एक्सप्लेनर्स

BJP के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश का केंद्र हुआ लखनऊ, लोकसभा चुनाव से पहले मजबूत किलेबंदी की तैयारी

  • Authored by: कुलदीप राघव
  • Updated Jul 31, 2023, 09:11 AM IST

BJP New National Team: दोबारा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष बनने के 6 महीने बाद जेपी नड्डा ने शनिवार को अपनी नई टीम यानी भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इस टीम में आरएसएस के क्षेत्र प्रचारक रहे शिवप्रकाश दोबारा राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री बनाए गए हैं और उनके केंद्र मुंबई से बदलकर लखनऊ किया गया है।

Image

Shiv Prakash BJP

BJP New National Team: दोबारा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष बनने के 6 महीने बाद जेपी नड्डा ने शनिवार को अपनी नई टीम यानी भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। 38 सदस्यों वाली वाली इस नई कार्यकारिणी में 13 उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महामंत्री, 13 राष्ट्रीय मंत्री बनाए गए हैं। वहीं बीएल संतोष दोबारा राष्ट्रीय महामंत्री संगठन और शिवप्रकाश राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री बनाए गए हैं। बीजेपी की नई कार्यकारिणी में उत्तर प्रदेश को खास तरजीह मिली है। इस बार यूपी से 8 नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह मिली है।

कार्यकारिणी में यूपी से तीन नेताओं को उपाध्यक्ष, दो नेताओं को महामंत्री बनाया गया है। एक अहम बदलाव इस सूची में हुआ है जोकि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर काफी महत्वपूर्ण नजर आ रहा है। BJP के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश का केंद्र परिर्वतन हुआ है। पश्चिम बंगाल से लेकर महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश से लेकर तेलंगाना तक जिस संघ प्रचारक ने भाजपा को बूथ स्तर तक मजबूत किया है, उन्हीं राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश का केंद्र अब मुंबई की बजाय लखनऊ होगा।

पार्टी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर इलेक्शन मोड में आ गई है और 80 लोकसभा सीटों वाले सबसे अहम सूबे यानी यूपी में मजबूत किलेबंदी करना चाहती है। इस बार भाजपा 80 की 80 सीट जीतकर क्लीन स्वीप करना चाहती है। यही वजह है कि यूपी के मुरादाबाद के रहने वाले शिवप्रकाश का केंद्र 2019 के चुनाव की तरह वापस उत्तर प्रदेश किया गया है।

BJP National co Organization General Secretary Shiv Prakash

BJP National co Organization General Secretary Shiv Prakash

2020 में भोपाल और 2022 में केंद्र हुए मुंबई

दिसंबर 2020 में उनका केंद्र लखनऊ की बजाया भोपाल किया गया था और उनको मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल का प्रभार सौंपा गया। इसके बाद जुलाई 2022 में उनका केंद्र भोपाल से मुंबई कर दिया गया था। शिवप्रकाश की गिनती राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तेजतर्रार प्रचारकों में होती है। बीजेपी में अध्यक्ष के बाद संगठन महामंत्री सबसे महत्वपूर्ण पद है जोकि आएसएस और भाजपा के बीच समन्वय का काम करता है। जिला स्तर पर संघ की तरह समर्पित और जुझारू कार्यकताओं की फौज तैयार करने वाली 'बूथ विस्तारक योजना' को धरातल पर लाने वाले शख्स शिव प्रकाश ही थे। 2017 में वह जिला विस्तारक योजना के अखिल भारतीय प्रमुख बनाए गए। उसी के बाद पूरे देश में सभी जिलों में भाजपा के जिला विस्तारक बनाए गए जो चुनावों में अहम भूमिका निभाते हैं।

आरएसएस के क्षेत्र प्रचारक रहे हैं शिव प्रकाश

शिव प्रकाश राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में पश्चिम क्षेत्र (मेरठ प्रांत, बृज प्रांत और उत्तराखंड प्रांत) के क्षेत्र प्रचारक रहे हैं। उन्हें आरएसएस की ओर से 2014 में भारतीय जनता पार्टी में भेजा गया था। 1986 में वह संघ के प्रचारक बने थे। पश्चिम यूपी में प्रांत प्रचारक रहने के बाद क्षेत्र प्रचारक भी रहे। 2014 लोकसभा चुनावों में अमित शाह उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी थे। 2014 लोकसभा चुनावों में शिवप्रकाश की संगठनात्मक क्षमताओं को देखते हुए 2015 में लोकसभा चुनाव के बाद उन्हें पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई। शिवप्रकाश ने 2016 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का मत प्रतिशत 4 प्रतिशत से बढ़ाकर 11 प्रतिशत पहुंचा दिया था। पंचायत चुनावों में यह प्रतिशत बढ़ कर 40 प्रतिशत तक पहुंच गया है। 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव में वह बीजेपी के अनसंग हीरो कहलाए। उन्होंने बांग्ला सीखी और गांव-गांव घूमकर पार्टी के लिए जमीन तैयार की। 2015 में पश्चिम बंगाल आने के बाद शिव प्रकाश ने बूथ लेवल पर काम किया। गांव-गांव में कार्यकर्ता खड़े किए। 78 हजार बूथों में से ज्यादातर में पार्टी की कमेटियों का गठन किया। अब उन्हीं शिव प्रकाश को यूपी लाया गया है।

कुलदीप राघव
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article