एक्सप्लेनर्स

मिशन 2024: यूपी में BJP ने रखा 80 सीट जीतने का लक्ष्य, एक चौथाई सांसदों का टिकट कटना तय

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 14, 2023, 11:55 AM IST

BJP Mission 2024 : विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो उत्तर प्रदेश में पार्टी ने सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। लोकसभा चुनाव में जाने से पहले भाजपा ने सांसदों और मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार करवाया है। चुनावी सर्वे वाली एजेंसी इस काम में लगी है और फाइनल रिपोर्ट इसी महीने संगठन तक पहुंच जाएगी।

Image

भाजपा ने यूपी में लोकसभा की सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।

BJP Mission 2024 : पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव होने में अब 6 महीने से भी कम समय बचा है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार प्रचंड बहुमत में सत्ता में आने का इतिहास रचना चाहती है। भाजपा का लक्ष्य है कि 2024 में साल 2019 के चुनाव से भी अधिक सीटें हासिल की जाएं। ऐसे में पार्टी संगठन अपनी रणनीति बदलकर काम कर रहा है।

सांसदों-मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कराया

विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो उत्तर प्रदेश में पार्टी ने सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। लोकसभा चुनाव में जाने से पहले भाजपा ने सांसदों और मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार करवाया है। चुनावी सर्वे वाली एजेंसी इस काम में लगी है और फाइनल रिपोर्ट इसी महीने संगठन तक पहुंच जाएगी। इस रिपोर्ट के मुताबिक कई ऐसे सांसद हैं जिनसे लोग खुश नहीं हैं। इनमें कई मंत्री, पूर्व मंत्रियों तक की सीट खतरे में नजर आ रही है।

एक चौथाई सांसद खरे नहीं उतर पाए हैं

सूत्रों की मानें तो जिन सांसदों का रिपोर्ट कार्ड सराहनीय नहीं होगा, उनको इस बार टिकट नहीं मिलेगा। वहीं जनता की तरफ से जिन सांसदों की शिकायतें संगठन के पास पहुंची हैं, उन्हें भी पार्टी चुनाव मैदान में नहीं भेजेगी। इस कसौटी पर यूपी के एक चौथाई सांसद खरे नहीं उतर पाए हैं और ऐसा माना जा रहा है कि इन एक चौथाई सांसदों का टिकट पार्टी काटने के मूड में है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आधा दर्जन से अधिक सीटों पर भाजपा सांसदों के टिकट काटेगी।

सूत्रों ने बताया कि सर्वे के आधार पर देश की राजधानी से सटी यूपी की लोकसभा सीटों पर वर्तमान सांसदों का रिपोर्ट कार्ड सराहनीय नहीं है। इन सीटों में गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बागपत शामिल हैं। वहीं बिजनौर, रामपुर, संभल, अमरोहा, नगीना, मुरादाबाद के लिए पार्टी मजबूत किलेबंदी की तैयारी में है।

महिलाओं को मिलेगी तवज्जो

मोदी सरकार बीते दिनों नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाई थी, जो कि राष्ट्रपति के साइन करते ही कानून बन गया। देश की सभी लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने वाले इस विधेयक को लोकसभा और राज्यसभा ने एकमत होकर मंजूरी दी थी। ऐसे में भाजपा इस अधिनियम को आधार बनाते हुए पहले से ज्यादा महिलाओं को टिकट देगी। यूपी की 80 लोकसभा सीटों में सिर्फ 11 सांसद महिलाएं हैं। यानी कि लोकसभा में यूपी से सिर्फ 14 फीसदी महिलाओं का प्रतिनिधित्व है। ऐसे में भाजपा चाहती है कि इस संख्या में इजाफा हो और अधिक से अधिक महिलाएं सांसद बनकर सदन में पहुंचें।

2019 में भाजपा ने जीती कितनी सीटें

2019 के चुनाव में भाजपा ने दिल्ली की 7 में से 7, राजस्थान की 25 में से 25, गुजरात की 26 में से 26 जीती थी। वहीं, मध्य प्रदेश की 27 में से 26, उत्तर प्रदेश की 80 में से 65, बिहार की 40 में से 39, हरियाणा की 10 में से 9, उत्तराखंड की 4 में से 4, झारखंड की 14 में से 11 और छत्तीसगढ़ की 11 में से 9 सीटें हासिल की थीं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article