एक्सप्लेनर्स

अभी से शुरू होता है अमेरिका का स्वर्ण युग...जानिए ट्रंप के भाषण की 10 बड़ी बातें

रिपब्लिकन पार्टी के नेता ट्रंप (78) ने एक ताकतवर नेतृत्व और एक शक्तिशाली राष्ट्रपति की दृष्टि के साथ व्हाइट हाउस में वापसी की है। साथ ही उन्होंने आव्रजन, शुल्क और ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों में अमेरिकी नीतियों को आक्रामक रूप से बदलने का वादा किया है।

Image

डोनाल्ड ट्रंप के भाषण की बड़ी बातें

Donald Trump Speech: डोनाल्ड जे. ट्रंप ने सोमवार को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। ट्रंप ने कई कार्यकारी फैसलों की घोषणा करते हुए कहा कि अमेरिका का स्वर्ण युग अभी से शुरू होता है। ट्रंप ने अपने शपथ ग्रहण के बाद एक जोरदार संबोधन में 20 जनवरी के दिन को लिबरेशन डे बताया। उन्होंने कहा कि अब अमेरिका के अच्छे दिनों की शुरुआत होगी और परिवर्तन बहुत जल्दी आएगा। रिपब्लिकन पार्टी के नेता ट्रंप (78) ने एक ताकतवर नेतृत्व और एक शक्तिशाली राष्ट्रपति की दृष्टि के साथ व्हाइट हाउस में वापसी की है। साथ ही उन्होंने आव्रजन, शुल्क और ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों में अमेरिकी नीतियों को आक्रामक रूप से बदलने का वादा किया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशेष दूत के रूप में शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। ट्रंप के भाषण की 10 बड़ी बातें जानिए।

  • अमेरिका पृथ्वी पर सबसे महान, सबसे शक्तिशाली, सबसे सम्मानित राष्ट्र के रूप में अपना उचित स्थान दोबारा हासिल करेगा, जिससे देश को पूरी दुनिया की प्रशंसा मिलेगी।
  • आज के बाद से हमारा देश फिर से समृद्ध होगा और पूरी दुनिया में इसका सम्मान किया जाएगा। हर देश हमसे ईर्ष्या करेगा और हम कतई ऐसा नहीं होने देंगे कि कोई हमारा फायदा उठाए।
  • वर्षों से अभिव्यक्ति पर अवैध और असंवैधानिक पाबंदी के बाद, मैं सभी प्रकार की सेंसरशिप पर रोक और अमेरिका में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को वापस लाने के लिए एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करूंगा।
  • न्याय के तराजू को फिर से संतुलित किया जाएगा। न्याय विभाग और सरकार का क्रूर, हिंसक और अनुचित हथियारीकरण समाप्त हो जाएगा।
  • हम असफल नहीं होंगे। आज के दिन से अमेरिका एक मुक्त, सम्प्रभु और स्वतंत्र राष्ट्र होगा। भविष्य हमारा है और हमारा स्वर्ण युग अभी से शुरू होता है।
  • अमेरिका का स्वर्णिम युग अभी शुरू हो रहा है। एक रोमांचक नए युग की शुरुआत हो रही। एक राष्ट्र पहले से कहीं अधिक महान, मजबूत और कहीं अधिक असाधारण।
  • अपनी संप्रभुता को फिर से हासिल करेंगे। हमारी सुरक्षा बहाल की जाएगी। न्याय के तराजू को फिर से संतुलित किया जाएगा।
  • हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता एक ऐसा राष्ट्र बनाना होगी जो गौरवान्वित, समृद्ध और स्वतंत्र हो।
  • हमारे पास एक ऐसी सरकार थी जो घरेलू स्तर पर एक साधारण संकट को भी नहीं संभाल सकी जबकि विदेशों में विनाशकारी घटनाएं जारी हैं।
  • उन्होंने कहा कि सरकार कानून का पालन करने वाले नागरिकों के बजाय खतरनाक आप्रवासियों की रक्षा करती रही, अमेरिकी सीमाओं की कीमत पर विदेशी सीमाओं की रक्षा करती है और आपातकाल के समय में बुनियादी सेवाएं तक प्रदान नहीं कर सकती है। आज से यह सब बदल जाएगा, और यह बहुत तेजी से बदलेगा।

कमला हैरिस को हराया

ट्रंप ने पांच नवंबर के राष्ट्रपति चुनाव में अपनी प्रतिद्वंद्वी एवं डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस पर शानदार जीत दर्ज की थी। चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप की हत्या के इरादे से उन पर दो बार हमला किया गया। ट्रंप को राष्ट्रपति रहते दो बार महाभियोग का भी सामना करना पड़ा था। चार साल पहले, ट्रंप ने पद पर बने रहने के लिए 2020 के राष्ट्रपति चुनाव के परिणामों को पलटने का असफल प्रयास किया था। नवीनतम चुनाव में उनकी जीत को अमेरिकी राजनीतिक इतिहास में सबसे अहम जीत माना गया है।

अमेरिका की राजधानी में बहुत अधिक ठंड होने की वजह से शपथग्रहण समारोह कैपिटल रोटुंडा (संसद भवन के केंद्रीय कक्ष) में आयोजित किया गया। पहले शपथग्रहण समारोह खुले स्थान पर आयोजित करने की योजना बनाई गई थी। इस समारोह में ट्रंप की पत्नी मेलानिया, उनकी बेटी इवांका और इवांका के पति जेरेड कुशनर और अरबपति एलन मस्क, जेफ बेजोस तथा टिम कुक शामिल हुए।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर बधाई! मैं दोनों देशों को लाभ पहुंचाने और दुनिया के बेहतर भविष्य को आकार देने के लिए एक बार फिर एक साथ मिलकर काम करने की आशा करता हूं। आगे एक सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं!

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article