इलाकों में उपयोग रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मिशन

रूस भी यूक्रेन युद्ध में कर चुका है स्टारलिंक का इस्तेमाल

स्टारलिंक के सैन्य इस्तेमाल को लेकर यह पहला विवाद नहीं है। इससे पहले रूस पर भी यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में स्टारलिंक टर्मिनलों के इस्तेमाल के आरोप लगे थे।रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन ने जनवरी 2026 में स्पेसएक्स से रूसी ड्रोन में लगे स्टारलिंक टर्मिनलों को बंद करने की मांग की थी। इसके बाद स्पेसएक्स ने यूक्रेन में 70 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चलने वाले टर्मिनलों पर पाबंदी लगाई। यूक्रेन की सेना के लिए एक अलग व्हाइटलिस्ट सिस्टम बनाया गया, जिसमें केवल मंजूर टर्मिनलों को ही नेटवर्क इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई।

End Article
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor ...

End of Feed