आतंकवाद और अंतरिक्ष से लेकर अन्नदाताओं तक, 5 प्वाइंट में जानें मोदी के 'मन की बात', पाकिस्तान के लिए क्या संदेश?
मन की बात में प्रधानमंत्री ने पहलगाम हमले का खास तौर पर जिक्र किया। पाकिस्तान की ओर इशारा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन शहर में किया गया यह हमला आतंकवाद के सरपरस्तों की हताशा एवं कायरता को दर्शाता है।

मन की बात से पाकिस्तान को साफ संदेश
PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' (Mann Ki Baat) के 121वें एपिसोड में पहलगाम हमला (Pahalgam attack: ), अंतरिक्ष के क्षेत्र में हमारी उपलब्धियों, अन्नदाताओं के कड़े परिश्रम से लेकर वैश्विक पटल पर भारत का मान बढ़ाने समेत कई अहम मुद्दों से देशवासियों को रूबरू कराया। खास तौर पर पीएम मोदी ने पहलगाम हमले का जिक्र कर दोषियों को सख्त सजा की बात दोहराई। पीएम के संबोधन से साफ हुआ कि पहलगाम की घटना भुलाई नहीं जा सकेगी और भारत इसका प्रतिशोध जरूर लेगा। उन्होंने फिर कहा कि पीड़ितों को हर हाल में न्याय मिलेगा। आइए पीएम मोदी के संबोधन की 5 प्रमुख बातों पर एक नजर डालते हैं और इसमें पाकिस्तान के लिए क्या संदेश है जानते हैं।
आतंकवाद के आका चाहते हैं कि कश्मीर फिर से बर्बाद हो जाए
मन की बात में प्रधानमंत्री ने पहलगाम हमले का खास तौर पर जिक्र किया। पाकिस्तान की ओर इशारा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन शहर में किया गया यह हमला आतंकवाद के सरपरस्तों की हताशा एवं कायरता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह हमला ऐसे समय में किया गया जब घाटी में शांति और विद्यालयों व महाविद्यालयों में रौनक लौट रही थी, निर्माण कार्य में अभूतपूर्व गति आई थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, पर्यटकों की संख्या रिकॉर्ड दर से बढ़ रही थी, लोगों की आय बढ़ रही थी और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो रहे थे। मोदी ने कहा, देश के दुश्मनों, जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को यह रास नहीं आया। आतंकवादी और आतंकवाद के आका चाहते हैं कि कश्मीर फिर से बर्बाद हो जाए और इसलिए उन्होंने इतनी बड़ी साजिश को अंजाम दिया।
हर भारतीय का खून खौल रहा
उन्होंने कहा, मुझे एहसास है कि आतंकवादी हमले की तस्वीरों को देखकर हर भारतीय का खून खौल रहा है। मैं पीड़ित परिवारों को फिर भरोसा देता हूं कि उन्हें न्याय मिलेगा, न्याय मिलकर रहेगा। इस हमले के दोषियों और साजिश रचने वालों को कठोरतम जवाब दिया जाएगा। हमें देश के सामने आई इस चुनौती का सामना करने के लिए अपने संकल्पों को मजबूत करना है। हमें एक राष्ट्र के रूप में दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रदर्शन करना है। आज दुनिया देख रही है कि इस आतंकवादी हमले के बाद पूरा देश एक स्वर में इसके खिलाफ बोल रहा है। उन्होंने कहा कि इस हमले की पूरी दुनिया ने निंदा की है। मोदी ने कहा, भारत के लोगों में जो आक्रोश है, वह आक्रोश पूरी दुनिया में है। इस आतंकवादी हमले के बाद दुनिया-भर से लगातार संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। मुझे दुनिया के कई नेताओं ने फोन किए हैं, पत्र लिखे हैं, संदेश भेजे हैं। जघन्य तरीके से किए गए इस आतंकवादी हमले की सभी ने कठोर निंदा की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
दिवंगत वैज्ञानिक कस्तूरीरंगन के योगदान को याद किया
