Islamabad Serena Hotel : सीजफायर पर बातचीत आगे बढ़ाने के लिए अमेरिका और ईरान दोनों देशों का शिष्टमंडल इस्लामाबाद में मौजूद है। इस शांति वार्ता पर दुनिया भर की नजरें लगी हुई हैं। इस हाई प्रोफाइल बैठक को देखते हुए इस्लामाबाद को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी एवं सुरक्षाबल तैनात हैं। ईरान और अमेरिका के बीच शिष्टमंडल स्तर की वार्ता जिस होटल में होगी, उस होटल में भी सुरक्षा चाक-चौबंद है। सुरक्षा खासकर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की उपस्थिति को देखते हुए होटल को पहले ही अन्य मेहमानों से खाली करा लिया गया। इस होटल का नाम सेरेना है। इस उच्चस्तरीय बैठक के लिए राजधानी के इस होटल को चुनने की भी वजहें हैं। यह होटल कई मायनों और सुविधाओं के लिहाज से खास है। यहां हम इस होटल की खासियतों के बारे में जानेंगे-
इस्लामाबाद का सेरेना होटल
इस्लामाबाद के सेरेना होटल की गिनती शहर के प्रमुख पांच सितारा होटलों में होती है। यह सेरेना होटल्स समूह का हिस्सा है, जिसका प्रबंधन टूरिज्म प्रमोशन सर्विसेज लिमिटेड द्वारा किया जाता है। यह कंपनी सेरेना ब्रांड की मालिक और संचालक है, और आगा खान फंड फॉर इकोनॉमिक डेवलपमेंट इसकी सबसे बड़ी हिस्सेदार है। इस होटल का उद्घाटन वर्ष 2002 में तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ द्वारा किया गया था। सेरेना होटल राजधानी के एक सुरक्षित इलाके में स्थित है, जो संवेदनशील वार्ताओं और उच्च-स्तरीय कूटनीतिक बैठकों के लिए उपयुक्त है। यहां अक्सर राजनयिकों, अंतरराष्ट्रीय मेहमानों और आधिकारिक प्रतिनिधिमंडलों की मेजबानी की जाती है। यह होटल छह एकड़ में फैले खूबसूरत बहु-स्तरीय बागानों के बीच स्थित है।
प्रेसिडेंशियल सुइट्स और एग्जीक्यूटिव लाउंज
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, होटल की विशेष बनावट में प्रेसिडेंशियल सुइट्स और एग्जीक्यूटिव लाउंज शामिल हैं, जो महत्वपूर्ण बैठकों और निजी चर्चाओं के लिए डिजाइन किए गए हैं। अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडलों के नेता इन सुविधाओं का उपयोग वार्ता के दौरान करेंगे। सेरेना होटल में 336 कमरे और 52 सुइट्स हैं, जिन्हें स्वाती या पंजाबी शैली में सजाया गया है, और इनमें इंटरैक्टिव टीवी तथा इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध है। होटल की डिजाइन पाकिस्तान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है।
बॉलरूम में 1,000 लोगों के बैठने की क्षमता
होटल में कई रेस्टोरेंट्स हैं और एक भव्य बॉलरूम भी है, जिसमें करीब 1,000 लोगों के बैठने की क्षमता है। इसके अलावा, यहां बिजनेस और कॉन्फ्रेंस सुविधाएं, आधुनिक हेल्थ क्लब और आउटडोर स्विमिंग पूल भी मौजूद हैं। कार्यक्रम के करीब आने के साथ इस्लामाबाद में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, खासकर होटल और उसके आसपास के इलाकों में। राजधानी के प्रमुख क्षेत्रों में आवाजाही पर भी कुछ पाबंदियां लगाई गई हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए लगातार समन्वय कर रही हैं।
सेरेना होटल के सुइट्स का किराया
सेरेना होटल की वेबसाइट के मुताबिक इसमें कई तरह के कमरे और सुइट मौजूद हैं। इनमें डीलक्स रूम, एग्जिक्यूटिव रूम, जूनियर सुइट, एग्जिक्यूटिव सुइट, प्रेसिडेंशियल सुइट्स, प्रीमियर फ्लोर और रॉयल क्लब फ्लोर शामिल हैं। इन सभी का एक रात का किराया अलग-अलग है। होटल की वेबसाइट के मुताबिक 12 अप्रैल का किराया इस प्रकार है। डीलक्स रूम: 160 डॉलर (करीब 44,611 पाकिस्तानी रुपये)। अधिकतम दो लोग रह सकते हैं। एग्जिक्यूटिव रूम: 200 डॉलर (करीब 55,765 रुपये)। अधिकतम दो लोग रह सकते हैं। जूनियर सुइट: 300 डॉलर (करीब 83,647 रुपये)। अधिकतम दो लोग रह सकते हैं। एग्जिक्यूटिव सुइट: 400 डॉलर (करीब 1.12 लाख रुपये)। अधिकतम दो लोग रह सकते हैं। प्रेसिडेंशियल सुइट्स: 2500 डॉलर (करीब 7 लाख रुपये)। अधिकतम दो लोग रह सकते हैं।