पीएम मोदी ने देशवासियों के नाम संबोधन में दिवंगत वैज्ञानिक कस्तूरीरंगन के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि कस्तूरीरंगन ने इसरो और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य किए। इसके साथ ही उन्होंने आर्यभट्ट सैटेलाइट की लॉन्चिंग के 50 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी और बताया कि कैसे भारत अब एक ग्लोबल स्पेस पावर बन चुका है। साथ ही, चंद्रयान-3 और गगनयान जैसे मिशनों का उल्लेख किया। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि अब भारत ने अपने स्पेस सेक्टर को प्राइवेट सेक्टर के लिए भी खोल दिया है। आज बहुत से युवा स्पेस स्टार्टअप में नए झंडे लहरा रहे हैं। 10 साल पहले इस क्षेत्र में सिर्फ एक कंपनी थी, लेकिन आज देश में, सवा तीन सौ से ज्यादा स्पेस स्टार्टअप काम कर रहे हैं। आने वाला समय स्पेस में बहुत सारी नई संभावनाएं लेकर आ रहा है। भारत नई ऊंचाइयों को छूने वाला है।
ऑपरेशन ब्रह्मा में भारत की भूमिका
हाल ही में म्यांमार में आए भूकंप की घटना का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन ब्रह्मा में भारत की भूमिका पर प्रकाश डाला। ऑपरेशन ब्रह्मा की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय टीम के साहसिक कार्यों की जानकारी दी। वैश्विक मानवीय प्रयासों में भारत की भागीदारी पर भी उन्होंने बात की। पीएम ने बताया कि भारत ने अफगानिस्तान और नेपाल को बड़ी मात्रा में वैक्सीन और दवाएं भेजी हैं। साथ ही, इथियोपिया में बच्चों के इलाज के लिए प्रवासी भारतीयों के प्रयासों की भी तारीफ की।
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के दौरान 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की सफलता का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस अभियान के तहत देश भर में 140 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाए गए हैं और यह अभियान पर्यावरण की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह अभियान उस मां के नाम है, जिसने हमें जन्म दिया और यह उस धरती मां के लिए भी है, जो हमें अपनी गोद में धारण किए रहती है। भारत की इस पहल को देखते हुए, देश के बाहर भी लोगों ने अपनी मां के नाम पर पेड़ लगाए हैं।
खेती में नवाचार का भी जिक्र
इसके अलावा, पीएम मोदी ने अपने संबोधन में खेती में नवाचार का भी जिक्र किया। उन्होंने कर्नाटक, हिमाचल, केरल और राजस्थान जैसे राज्यों में सेब, केसर और लीची की अनोखी खेती के उदाहरण देकर किसानों की नवोन्मेषक सोच को सराहा। पीएम मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए विज्ञान और युवा प्रतिभा की सराहना भी की। दंतेवाड़ा और गुजरात साइंस सिटी जैसे उदाहरणों से यह जताया कि विज्ञान और नवाचार की ओर देश का युवा आगे बढ़ रहा है। (आईएएनएस इनपुट)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। एक्सप्लेनर्स (Explainer News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
करीब 18 वर्षों से पत्रकारिता के पेशे से जुड़ा हुआ हूं। इस दौरान प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल का अनुभव हासिल किया। कई मीडिया संस्थानों में मिले अनुभव ने ...और देखें

भारत ने पाकिस्तान के चीनी हथियार सिस्टम पर की बड़ी चोट, एयर डिफेंस से इलेक्ट्रॉनिक वॉर तक... साबित की श्रेष्ठता

भारत ने तैयार किया ड्रोन किलर 'भार्गवास्त्र', हर टारगेट पर साधा निशाना, जानिए क्यों इसकी ताकत से थर्राएगा दुश्मन

कनाडा की विदेश मंत्री बनने वाली पहली हिंदू महिला हैं अनीता आनंद, कई अहम पदों पर दे चुकी हैं सेवा

कौन हैं कशिश चौधरी, बलोचिस्तान की पहली हिंदू असिस्टेंट कमिश्नर बनकर रचा इतिहास

केवल ड्रोन ही नहीं, PAK को भरपूर सैन्य मदद देता आया है तुर्किये, दोनों के बीच है दशकों पुरानी सैन्य साझेदारी
© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited